Fact Check: क्या किसान आंदोलन के बीच एमएस धोनी गुरुद्वारा गए? लंदन की तस्वीर गलत दावे के साथ वायरल, जानें सच
Fact Check: सोशल मीडिया पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की एक फोटो वायरल हो रही है। तस्वीर के साथ दावा किया जा रहा है कि धोनी किसान आंदोलन के दौरान गुरुद्वारा गए। यह दावा गलत है क्योंकि फोटो साल 2022 की है।
विस्तार
13 फरवरी से किसानों का आंदोलन चल रहा है। इसके बीच सोशल मीडिया पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की एक फोटो खूब वायरल हो रही है। इस तस्वीर में धोनी गुरुद्वारा में दिख रहे हैं। तस्वीर के साथ दावा किया जा गया, 'महेंद्र सिंह धोनी निमंत्रण के बाद राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में नहीं गए, लेकिन वह चल रहे किसान विरोध के दौरान गुरुद्वारा गए। एमएसडी ऐसे व्यक्ति हैं जो अभी भी धर्मनिरपेक्ष मूल्यों को कायम रख रहे हैं।'
इस फोटो को डॉ. नीमो यादव कमेंटरी नाम के एक्स यूजर और खालसा जत्था संगठन के प्रमुख गुरप्रीत सिंह आनंद ने पोस्ट किया है। दोनों वेरिफाइड यूजर हैं।
Mahendra singh Dhoni didn’t go to Ram mandir Pran prathisthan after being invited but he has visited Gurudwara today during ongoing Farmer’s protest.
— Dr Nimo Yadav Commentary (@niiravmodi) February 26, 2024
MSD is a man with spine who is still upholding secular values ❤️ pic.twitter.com/YFvu2LTslj
Mahendra Singh Dhoni at the @khalsajatha. pic.twitter.com/rDGHMHPPXq
— Gurpreet Singh Anand (@ustaadji) February 25, 2024
पूर्व कप्तान की सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर की हमने गहन जांच-पड़ताल की। सबसे पहले हमने खालसा जत्था के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि यह लंदन में स्थित एक गुरुद्वारा है। लंदन के मध्य में स्थित यह गुरुद्वारा 1908 में बना था। इसकी वेबसाइट के अनुसार, यह यूरोप में स्थित पहला गुरुद्वारा है।
यहां से संकेत लेते हुए हमने खालसा जत्था के प्रमुख गुरप्रीत सिंह आनंद की सोशल मीडिया प्रोफाइल खंगाली। सबसे पहले 26 फरवरी 2024 की पोस्ट मिली जिसमें धोनी की तस्वीर साझा की गई थी। हालांकि, कमेंट सेक्शन में कई यूजर ने दावा किया कि फोटो अभी की नहीं है। धोनी के लंदन दौरे पर अधिक जानकारी के लिए हमने अमर उजाला की स्पोर्ट्स टीम से संपर्क किया जहां से जुलाई 2022 में प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के अनुसार, धोनी उस वक्त लंदन में थे। वे भारत और इंग्लैंड के बीच दोनों वनडे देखने पहुंचे थे। इस दौरान धोनी ने कई सितारों से भी मुलाकात की थी। टी-20 सीरीज के दौरान धोनी टीम इंडिया की ड्रेसिंग रूम में भी पहुंचे थे।
पड़ताल को और पुख्ता करने के लिए हमने गुरप्रीत की इंस्टाग्राम प्रोफाइल भी खंगाली। इस दौरान धोनी की एक और तस्वीर मिली जो 17 जुलाई 2022 को पोस्ट की गई थी। जुलाई 2022 की तस्वीर और अभी वायरल हो रही तस्वीर दोनों मिलती-जुलती हैं। इससे पता चलता है कि लंदन में ली गई तस्वीर एक साल से भी ज्यादा पुरानी है।
गुरुद्वारा में धोनी की वायरल तस्वीर हाल की नहीं बल्कि 2022 की है। इसका मौजूदा किसान आंदोलन से कोई लेना-देना नहीं है।