भिवानी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत प्रदेश के तीन कर्मचारियों को हटाए जाने के विरोध में जिला नागरिक अस्पताल में एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। शनिवार को एनएचएम कर्मचारियों ने जिला नागरिक अस्पताल परिसर में धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगे नहीं मानी तो वे इस हड़ताल को आगे भी जारी रखेंगे। अस्पताल में हड़ताल के कारण काफी व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं।
कर्मी हड़ताल पर होने से कार्यालयों व अन्य जगह पर लगे रेगुलर कर्मचारियों पर काम का दबाव आ गया, इस कारण वे भी परेशानी नजर आए। वहीं अस्पताल में पहुंचे मरीज व तीमारदारों को भी काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। शुक्रवार को प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नवीन, बिजेंद्र, विनोद, प्रियव्रत, मंजू, शर्मिला, नवदीप, संदीप ने कहा कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी तो सभी कर्मचारी मिलकर हड़ताल को आगे तक जारी रखेंगे।
उन्होंने मांग की है कि बैंच मार्क सिस्टम किसी भी प्रदेश में नहीं है, इसलिए हरियाणा में भी इसे रद्द किया जाए। सभी एनएचएम कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए। जिलेभर में विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में करीब 500 कर्मचारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत हैं। ऐसे में कर्मचारियों के हड़ताल पर होने से स्कूल हेल्थ और ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों का काम अधिक प्रभावित हुआ है।