भिवानी। भिवानी-चरखी दादरी रोड परगांव हालुवास के पास वीरवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। जिसमें बाइक पर बैठे एक युवक को ट्रक ने कुचल दिया, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाइक पर गांव गौरीपुर से भिवानी आ रहे थे। मृतक नगर परिषद में अनुबंधित कर्मचारी बताया जा रहा है, जबकि घायल युवक भी नगर परिषद में अनुबंधित कर्मचारी है। हादसे की सूचना मिलते ही सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम कराया। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया।
गांव गौरीपुर निवासी नमन गांव के ही 48 वर्षीय धर्मबीर के साथ गांव से बाइक पर वीरवार सुबह आठ बजे भिवानी आ रहा था। नमन ने बताया कि धर्मबीर और वह नगर परिषद भिवानी में अनुबंधित कर्मचारी हैं। दोनों ही बाइक पर कार्यालय आ रहे थे। इसी दौरान जब गांव हालुवास हनुमान मंदिर के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। बाइक पर पीछे बैठा धर्मबीर ट्रक के नीचे आ गया, जबकि इस सड़क हादसे में उसे भी गंभीर चोटें आई। धर्मबीर की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल लाया गया। सदर पुलिस के जांच अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि बाइक चालक के बयान दर्ज कर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
कमेंट
कमेंट X