भिवानी। हरियाणा को एकीकृत जल प्रबंधन और जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट पहल के लिए भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा घोषित छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार-2024 में सर्वश्रेष्ठ राज्य श्रेणी में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। इसी उपलब्धि के लिए प्रदेश की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में सम्मानित किया।
समारोह में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, जल शक्ति एवं रेल राज्य मंत्री वी सोमन्ना, जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी, हरियाणा के सिंचाई विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल तथा इंजीनियर-इन-चीफ डॉ. सतबीर सिंह कादियान भी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय जल पुरस्कार देश के जल प्रबंधन तंत्र में सतत, अनुकरणीय और वैज्ञानिक प्रयासों को मान्यता देने वाला प्रतिष्ठित सम्मान है। हरियाणा का नामांकन सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने फरवरी में भेजा था जिसके बाद मंत्रालय की टीम ने विस्तृत मूल्यांकन कर राज्य के प्रयासों को मानकों पर खरा पाया। प्रदेश की यह उपलब्धि मंत्री श्रुति चौधरी की दूरदर्शी एकीकृत जल संसाधन प्रबंधन अवधारणा, सामुदायिक भागीदारी, वैज्ञानिक योजना और तकनीकी नवाचार के परिणामस्वरूप संभव हुई है। उनके नेतृत्व में जल संरक्षण और जल प्रबंधन के लिए किए गए सतत प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। इस सम्मान पर श्रुति चौधरी ने जल शक्ति मंत्रालय और प्रदेश के सिंचाई विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे हरियाणा की साझा प्रतिबद्धता और टीम वर्क का परिणाम है।