सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Bhiwani News ›   The Supreme Court has ordered the transfer of the acid attack case on a minor in Bhiwani to the Saket court in Delhi

Bhiwani News: नाबालिग पर एसिड अटैक मामले को दिल्ली कोर्ट में स्थानांतरित करने का सुप्रीम आदेश

संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी Updated Tue, 10 Mar 2026 01:21 AM IST
विज्ञापन
The Supreme Court has ordered the transfer of the acid attack case on a minor in Bhiwani to the Saket court in Delhi
सुशील वर्मा
विज्ञापन
भिवानी। सदर पुलिस थाना क्षेत्र के एक गांव में 17 वर्षीय नाबालिग पर तेजाब डालकर हत्या की कोशिश के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पीड़िता की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए आपराधिक मुकदमा दिल्ली की साकेत अदालत में स्थानांतरित करने का आदेश दिया है। अदालत ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में पीड़िता के लिए भिवानी आकर मुकदमे की कार्यवाही में भाग लेना लगभग असंभव है।
Trending Videos


भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ के समक्ष पीड़िता की ओर से पेश अधिवक्ता ने बताया कि घटना में नाबालिग को गंभीर चोटें आई थीं जिनमें आंख को भारी नुकसान भी शामिल है। उसका इलाज दिल्ली के मैक्स अस्पताल और श्रॉफ आई सेंटर में चल रहा है। अधिवक्ता ने यह भी बताया कि पीड़िता अपनी मां को खो चुकी है और उसकी नाजुक स्वास्थ्य स्थिति के कारण भिवानी जाकर सुनवाई में शामिल होना उसके लिए बेहद मुश्किल है।
विज्ञापन
विज्ञापन


इन तथ्यों को ध्यान में रखते हुए अदालत ने कहा कि यदि मुकदमा भिवानी में जारी रहा तो पीड़िता के लिए प्रभावी रूप से कार्यवाही में भाग लेना संभव नहीं होगा। सुनवाई के दौरान पीड़िता की ओर से आरोपियों के परिवार द्वारा दबाव और धमकी दिए जाने की बात भी कही गई। सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि भिवानी सदर थाने में दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा सेशन ट्रायल दिल्ली की साकेत अदालत में स्थानांतरित किया जाए। साथ ही साकेत के प्रधान जिला न्यायाधीश को मामले को शीघ्र उपयुक्त अदालत को सौंपने का निर्देश दिया।

अदालत ने हरियाणा सरकार को आदेश दिया कि आरोपी को भिवानी जेल से दिल्ली की तिहाड़ जेल या किसी अन्य उपयुक्त जेल में स्थानांतरित किया जाए और चार सप्ताह के भीतर इस आदेश का पालन सुनिश्चित किया जाए।



नाबालिग के चेहरे पर तेजाब डाल पिता ने आंगन में बने हौद में फेंक तेज कर दिया टीवी का म्यूजिक

सदर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव में चार अगस्त 2025 को दिल दहला देने वाली घटना हुई थी। जिसमें पिता ने अपनी 17 वर्षीय 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग बेटी पर एसिड अटैक करने के बाद उसे घर के आंगन में बने पानी के हौद में डाल दिया और फिर उसका ढक्कन बंद कर उस पर खुद खड़ा हो गया। बेटी की चिल्लाने की आवाज बाहर न जाए इसके लिए उसने घर के टीवी की आवाज भी तेज कर दी। हालांकि पिता की इस करतूत की भनक पड़ोसी को लग गई। पड़ोसी ने लड़की को पिता के चंगुल से बचाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। मामले में गांव का कोई व्यक्ति कुछ बताने के लिए सामने नहीं आया तो बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य सुशील वर्मा ने इस मामले की शिकायत सात अगस्त को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को दी। मानवाधिकार आयोग के कड़ा संज्ञान लेने के बाद सदर थाना पुलिस हरकत में आई और आठ अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।



बड़ी बहन के साथ हुए घिनौने अपराध का छोटा भाई चश्मदीद गवाह

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग तक मामला पहुंचाने वाले सुशील वर्मा ने बताया कि बड़ी बहन पर एसिड अटैक के मामले में उसका 15 वर्षीय छोटा भाई चश्मदीद गवाह है। भाई नौवीं कक्षा में पढ़ता था और बहन 12वीं की छात्रा थी। पिता की इस घिनौनी करतूत के बाद नाबालिग भाई भी डरा सहमा था। सुशील वर्मा ने कहा कि गांव में कोई भी इस मामले में सामने नहीं आया था। लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद ग्रामीणों से अपील है कि इस मामले में खुलकर सामने आए और पुलिस की मदद कर आरोपी को उसके अंजाम तक पहुंचाएं।



मां की हो चुकी थी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

इस घिनौने अपराध की शिकार पीड़िता की मां की भी कई वर्ष पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी थी। मां की मौत के बाद उसके पिता को इंश्योरेंस का काफी पैसा मिला था। हालांकि उस समय पत्नी की मौत को हादसा बताकर मुआवजा लेने की चर्चाएं भी सामने आई थीं लेकिन कोई शिकायत न होने के कारण मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा।



------------

सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला सराहनीय है। भिवानी में नाबालिग लड़की पर पिता द्वारा एसिड अटैक का यह मामला बहुचर्चित रहा था। इस मामले में बाल कल्याण समिति की तरफ से भी पीड़िता को जो आर्थिक मदद मिलनी चाहिए थी, समय पर नहीं मिली। उसका नाबालिग भाई इस मामले में चश्मदीद है इसलिए उसे भी केस की गंभीरता को देखते हुए संरक्षण मिलना बेहद जरूरी है। - सुशील वर्मा, सदस्य, बाल अधिकार संरक्षण आयोग।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed