एलपीजी की कालाबाजारी पर सख्ती: हरियाणा में 923 सिलिंडर जब्त, 66 लोगों पर आरोप; आठ केस दर्ज
खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेश नागर का कहना है कि एलपीजी की कालाबाजारी को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और जहां भी गड़बड़ी मिलेगी, वहां तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
हरियाणा में एलपीजी की कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। 25 मार्च 2026 तक की रिपोर्ट के अनुसार राज्यभर में कुल 923 गैस सिलिंडर जब्त किए गए हैं। इसके साथ ही 4 वाहनों को भी कब्जे में लिया गया है।
विभाग की कार्रवाई में अब तक 66 लोगों की संलिप्तता सामने आई है और आठ मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है। हालांकि, ज्यादातर जिलों में अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।
गुरुग्राम और फरीदाबाद में सबसे ज्यादा कार्रवाई
रिपोर्ट के मुताबिक गुरुग्राम और फरीदाबाद में सबसे ज्यादा सख्त कार्रवाई देखने को मिली। गुरुग्राम में 110 सिलिंडर और 4 वाहन जब्त किए गए, जबकि फरीदाबाद में 7 एफआईआर दर्ज की गईं और आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया।
झज्जर में सबसे ज्यादा 131 सिलिंडर जब्त हुए, जबकि महेंद्रगढ़ (109), रोहतक (98) और अंबाला (89) में भी बड़ी कार्रवाई हुई है। कुछ जिलों में प्रशासन ने नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी शुरू की है। रेवाड़ी और रोहतक में संबंधित लोगों को नोटिस दिए गए हैं।
कई जिलों में अभी तक मामला दर्ज नहीं
हिसार, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, नूंह और पंचकूला जैसे कई जिलों में सिलिंडर जब्त तो किए गए, लेकिन अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। इससे साफ है कि जांच प्रक्रिया अभी जारी है।