सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Chandigarh-Haryana News ›   Haryana Assembly session committee in every district to resolve pension dispute

हरियाणा विधानसभा सत्र: पेंशन विवाद सुलझाने के लिए हर जिले में कमेटी, अस्पताल व कच्चे कर्मियों के मुद्दे उठे

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: Ankesh Kumar Updated Fri, 06 Mar 2026 07:23 PM IST
विज्ञापन
सार

विधानसभा में शून्यकाल के दौरान विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्र के मुद्दे उठाए। कांग्रेस विधायक रघुवीर तेवतिया ने खराब सड़कों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पलवल व फरीदाबाद क्षेत्र सरकार को सबसे ज्यादा टैक्स देते हैं मगर बुनियादी सुविधाओं पर सरकार का ध्यान नहीं है।

Haryana Assembly session committee in every district to resolve pension dispute
हरियाणा विधानसभा में बजट सत्र के दौरान शून्य काल में बोलते मंत्री विपुल गोयल। - फोटो : अजय वर्मा
विज्ञापन

विस्तार

हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में शुक्रवार को प्रश्नकाल के दौरान विधायक उमेद सिंह व निर्मल सिंह ने बुजुर्गों की पेंशन कटने का मुद्दा उठाया। इस पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि सरकार ने किसी की भी पेंशन नहीं काटी है। पेंशन से जुड़े मुद्दे को सुलझाने के लिए हर जिले में एडीसी की अध्यक्षता में कमेटियों का गठन किया गया है। यदि किसी की पेंशन रुकी या रोकी गई तो वह इस कमेटी से संपर्क कर सकता है। पेंशन संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या जैसे कि आयु सीमा, पीपीपी, निवासी प्रमाण पत्र या कोई और भी हो, अपनी शिकायत इस कमेटी में दे सकते हैं। कमेटी जिला स्तर पर शिकायतों को सुनेगी और विभाग के निदेशक को भेजेगी। उन्होंने सदन को यह भी अवगत कराया कि विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव जी अनुपमा इसकी प्रतिदिन निगरानी कर रही हैं।

Trending Videos

बेदी ने कहा कि हरियाणा में सबसे ज्यादा पेंशन दी जा रही है और पेंशन को लेकर कोई दिक्कत नहीं आ रही। वहीं, महम में बस स्टैंड के निर्माण को लेकर विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि हरियाणा राज्य परिवहन रोहतक के महाप्रबंधक को जिला प्रशासन के साथ परामर्श कर उपयुक्त भूमि के बारे में सुझाव देने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन की ओर से उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराए जाने के बाद महम में नए बस स्टैंड का निर्माण करवाया जाएगा। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने यह जवाब विधायक बलराम दांगी की ओर से पूछे गए एक सवाल के जवाब में दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

विनेश ने दूषित पानी का उठाया मुद्दा, कहा-अधिकारी गलत रिपोर्ट दे रहे

जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने जुलाना और जींद में सीवरेज युक्त दूषित जल ड्रेनों के माध्यम से सुंदर ब्रांच नहर में डाले जाने का मुद्दा उठाया। कहा, पानी में झाग उठ रहा है। मेरे पास इसकी फोटो भी है। इस पर सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि ऐसा तो वहां बिल्कुल नहीं है। इस पर विनेश बाेलीं-मुझे लगता है कि अधिकारी आपको गलत रिपोर्ट देते हैं, इसलिए इस मामले में अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं हो पाई है। हमें इस पर जल्द से जल्द कदम उठाना चाहिए, ताकि पलवल जैसे हालात न बनें। उन्होंने पेयजल एवं सिंचाई मंत्री से सवाल किया कि क्या इसके रोकथाम के लिए सरकार कुछ कदम उठाएगी। बाद में सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने बताया कि वे जरूर इस मामले का संज्ञान लेंगी और जांच कराएंगी।

मुलाना के सुधरेंगे खेल स्टेडियम, गायब रहने वाले कोचों पर होगी कार्रवाई

मुलाना से कांग्रेस विधायक पूजा ने कहा कि उनके क्षेत्र में बने राजीव गांधी खेल परिसरों की बुरी हालत है। लंबी-लंबी घास है। बदहाल हालत में होने के बावजूद स्टेडियम में बच्चे प्रैक्टिस के लिए मजबूर हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन कोचों व चौकीदारों की ड्यूटी है, वह भी समय पर नहीं आते। ताले लगे रहते हैं। इस पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि मुलाना विधानसभा के गांव सरकपुर, मोहरा व साहा स्थित राजीव गांधी खेल परिसर के रखरखाव एवं मरम्मत के लिए खेल विभाग द्वारा 22 लाख 84 हजार रुपये, 25 लाख 3 हजार 200 रुपये और 24 लाख 88 हजार 43 रुपये की राशि लोक निर्माण विभाग को जारी की गई है। इन स्टेडियमों के आधारभूत ढांचे के नवीनीकरण के लिए 25 फरवरी को टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोच व चौकीदार स्टेडियम में नहीं आते हैं तो जांच करके कार्रवाई की जाएगी।

थर्मल प्लांट के विस्थापितों को आज आवंटित होंगे 407 प्लॉट

विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने सदन में बताया कि पानीपत स्थित प्लांट के पास बसे एक गांव के साथ श्री सीमेंट और ऐश डेक भी सटा हुआ है जिसके कारण वहां राख गिरने की समस्या सामने आती है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए उस गांव को शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। सात मार्च को होने वाले कार्यक्रम में 407 प्लॉट आवंटित किए जाएंगे। इनमें प्रभावित परिवारों को स्थानांतरित किया जाएगा। इससे पहले यमुनानगर के विधायक घनश्याम अरोड़ा ने थर्मल पावर प्लांट से हो रहे प्रदूषण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि रतनपुरा गांव बुरी तरह प्रभावित है। कृपया इसे शिफ्ट किया जाए। इसका जवाब देते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि दीनबंधु छोटूराम थर्मल पावर प्लांट में 2×300 मेगावाट क्षमता की दो इकाइयां स्थापित हैं और इनका ऐश हैंडलिंग सिस्टम पूरी तरह से सुचारू रूप से कार्य कर रहा है। यमुनानगर के रतनपुरा गांव से ऐश डेक की दूरी लगभग 8 किलोमीटर है। प्लांट से निकलने वाली राख को पानी में मिलाकर ऐश डेक में डाला जाता है इसलिए इस गांव को शिफ्ट करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। थर्मल पावर प्लांट से निकलने वाली राख के प्रबंधन और उससे संबंधित तकनीकी पहलुओं का अध्ययन करने के लिए तकनीकी अभियंताओं की एक समिति गठित की जाएगी।

स्थानीय युवाओं को रोजगार देने वाली कंपनियों को सवा नौ करोड़ रुपये सब्सिडी दी

सदन में कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने स्थानीय युवाओं को फैक्टरियों में रोजगार देने का मुद्दा उठाया। इस पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि औद्योगिक इकाइयां ग्रुप सी व डी में तकनीकी पदों में लगभग 40 से 50 प्रतिशत तक रोजगार हरियाणा के युवाओं को दे रही है। झज्जर के बादली विधानसभा क्षेत्र में आटोलिव कंपनी में कुल 1045 रोजगार जिनमें से 527 पर हरियाणा के कर्मचारी कार्यरत हैं। डेन्सो में 1120 में से 790, टीसीआई 645 में से 75 तथा अंबर में 1440 में से 335 हरियाणा के निवासी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि स्थानीय युवाओं को रोजगार देने वाले उद्योगों को 48 हजार रुपये प्रति कर्मचारी प्रतिवर्ष रोजगार सब्सिडी दी जाती है। इस साल के बजट में यह राशि बढ़ाकर एक लाख कर दी गई है। उन्होंने बताया कि अब तक हरियाणा के 3054 व्यक्तियों को रोजगार देने वाली 25 कंपनियों को 9,28,12,702 रुपये की रोजगार सृजन सब्सिडी प्रदान की गई है।

विधायकों ने अपने-अपने इलाकों के उठाए मुद्दे
विधानसभा में शून्यकाल के दौरान विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्र के मुद्दे उठाए। कांग्रेस विधायक रघुवीर तेवतिया ने खराब सड़कों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पलवल व फरीदाबाद क्षेत्र सरकार को सबसे ज्यादा टैक्स देते हैं मगर बुनियादी सुविधाओं पर सरकार का ध्यान नहीं है। भारी भरकम ट्रकों के चलने से सड़क बनने के महीने बाद टूट जाती है। सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए।

उकलाना से कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल ने कहा कि उनके इलाके के अस्पतालों का बुरा हाल है। पूरे डॉक्टर नहीं है। छोटी बड़ी दिक्कतों के लिए मरीजों को रेफर कर दिया जाता है। इस इलाके में मेडिकल कॉलेज खुलवाना चाहिए। उकलाना में भी बस स्टैंड बनवाया जाए। उन्होंने किसानों के फसल मुआवजे का भी मुद्दा उठाया। यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने घनी आबादी से गुजरने वाली हाईटेंशन तारों को जल्द से जल्द हटाया जाए। इससे लगातार हादसे हो रहे हैं। यमुनानगर औद्योगिक नगरी है मगर यहां ट्रांसपोर्ट नगर नहीं है। सड़कों पर ट्रक खड़े रहते हैं, जिससे जाम लगने की स्थिति रहती है। गन्ना किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बिजाई से पहले गन्ना का मूल्य तय किया जाए। इसके साथ ही जिला अस्पतालों में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के सभी पद जल्द से जल्द भरे जाएं।

विधायक रामकरण काला ने सफाई कर्मचारियों को पक्का करने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कोई कर्मचारी 18 साल से काम कर रहा है, कोई 12 साल से काम कर रहा है। उनको पक्का नहीं किया गया। कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र में कुछ ऐसे गांव हैं, जो पंजाब से लगते हुए हैं। इसे घग्गर पार का एरिया भी बोलते हैं। इन गांवों में कोई भी जनसुविधा नहीं है। सरकार इन गांव के लोगों को मुख्यधारा में कब लाएगी? इसके अलावा नदियों के किनारों के आसपास मिट्टी की बाड़ लगाई जाए। टोहाना से कांग्रेस विधायक परमवीर ने किसान आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज केसों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा वैसाखी के मौके पर हरियाणा सरकार किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लेने की घोषणा करे।

दो टूट चुके इसलिए टैब पर कागज रखकर न पढ़ें
कार्यवाही के दौरान स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि जो टैब आपकी टेबल पर लगे हैं उन पर आप कागज रखकर न पढ़ें। पिछले दिनों ही दो टैब दवाब के कारण टूट गए हैं, इसलिए आगे से इसका ध्यान रखें।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed