Chandigarh: विधायक गोकुल सेतिया और मंजू चौधरी धरने पर बैठे, भूपेंद्र हुड्डा के क्लीन चिट देने पर उठे
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के पांच विधायकों के क्रास वोटिंग के बाद पार्टी के अंदर खलबली मच गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पांच विधायकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए हाईकमान को पत्र लिख दिया है।
विस्तार
नांगल चौधरी से कांग्रेस विधायक मंजू चौधरी ने कहा कि मेरा नाम सोशल मीडिया पर वोट कैंसिल में वायरल किया जा रहा है, मैं इससे आहत हूं और इसी कारण से गोकुल सेतिया के साथ यहां धरना देने पहुंची हूं।
चौधरी ने कहा कि जिन के वोट कैंसिल हुए और जिन्होंने क्रॉस वोटिंग किया उनके नाम हाई कमान को सार्वजनिक करने चाहिए और उनके खिलाफ सख्त एक्शन लेना चाहिए। उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए। मंजू चौधरी ने कहा कि मेरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा से भी रात को बात हुई थी और उन्होंने कहा था कि मैं भी पार्टी ऑफिस के बाहर पहुंचूंगा।
क्रास वोटिंग करने वाले विधायकों पर कार्रवाई तय
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के पांच विधायकों के क्रास वोटिंग के बाद नारायणगढ़ से कांग्रेस विधायक शैली चौधरी के पति व कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर ने पार्टी की सदस्यता व सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन को भेजे पत्र में उन्होंने फिलहाल इस्तीफा का कारण नहीं लिखा है।
वहीं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मंगलवार को कहा था कि उन्हें पांचों विधायकों के बारे में पता है। शिष्टाचार की वजह से अभी उनका नाम नहीं ले सकता। जब उन पर एक्शन होगा तो तब सबको पता चल जाएगा। इन सभी को खुद ही विधायक पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। ऐसे लोगों को न सिर्फ पार्टी, बल्कि उनके हलके की जनता भी सबक सिखाएगी। इस दौरान पत्रकारों ने सोशल मीडिया पर चल रहे उन पांच विधायकों के नामों का जिक्र करते हुए उनसे आधिकारिक पुष्टि के लिए पूछा तो उन्होंने कहा- मैं न तो इन नाम का खंडन करता हूं और ना यह कहता हूं कि उन्होंने क्रास वोटिंग की है। बाकी आने वाले दो से तीन दिन सब पता चला जाएगा। सोशल मीडिया पर बादली विधायक कुलदीप वत्स का भी नाम चल रहा है, इस पर हुड्डा ने कहा- मैंने खुद कुलदीप वत्स का वोट देखा था। उन्होंने अपना वोट कांग्रेस प्रत्याशी को ही दिया है। उन्होंने कहा- भाजपा ने सरकारी तंत्र का जमकर दुरुपयोग किया गया। कांग्रेस के चार वैध वोट भी रद्द कर दिए गए, जबकि वे वोट रिटर्निंग ऑफिसर ने कई बार स्वीकार भी किए थे।
क्रास वोटिंग पर इन विधायकों के नाम की चर्चा
जिन विधायकों पर क्रास वोटिंग का आरोप लग रहा है, उनमें नारायणगढ़ से विधायक शैली चौधरी, पुन्हाना से विधायक चौधरी इलियास, हथीन से विधायक मोहम्मद इसराइल, सढौरा से विधायक रेणु बाला और रतिया से विधायक जरनैल सिंह का नाम शामिल हैं। इनमें से सिर्फ एक विधायक ने इसका खंडन किया है। चौधरी इसराइल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि राज्य सभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही खबरें पूरी तरह से भ्रामक और बेबुनियाद हैं। इनका सख्ती से खंडन करता हूं। धोखा और दोगलापन न हमारे खून में हैं, न हमारी फितरत में। हम पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के लिए समर्पित और हमेशा रहेंगे। इस बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता गीता भुक्कल ने सार्वजनिक तौर पर इन नामों का उल्लेख कर विवाद को और हवा दे दी है। उन्होंने कहा- इन विधायकों ने वोट डालने के बाद सीएम आवास पर मुलाकात की। यदि इन पर आरोप लग रहे हैं तो इन्हें आरोपों का खंडन भी करना चाहिए। भुक्कल ने विशेष रूप से शैली चौधरी को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि उनके व्यवहार ने सबसे ज्यादा निराश किया। शैली चौधरी पूरे दिन राधे राधे जपती रहीं। मुंह में राम बगल में छूरी वालों ने पार्टी के साथ गद्दारी कर दी।