{"_id":"697c47afa8b3af75290963d3","slug":"doctor-was-caught-conducting-fetal-determination-tests-in-hisar-accused-is-jjp-leader-2026-01-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"बेखाैफ अनंत: कोख में करता रहा बेटियों का कत्ल, 8वींं बार भ्रूण लिंग की जांच करता पकड़ा गया जजपा नेता डॉक्टर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बेखाैफ अनंत: कोख में करता रहा बेटियों का कत्ल, 8वींं बार भ्रूण लिंग की जांच करता पकड़ा गया जजपा नेता डॉक्टर
माई सिटी रिपोर्टर, हिसार
Published by: नवीन दलाल
Updated Fri, 30 Jan 2026 11:24 AM IST
विज्ञापन
सार
डॉ. अनामिका बिश्नोई ने बताया कि आरोपी अनंतराम पर भ्रूण लिंग जांच के 7 केस पहले से ही दर्ज हैं। सूरजमल और प्रिया पर भी दो-दो केस दर्ज हैं। ये लोग जेल से बाहर आने के बाद फिर से यही काम करने लगते हंै। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस टीम ने आरोपियों से क्लिनिक में 5 घंटे तक जांच और पूछताछ की।
जजपा नेता डॉ. अनंतराम बरवाला
- फोटो : संवाद
विज्ञापन
विस्तार
अवैध भ्रूण लिंग जांच व गर्भपात के आरोप में अनंतराम बीते 28 साल में वीरवार को 8वींं बार पकड़ा गया। आरोपी 1999 में पहली बार भ्रूण लिंग जांच करते पकड़ा गया था। प्रैक्टिस का रजिस्ट्रेशन रद्द किया तो उसने कोख में ही बेटियों के कत्ल को पेशा बना लिया। कानून की खामियों और कमजोर सबूतों को ढाल बनाकर वह हर बार जमानत पर रिहा होता रहा है।
Trending Videos
अवैध तरीके से भ्रूण लिंग जांच
कार्यकारी सीएमओ डॉक्टर अनामिका बिश्नोई ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध तरीके से भ्रूण लिंग जांच कर रहे हैं। इसके बाद आरोपियों को पकड़ने का जाल बुना। डिकोय (महिला मरीज) के श्रीबालाजी क्लिनिक पहुंचने के बाद शाम करीब 6 बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम और पुलिस वहां पहुंची।
विज्ञापन
विज्ञापन
क्लिनिक की पहली मंजिल पर बने कमरे में एक गर्भवती महिला का अल्ट्रासाउंड किया जा रहा था। इसके बाद डिकोय का अल्ट्रासाउंड होना था। टीम ने अनंतराम के अलावा वहां मौजूद सूरजमल और प्रिया को पकड़ लिया। मौके से छह मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी (एमटीपी) किट जब्त की गई। दस्तावेज जांच में अल्ट्रासाउंंड मशीन भी गैर पंजीकृत मिली। उसे सील कर दिया है।
जेल से बाहर आकर फिर करने लगता भ्रूण लिंग जांच
डॉ. अनामिका बिश्नोई ने बताया कि आरोपी अनंतराम पर भ्रूण लिंग जांच के 7 केस पहले से ही दर्ज हैं। सूरजमल और प्रिया पर भी दो-दो केस दर्ज हैं। ये लोग जेल से बाहर आने के बाद फिर से यही काम करने लगते हंै। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस टीम ने आरोपियों से क्लिनिक में 5 घंटे तक जांच और पूछताछ की। इसके बाद उन्हें थाने ले जाया गया। इससे पहले जैसे ही टीम क्लिनिक पर पहुंची, वहां लोगों की भीड़ लग गई।
सभी लोग यह जानने को उत्सुक थे कि पुलिस यहां क्यों पहुंची है। पुलिस आरोपियों को पकड़कर जब थाने ले गई तब जाकर भीड़ छंटी। अनंतराम का बरवाला में खुद का जनता अस्पताल है, लेकिन रजिस्ट्रेशन रद्द होने के बाद उसे फिलहाल किराये पर दे रखा है और अलग-अलग शहरों में जाकर छोटी-छोटी गलियों में चलने वाले क्लिनिक में अवैध भ्रूण लिंग जांच और गर्भपात करता है। इसके दो बेटे हैं। एक बेटे का निधन हो चुका है। दूसरा ऑस्ट्रेलिया में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है।