{"_id":"6a45ec3434db6e6a40043bc5","slug":"hisar-police-custody-death-case-sunil-final-moments-captured-on-cctv-judicial-inquiry-intensifies-2026-07-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"हिसार पुलिस कस्टडी मौत मामला: CCTV फुटेज में कैद हुए थे सुनील के आखिरी पल, न्यायिक जांच तेज; आज पोस्टमार्टम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिसार पुलिस कस्टडी मौत मामला: CCTV फुटेज में कैद हुए थे सुनील के आखिरी पल, न्यायिक जांच तेज; आज पोस्टमार्टम
Thu, 02 Jul 2026 10:12 AM IST
Naveen
माई सिटी रिपोर्टर, हिसार (हरियाणा)
माई सिटी रिपोर्टर, हिसार (हरियाणा)
Published by: Naveen
Updated Thu, 02 Jul 2026 10:12 AM IST
सार
एसएचओ विकास ने बताया कि नियमों के अनुसार लॉकअप में पंखा नहीं लगाया जाता। गर्मी को देखते हुए बंदियों के लिए कूलर और पीने के पानी की व्यवस्था की गई थी। मंगलवार शाम मेडिकल जांच के बाद सुनील को लॉकअप में रखा गया था।
विज्ञापन
अर्बन एस्टेट थाना
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अर्बन एस्टेट थाना में पुलिस हिरासत में 30 वर्षीय सुनील की मौत के मामले में न्यायिक जांच तेज हो गई है। जांच के दौरान थाने की सीसीटीवी फुटेज में सुनील मंगलवार रात 2:32 बजे लघुशंका के लिए जाता दिखाई दिया। इसके बाद वह वापस आकर लेट गया। रात 3:36 बजे की फुटेज में वह लेटे-लेटे पैर पटकता और छाती पर हाथ मारता नजर आया। कुछ सेकेंड बाद उसका शरीर शिथिल पड़ गया।
विज्ञापन
मामले की जांच सीजेएम राजीव कुमार की निगरानी में की जा रही है। उन्होंने बुधवार को थाना पहुंचकर लॉकअप का निरीक्षण किया और उस स्थान का जायजा लिया जहां सुनील बंद था। उन्होंने लॉकअप में मौजूद दूसरे हवालाती से भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेकर उसके बयान दर्ज किए। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई और उसे पेन ड्राइव में सुरक्षित कर सील कर दिया गया।
विज्ञापन
सीजेएम ने मृतक की पत्नी संध्या के बयान भी दर्ज किए। न्यायिक जांच की प्रक्रिया लंबी होने के कारण शव को शाम करीब चार बजे बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम भी न्यायिक अधिकारियों की निगरानी में कराया जाएगा, इसलिए बुधवार को यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
विज्ञापन
मछली मार्केट की दुकानें रहीं बंद
सुनील की मौत की सूचना मिलने के बाद बुधवार को मछली मार्केट का वह ब्लॉक बंद रहा जहां उसकी दुकान थी। पड़ोसी दुकानदार राजकुमार ने बताया कि सुनील का व्यवहार ठीक नहीं था। उसकी पत्नी अच्छी कमाई करती थी जबकि वह घर से पैसे चुराकर शराब पीता था। चार दिन पहले भी उसने पत्नी के साथ मारपीट की थी।
कापा लेकर आया था, मुझे मार देता
मृतक की पत्नी संध्या ने बताया कि 26 जून को सुनील ने उसके सिर पर डंडे से हमला किया था जिससे उसे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। उस समय पुलिस को शिकायत दी गई थी लेकिन समझौते के बाद मामला शांत हो गया। संध्या के अनुसार मंगलवार शाम सुनील मीट काटने वाला कापा लेकर आया था और उस पर हमला करने की कोशिश कर रहा था। उसने आरोप लगाया कि पिछले महीने भी सुनील ने उसे छत से धक्का देने का प्रयास किया था। किसी तरह जान बचाकर उसने पुलिस को फोन किया। संध्या ने कहा कि यदि वह पुलिस को सूचना नहीं देती तो सुनील उसे मार डालता।
परिजनों के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम
पुलिस ने सुनील के पैतृक गांव, उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के सिरसा कलां में उसके परिजनों को सूचना दे दी है। परिजन वीरवार को हिसार पहुंचेंगे। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। संध्या ने बताया कि परिवार लंबे समय पहले रोजगार के सिलसिले में गांव छोड़कर बाहर आ गया था।
बच्चों को नहीं पता, सिर से उठ गया पिता का साया
सुनील की छह वर्षीय बेटी और चार वर्षीय बेटा भी अपनी मां के साथ थाने पहुंचे थे। शव करीब आठ घंटे तक थाने में रखा रहा और इस दौरान दोनों बच्चे वहीं खेलते रहे। मासूमों को इस बात का अहसास भी नहीं था कि उनके सिर से पिता का साया उठ चुका है।
लॉकअप में पंखा नहीं लगाया जाता
एसएचओ विकास ने बताया कि नियमों के अनुसार लॉकअप में पंखा नहीं लगाया जाता। गर्मी को देखते हुए बंदियों के लिए कूलर और पीने के पानी की व्यवस्था की गई थी। मंगलवार शाम मेडिकल जांच के बाद सुनील को लॉकअप में रखा गया था। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा। मामले की न्यायिक जांच चल रही है, इसलिए अब पुलिस इसकी जांच नहीं कर रही है।