जींद में होली के रंग बनाने वाली फैक्टरी में भीषण आग: पांच महिलाओं की मौत, गंभीर घायलों को पानीपत किया रेफर
हरियाणा के जिंद जिले में शनिवार को बड़ा हादसा पेश आया। यहां सफीदों में होली के रंग बनाने वाली एक फैक्टरी में भीषण आग लग गई। इस हादसे में पांच महिलाओं की मौत हो गई।
विस्तार
सफीदों में होली के रंग बनाने वाली एक फैक्टरी में भीषण आग लग गई। इस हादसे में पांच महिलाओं की झुलसकर मौत हो गई। कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार, फैक्टरी में लगभग 30 मजदूर काम कर रहे थे। साथ ही बताया जा रहा है कि गंभीर घायलों को पानीपत सिविल अस्पताल भेजा गया है। वहीं, मजदूरों ने बताया कि हादसे के समय कंपनी में बाहर की तरफ ताला लगा हुआ था कोई भी मजदूर भागने नहीं पाया।
घायलों को दो एंबुलेंस की सहायता से जींद नागरिक अस्पताल लाया गया। पहली एंबुलेंस से तीन घायलों को अस्पताल लाया गया। इनमें सफीदों निवासी रानी (45) पत्नी अनिल कुमार, जगबीर (40) पुत्र चंद्रभान निवासी आदर्श कॉलोनी सफीदों तथा पवन कुमार (30) पुत्र बालवीर निवासी निसंग, जिला करनाल शामिल हैं। वहीं जगबीर और पवन कुमार को भी उपचार के लिए भर्ती किया गया है।
इसके अलावा सफीदों से ही कश्मीरी (39) पत्नी लाभ सिंह निवासी शिव कॉलोनी तथा कमलेश (54) पत्नी रमेश निवासी गीता कॉलोनी को भी झुलसने की हालत में नागरिक अस्पताल जींद लाया गया। एक अन्य घायल बिमला (60) पत्नी सत कुमार निवासी सफीदों को भी उपचार के लिए नागरिक अस्पताल जींद पहुंचाया गया।
1. पुजा वासी वार्ड नंबर 13 सफीदो
2. उषा पत्नी जगदीश वासी आदर्श कालोनी सफीदो
3. पिंकी पत्नी बाबू वासी सिंघपुरा
4. गुडडी वासी सफीदो
फिलहाल एक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं, मृतक के परिजनों ने सफीदों में सड़क जाम करने की धमकी दी थी, इसके बाद डीसी और एसपी ने मृतक के परिजनों को उचित कार्रवाई व मुआवजे का आश्वासन देकर शांत किया।