फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jammu and Kashmir ›   Jammu News ›   Dispute over parking; youths in a car pelt stones at a Srinagar-bound bus

करनाल में ढाबा पर खड़ी थी बस: पार्किंग पर हुआ विवाद, कार सवार युवकों ने श्रीनगर की बस पर किया पथराव

Mon, 19 Oct 2026 02:49 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, करनाल/श्रीनगर
अमर उजाला नेटवर्क, करनाल/श्रीनगर Published by: अमर उजाला ब्यूरो Updated Mon, 19 Oct 2026 02:49 AM IST
सार

मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रविवार को जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्लाह ने एक्स पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से कार्रवाई की मांग की। एक्स पर इस प्रतिक्रिया के बाद करनाल पुलिस हरकत में आई। रविवार की दोपहर को थाना बुटाना पुलिस ने दो आरोपी करनाल के मोहित और सावन को हिरासत में ले लिया।

विज्ञापन
Dispute over parking; youths in a car pelt stones at a Srinagar-bound bus
पथराव के बाद बस के टूटे शीशे संवाद

विस्तार

दिल्ली से श्रीनगर जा रही जम्मू-कश्मीर नंबर की टूरिस्ट बस पर शनिवार की रात को हरियाणा के करनाल में नीलोखेड़ी के डिवाइन स्टार ढाबे पर कुछ युवकों ने पथराव कर दिया। पार्किंग में बस के कार को छू जाने पर विवाद हुआ। युवकों की ओर से बरसाए गए ईंट और पत्थरों से बस के शीशे, बैक लाइट और नंबर प्लेट भी क्षतिग्रस्त हुए। एक यात्री भी घायल हो गया।

विज्ञापन


मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रविवार को जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्लाह ने एक्स पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से कार्रवाई की मांग की। एक्स पर इस प्रतिक्रिया के बाद करनाल पुलिस हरकत में आई। रविवार की दोपहर को थाना बुटाना पुलिस ने दो आरोपी करनाल के मोहित और सावन को हिरासत में ले लिया। उनकी कार को भी कब्जे में लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई।
विज्ञापन


थाना प्रभारी बोले, दोनों पक्षों में रात को हुआ था समझौता
बुटाना थाना के प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि झगड़े की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। वहां सफेद मारुति बलेनो कार के चालक मोहित और साथी सावन मौजूद थे। उस समय दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। आपसी समझौता होने की बात सामने आई थी, जिसके बाद बस श्रीनगर के लिए रवाना हो गई। बाद में डिवाइन स्टार होटल/ढाबे के प्रबंधक की ओर से शिकायत दी गई। इस आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत और कार को कब्जे में लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


वीडियो वायरल, युवक बोला- टक्कर नहीं हुई
घटना के बाद सोशल मीडिया पर बस के टूटे शीशों का वीडियो प्रसारित हुआ। वीडियो में एक युवक ने दावा किया कि बस की किसी कार से टक्कर नहीं हुई थी, फिर भी उस पर पथराव किया गया। युवक ने बस के कई शीशे और पैनल टूटने, एक बुजुर्ग यात्री की नाक पर चोट लगने और बस की नंबर प्लेट तोड़े जाने का भी आरोप लगाया। उसने मौके पर सहयोग नहीं मिलने की बात भी कही। हालांकि, इन दावों की पुष्टि नहीं हुई है।

सीएम उमर अब्दुल्ला ने लिखा- पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी कदम उठाए सरकार
बस पर पथराव की घटना सामने आने के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर रविवार सुबह प्रतिक्रिया दी। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा पुलिस से आरोपियों को पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी कदम उठाए जाएंगे।

पार्किंग विवाद में दो गिरफ्तार, उमर को सैनी का जवाब
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की सोशल मीडिया पोस्ट के जवाब में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में हर नागरिक और आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सैनी ने एक्स पर लिखा कि मामले में हरियाणा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाद दो वाहन चालकों के बीच पार्किंग को लेकर हुआ था। मामले में एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


हेट क्राइम का पहलू नहीं : एसपी
शुरुआती जांच में यह घटना बस और कार चालकों के बीच पार्किंग को लेकर हुए विवाद का परिणाम थी। शनिवार की रात करीब 10 बजे ढाबे की पार्किंग में बस और कार चालकों के बीच विवाद हुआ था। दोनों आरोपी युवकों को हिरासत में लिया हुआ है। जांच में अभी तक किसी राज्य या क्षेत्र विशेष के लोगों के प्रति नफरत अथवा वैमनस्य से जुड़ा हेट क्राइम का पहलू सामने नहीं आया है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। - करन गोयल, एसपी, करनाल

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed