नारनौल। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत हरियाणा के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. राम बाबू यादव ने जिला प्रवास के दौरान नारनौल में जिला टीम एवं शाखा इकाई के साथ बैठक की। कोषाध्यक्ष सोमदेव जांगिड़ एवं जिला सचिव दिनेश शर्मा ने बताया कि बैठक में संगठन के विस्तार, ग्राहक प्रबोधन एवं उपभोक्ता संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. यादव ने कहा कि ग्राहक पंचायत का मुख्य उद्देश्य आम उपभोक्ता को उसके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उसे सशक्त बनाना है। इसके लिए प्रदेशभर में निरंतर प्रवास, जनजागरण कार्यक्रम एवं प्रशिक्षण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने जिला एवं शाखा स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित करने, नई कार्यकारिणी के गठन तथा सदस्यता अभियान को गति देने पर विशेष बल दिया।
इस अवसर पर उपस्थित जिला अध्यक्ष डॉ दिनेश शर्मा, जिला समन्वयक डॉ संजय शर्मा, जिला सचिव दिनेश कुमार, नारनौल शाखा के अध्यक्ष पवन यादव, शाखा सचिव पवन अरोड़ा, धीरज भयाना, नरोत्तम सोनी, ओशीन शुक्ला, प्रशांत गुप्ता, यशपाल यादव आदि पदाधिकारियों ने संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को ग्राहक पंचायत से जोड़ने का संकल्प लिया।