{"_id":"6a7a9ddfc812432f3a076e5f","slug":"sawan-shivratri-chants-of-har-har-mahadev-echoed-in-panipat-kurukshetra-and-jhajjar-2026-08-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"सावन शिवरात्रि: पानीपत, कुरुक्षेत्र और झज्जर में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लगी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सावन शिवरात्रि: पानीपत, कुरुक्षेत्र और झज्जर में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लगी
Tue, 11 Aug 2026 09:28 AM IST
Naveen
अमर उजाला नेटवर्क, हरियाणा
अमर उजाला नेटवर्क, हरियाणा
Published by: Naveen
Updated Tue, 11 Aug 2026 09:28 AM IST
सार
धर्मनगरी शिवमय हो उठी। शहर में स्थित स्थानेश्वर महादेव मंदिर, दुख भंजन महादेव मंदिर और संगमेश्वर महादेव मंदिर सहित सभी प्रमुख शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ा। भक्त आधी रात से ही यहां आना शुरू हो गए थे।
विज्ञापन
जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सावन मास की शिवरात्रि पर्व पर मंगलवार को पानीपत, कुरुक्षेत्र और झज्जर सहित कई क्षेत्रों के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। तड़के से ही मंदिरों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। कांवड़ियों और स्थानीय भक्तों में शिवरात्रि को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
विज्ञापन
पवित्र नदियों से जल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने भक्ति भाव के साथ अनुशासित तरीके से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। भक्तों ने जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और फल अर्पित कर महादेव की पूजा-अर्चना की। उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। राधा कृष्ण मंदिर दत्ता कॉलोनी के पुजारी भगवत शर्मा ने बताया कि शिवरात्रि का दिन भगवान आशुतोष की कृपा प्राप्त करने के लिए अत्यंत फलदायी है। भोर में मंगला आरती के साथ ही मंदिरों में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। यह सिलसिला दोपहर तक निर्बाध रूप से जारी रहा। मंदिर समितियों ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कतारबद्ध दर्शन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। कई स्थानों पर वालंटियर भी लगाए गए थे ताकि व्यवस्था बनी रहे।
विज्ञापन
पानीपत में शिवरात्रि
भादौड़ गांव स्थित प्रगतेश्वर महादेव मंदिर, प्राचीन देवी मंदिर और श्री सनातन धर्म मंदिर मॉडल टाउन में सुबह से ही भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा कर महादेव का आशीर्वाद लिया। पूरा क्षेत्र शिव भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। मंदिर परिसरों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। भक्तों ने सुगमता से जलाभिषेक किया।
विज्ञापन
कुरुक्षेत्र में भक्तिमय माहौल
धर्मनगरी शिवमय हो उठी। शहर में स्थित स्थानेश्वर महादेव मंदिर, दुख भंजन महादेव मंदिर और संगमेश्वर महादेव मंदिर सहित सभी प्रमुख शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ा। गांव अरुण स्थित संगमेश्वर महादेव मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना थी। भक्त आधी रात से ही यहां आना शुरू हो गए थे। शिव शक्ति मंडल के प्रधान एमके मुद्गल ने भी शिवरात्रि के महत्व पर प्रकाश डाला।
झज्जर में कांवड़ियों का उत्साह
हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटे कांवड़ियों ने झज्जर के मंदिरों में जलाभिषेक किया। श्रद्धालु हरिद्वार से झूला कांवड़, खड़ी कांवड़ और बग्गी वाली कांवड़ सहित विभिन्न प्रकार की कांवड़ लेकर पहुंचे थे। डाक कांवड़ लेकर आने वाले शिव भक्त डीजे पर बज रहे भजनों के साथ मंदिरों तक पहुंचे। शिव मंदिर बेरी गेट, रोहतक रोड स्थित बाईपास शिव मंदिर और आर्य नगर शिव मंदिर सहित शहर के कई मंदिरों में कतारें लगी रहीं। स्थानीय श्रद्धालुओं और स्कूली बच्चों ने भी स्कूल जाने से पहले मंदिरों में जलाभिषेक कर आशीर्वाद लिया। सुबह के समय मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से चारों तरफ शिव भजनों और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।