Rohtak: अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शीलू बल्हारा पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप, चार के खिलाफ FIR दर्ज
पिता सुखबीर ने पुलिस को बताया कि करीब 15 दिन पहले मुस्कान रुठ कर घर आई हुई थी। उन्होंने उसे शीलू व उनके पिता सुरेंद्र के साथ समझाकर भेज दिया था। अब महसूस हो रहा है कि अगर बेटी की बात मान लेता तो वह जिन्दा होती।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान बल्हारा के सुसाइड मामले में नया मोड़ आ गया है। शुक्रवार रात दो बजे मुस्कान के पिता फरमाणा गांव निवासी सुखबीर ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया। साथ ही शीलू के दूसरी लड़कियों से अवैध संबंध हैं। इसका पता उसे लग गया था। हालांकि आरोपी पक्ष ने इस तरह के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। बहुअकबरपुर थाना पुलिस ने शीलू उर्फ टिंकू बल्हारा, पिता सुरेंद्र बल्हारा, मां निशा व भाई मनीष के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने की एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में महम चौबीसी के गांव फरमाणा गांव निवासी सुखबीर ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी मुस्कान की शादी दिसंबर 2023 में बहुअकबरपुर निवासी टिंकू (शीलु) बल्हारा के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही टिंकु व उनके परिवार के लोग मुस्कान को दहेज कम लाने के ताने देने लगे। बेटी को बोलते थे कि शीलू तुम्हारे लेवल से बहुत ऊपर है। वह कबड्डी का अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी है। परिवार का प्रताड़ित करने की सिलसिला चलता रहा। उन्होंने कर्ज लेकर एक डिमांड पूरी की। प्रताड़ना जारी रहने पर व्यक्तिगत व पंचायती तौर पर शीलू व उसके परिवार को समझाया। बेटे होने पर पीलिया में डिमांड पूरी करने के बावजूद मुस्कान को तंग व जलील करने का सिलसिला जारी रहा।
मुस्कान को पता लग गया था शीलू के लड़कियों से अवैध संबंध, आरोपी पक्ष का इंकार
मृतका के पिता का आरोप है कि मुस्कान को पता लग गया था कि शीलू के अवैध संबंध हैं। सबूत भी उसके हाथ लग गये थे। इसके कारण शीलू व उनका परिवार इतने डर गए थे कि मुस्कान को जान से मारने तक की धमकी देने लग गये थे। मुस्कान को डराते थे कि अगर तूने ये सब बातें बाहर किसी को बताई या दिखाई तो तुझे जान से मार देंगे। कई बार झगड़ों के कारण मुस्कान मायके में रहती थी। आरोप है कि शीलू हमेशा मुस्कान को नीचा दिखाता, धमकाता व मारता था। इसके बावजूद वे मुस्कान को समझाकर ससुराल भेज देते थे। गलत संबंधों के कारण मुस्कान व शीलू का झगड़ा रहता था। मुस्कान ने कई बार मुझे बताया कि शीलू मुझे छोड़ने व तलाक देने को कहता है। उधर, आरोपी पक्ष इस तरह के आरोपों को पुलिस के सामने बेबुनियाद बता रहा है।
15 दिन पहले बेटी को ससुराल नहीं भेजा तो बच जाती जान
पिता सुखबीर ने पुलिस को बताया कि करीब 15 दिन पहले मुस्कान रुठ कर घर आई हुई थी। उन्होंने उसे शीलू व उनके पिता सुरेंद्र के साथ समझाकर भेज दिया था। अब महसूस हो रहा है कि अगर बेटी की बात मान लेता तो वह जिन्दा होती। शुक्रवार को मुस्कान ने कॉल करके बताया था कि शीलू व उनके परिवार के लोग उसे मारने की साजिश रच रहे हैं। मुस्कान से दोबारा फोन से बात न होने के कारण वह परिवार के लोगों के साथ फरमाणा से बहुअकबरपुर पहुंचा। घर पर पुलिस प्रशासन को देखकर उसे अनहोनी की आशंका हुई। मुस्कान का शव चारपाई पर मिला। वह शीलू के पास गया और बोला बेटा वहीं काम कर दिया, जो तुम चाहते थे। मुस्कान के पिता का आरोप है कि उसकी बेटी की हत्या की गई है।
मृतका मुस्कान के पिता फरमाणा गांव निवासी सुखबीर के बयान पर पति बहुअकबरपुर निवासी टिंकू उर्फ शीलू, पिता सुरेंद्र, मां निशा व भाई मनीष के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने (दहेज मृत्यु) बीएनएस 80 व साजिश में शामिल होने की धारा 3 (5) के तहत एफआईआर दर्ज की है। पोस्टमार्टम के बाद मामले में आरोपी पक्ष से पूछताछ की जाएगी। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। -इंस्पेक्टर जसबीर सिंह, प्रभारी थाना बहुअकबरपुर