संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। राजकीय महाविद्यालय झंडूता में सत्र 2026-27 के तहत रेड रिबन क्लब का प्रथम ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य प्रो. सतीश चंदेल ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों को रेड रिबन क्लब की गतिविधियों, उद्देश्यों तथा एचआईवी/एड्स जागरूकता, स्वैच्छिक रक्तदान और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से परिचित कराना था। रेड रिबन क्लब का मुख्य लक्ष्य युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति वैज्ञानिक जानकारी का प्रसार करना, भ्रांतियों को दूर करना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। क्लब प्रभारी प्रो. अर्चना शर्मा ने विद्यार्थियों को बताया कि रेड रिबन क्लब के माध्यम से वर्षभर जागरूकता अभियान, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिताएं, व्याख्यान, रैलियां, नुक्कड़ नाटक, स्वैच्छिक रक्तदान जागरूकता और विभिन्न जनहित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। विद्यार्थियों से इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।