HPBOSE: 10वीं-12वीं के 377 छात्रों को स्पेशल चांस, सप्लीमेंट्री परीक्षा का मिलेगा मौका
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं और 12वीं के 377 विद्यार्थियों को विशेष राहत दी है। पुनर्मूल्यांकन के बाद जिन छात्रों का परिणाम फेल से कंपार्टमेंट या एसेंशियल इम्प्रूवमेंट में बदला, उन्हें अब विशेष सप्लीमेंट्री परीक्षा देने का अवसर मिलेगा। बोर्ड जल्द ही आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा कार्यक्रम जारी करेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं और 12वीं कक्षा के 377 विद्यार्थियों को पास होने का विशेष मौका देगा। मार्च की बोर्ड परीक्षाओं में फेल हुए जिन छात्रों का परिणाम पुनर्मूल्यांकन व पुनर्निरीक्षण के बाद कंपार्टमेंट या एसेंशियल इम्प्रूवमेंट में बदला है, उन्हें सप्लीमेंट्री परीक्षा के लिए वन टाइम स्पेशल चांस दिया जाएगा।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि मार्च की नियमित परीक्षाओं के बाद कई विद्यार्थियों ने पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया था। संशोधित परिणाम में मैट्रिक (10वीं) के 222 और जमा दो (12वीं) के 155 परीक्षार्थियों का परिणाम कंपार्टमेंट श्रेणी में आ गया। हालांकि, जब तक यह परिणाम घोषित हुआ, तब तक जुलाई की अनुपूरक परीक्षाएं संपन्न हो चुकी थीं।
परिणाम देरी से आने के कारण ये छात्र जुलाई की परीक्षा में बैठने से चूक गए थे और उनका पूरा साल खराब होने की नौबत आ गई थी। छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने यह विशेष मौका देने का निर्णय लिया है। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा की तिथियों की अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने बी फार्मेसी (लेटरल एंट्री), बीटेक (लेटरल एंट्री) की पहले चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग की 285 सीटें आवंटित की हैं। बीटेक में 153 और बी फार्मेसी में 132 सीटें हैं। बीटेक व बी फार्मेसी में सीटों का आवंटन डिप्लोमा की मेरिट के आधार पर किया गया है। इसके अलावा बी आर्क, एमटेक (सभी विषय) के नए सत्र में प्रवेश के लिए भी पहले चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग हुई, जिसमें बी आर्क की 21 सीटें और एमटेक में 19 सीटें आवंटित की गईं।
एमबीए और एमसीए के तीसरे चरण की काउंसलिंग में 137 सीटें मेरिट के आधार आवंटित की गईं। एमसीए की 76 और एमबीए 61 सीटें शामिल हैं। विवि के अधिष्ठाता शैक्षणिक डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि काउंसलिंग ऑनलाइन माध्यम से हुई है। जिन्हें सीटें आवंटित हुई हैं, उन्हें संबंधित शिक्षण संस्थान में 31 जुलाई शाम पांच बजे तक रिपोर्ट करनी होगी।