हिमाचल: नशा तस्करों पर सोलन पुलिस का वार, 68.16 लाख की काली कमाई फ्रीज
परवाणू में पकड़े गए चिट्टा तस्करी के एक मामले में पुलिस ने नशा तस्करी की काली कमाई से अर्जित करीब 68.16 लाख रुपये की बैंक जमा राशि को कानूनन फ्रीज कर दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नशा माफिया के खिलाफ छेड़े गए महाअभियान में जिला पुलिस सोलन को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। परवाणू में पकड़े गए चिट्टा तस्करी के एक मामले में पुलिस ने नशा तस्करी की काली कमाई से अर्जित करीब 68.16 लाख रुपये की बैंक जमा राशि को कानूनन फ्रीज कर दिया है। पुलिस के अनुसार 12 अप्रैल को परवाणू पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना पर हाईवे पर स्थित एक निजी होटल के पास विशेष नाका लगाया था। शिमला-सोलन की तरफ आ रही एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें सवार दो युवकों के कब्जे से 11.45 ग्राम चिट्टा और 3.56 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद किया था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर परवाणू थाना में एफआईआर दर्ज की। इसमें पुलिस ने पंकज राज निवासी नारायणगढ़ और सिद्धांत गुप्ता निवासी हुडा कॉलोनी, नारायणगढ़ जिला अंबाला हरियाणा को गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जब आरोपियों के मोबाइल, डिजिटल वॉलेट और बैंक खातों का तकनीकी व वैज्ञानिक विश्लेषण किया, तो बड़ा खुलासा हुआ। आरोपी पंकज राज ने नशे की खेप खरीदने के लिए अंबाला कैंट के मुख्य सप्लायर अमन कुमार को अलग-अलग तारीखों पर ऑनलाइन माध्यम से 1,02,000 का भुगतान किया था। इस पुख्ता वित्तीय संबंध के सामने आते ही सोलन पुलिस की टीम ने 15 अप्रैल 2026 को मुख्य ड्रग सप्लायर अमन कुमार निवासी सुभाष पार्क अंबाला छावनी को बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों की फिक्स्ड डिपॉजिट्स और सभी बैंक खातों की जांच की। जांच में सामने आया कि आरोपियों के खातों में जमा रकम उनकी वैध आय के मुकाबले कहीं ज्यादा और असंगत थी। इसमें आरोपी पंकज के पास 67,55,583.02 रुपये और सप्लायर अमन के पास 60,938.17 रुपये पाए गए। इस पर पुलिस ने 68.16 लाख रुपये फ्रीज किए।
चार राज्यों में फैला था नेटवर्क, मुख्य सप्लायर पर पहले भी दो केस
तफ्तीश में सामने आया है कि इस गैंग के तार सोलन व शिमला, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। मुख्य सप्लायर अमन पहले से ही पुलिस के रडार पर था और वह शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ पहले भी परवाणू में 2023) और अंबाला सदर थाना में 2024 में एनडीपीएस एक्ट के दो संगीन मामले दर्ज हैं।
सोलन पुलिस नशा तस्करों की कमर तोड़ने के लिए उनके वित्तीय स्रोतों पर सीधा प्रहार कर रही है। नशे की कमाई से बनाई गई चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों और निवेशों को फ्रीज व कुर्क करने की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। आम जनता से अपील है कि नशे के कारोबार से जुड़ी जानकारी पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा। -टीएसडी वर्मा,पुलिस अधीक्षक, सोलन