कुल्लू। बारिश के कारण रामपुर-आनी-छतरी-करसोग मार्ग राणाबाग के पास भूस्खलन के चलते बाधित हो गया है। इससे कुल्लू, मंडी जिलों का संपर्क कट गया है। साथ ही रघुपुर घाटी के लोगों का संपर्क भी उपमंडल मुख्यालय से कट गया है। लोगों को कई किलोमीटर तक पैदल चलकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
राणाबाग के पास पहाड़ी से लगातार भूस्खलन का क्रम जारी है। शवाड़-राणाबाग सड़क न केवल मंडी जिले के छतरी और करसोग को जोड़ती है, बल्कि रघुपुर घाटी जाने वाली बसों के पहिये भी थम गए हैं। बताया जा रहा है कि इस सड़क के बंद होने से शुक्रवार को लगभग 10 से 12 बसों के रूट अवरुद्ध रहे।
अगले दो दिन अवकाश होने से कई सरकारी कर्मचारी और स्कूल-कॉलेज में पढ़ने पर विद्यार्थियों को पैदल ही घर आना पड़ा। कुछ लोगों ने अपने घर आने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया। सागर दास, मोहन लाल, तिलक राज, मेहर चंद, पूर्ण चंद तथा मोहर सिंह ने कहा कि उन्हें राणाबाग से पैदल ही घर आना पड़ा है। राणाबाग में बरसात के दिनों में करीब 200 मीटर सड़क का दायरा प्रभावित हुआ है। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मनीष कुमार ने कहा कि राणाबाग में सड़क पर डंगे लगाने का काम चला है लेकिन बारिश से भूस्खलन होने से सड़क अवरुद्ध हो गई है। संवाद