सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट की भांबला पंचायत स्थित टिकरी सध्वाणी बतैल के पंप हाउस में चोरों ने ताले तोड़कर तांबे के तारों और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस वारदात के कारण पिछले चार दिन से टिकरी, सध्वाणी, डली, कुम्हारडा और पालग गांवों की पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप पड़ी है।
जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता दीपक वर्मा और कनिष्ठ अभियंता अमरीश कुमार ने बताया कि इससे पहले भी चोर तीन-चार बार बाहर से तार चुरा चुके हैं जिन्हें विभाग ने दुरुस्त करवाया था। हालांकि, इस बार चोरों ने पंप हाउस के ताले तोड़कर अंदर से पूरा सिस्टम ही ध्वस्त कर दिया। घटना का खुलासा तब हुआ, जब पंप ऑपरेटर मोटर चलाने पहुंचा। स्थानीय ग्रामीणों और उप प्रधान राकेश कुमार ने विभाग से जल्द पेयजल व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने बल्द्वाड़ा थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। डीएसपी संजीव कुमार गौतम ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।