संवाद न्यूज एजेंसी जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर में रंगड़ों के हमले से 90 वर्षीय बुजुर्ग समेत तीन लोग घायल हो गए हैं, जिनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। तीनों घायलों को उपचार के लिए जोगिंद्रनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
यह घटना शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर मसौली पंचायत के बनाई हार गांव में हुई। बुधवार सुबह लगभग 11 बजे बनाई हार निवासी 90 वर्षीय अमर सिंह अपने परिवार के सदस्यों और कुछ कामगारों के साथ गेहूं की फसल काट रहे थे, तभी रंगड़ों के एक बड़े झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले की चपेट में तीन लोग आ गए, जबकि अन्य लोग मौके से भागकर सुरक्षित निकलने में सफल रहे। हमले में घायल अमर सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा जलपेहड़ निवासी 52 वर्षीय श्रीपत और मझवाड़ निवासी राम दास के शरीर के कई हिस्सों में घाव आए हैं। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर की आपात सेवाओं में तैनात डॉ. प्रियंका ने तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार दिया।
वहीं, तहसीलदार जोगिंद्रनगर रजत सेठी ने बताया कि बनाई हार में गेहूं की फसल काटने के दौरान रंगड़ों के हमले में तीन लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि फील्ड रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जोगिंद्रनगर में रंगड़ों के हमले में घायल बुजुर्ग। स्त्रोत- जागरूक पाठक