Bilaspur: घुमारवीं बीडीसी में सत्ता बंटी: अध्यक्ष कांग्रेस का, उपाध्यक्ष भाजपा के खाते में
बिलासपुर जिले के घुमारवीं विकासखंड कार्यालय में गुरुवार को ब्लॉक विकास समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदलते नजर आए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं विकासखंड कार्यालय में गुरुवार को ब्लॉक विकास समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदलते नजर आए। अध्यक्ष पद कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के खाते में गया, जबकि उपाध्यक्ष पद पर भाजपा ने जीत हासिल कर सत्ता का संतुलन अपने पक्ष में कर लिया। चुनाव परिणाम ने दोनों दलों के बहुमत के दावों की हवा निकाल दी और मतदान में हुई क्रॉस वोटिंग पूरे चुनाव की सबसे बड़ी चर्चा बन गई।
अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित घंडालवीं वार्ड से निर्वाचित उषा देवी और भाजपा समर्थित हम्बोट वार्ड की नरेश धीमान आमने-सामने थीं। कुल 34 बीडीसी सदस्यों ने मतदान किया, जिसमें उषा देवी को 18 और नरेश धीमान को 16 मत मिले। दो मतों के अंतर से उषा देवी अध्यक्ष निर्वाचित घोषित की गईं। इसके बाद उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ। भाजपा ने तल्याणा वार्ड से निर्वाचित रमेश कुमार को उम्मीदवार बनाया, जबकि कांग्रेस ने ननावां वार्ड से निर्वाचित मेहर सिंह को मैदान में उतारा। इस मुकाबले में भाजपा के रमेश कुमार को 21 और कांग्रेस के मेहर सिंह को 13 मत मिले। आठ मतों के स्पष्ट अंतर से रमेश कुमार उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।
भाजपा के रूप लाल ठाकुर बने स्वारघाट बीडीसी अध्यक्ष, कमला देवी उपाध्यक्ष
ब्लॉक समिति स्वारघाट में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा ने दोनों प्रमुख पदों पर जीत दर्ज कर अपना परचम फहरा दिया। अध्यक्ष पद पर टाली वार्ड से निर्वाचित रूप लाल ठाकुर, अध्यक्ष पद पर मंडयाली वार्ड से चुनी गई कमला देवी विजयी रहीं। 15 सदस्यीय पंचायत समिति में हुए चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए रूप लाल ठाकुर को 15 में से 9 मत मिले, जबकि कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी को 6 मत प्राप्त हुए। वहीं उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कमला देवी को भी 9 मत हासिल हुए। कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी को 5 मत मिले, जबकि एक मत निरस्त हो गया। भाजपा समर्थित दोनों प्रत्याशियों की जीत के साथ ब्लॉक समिति में पार्टी की मजबूत पकड़ एक बार फिर सामने आई है। चुनाव परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई और नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का स्वागत कर उन्हें बधाई दी।