सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Rampur Bushahar News ›   Various issues concerning the Rampur Assembly constituency were raised during the meeting of the Public Grievance Redressal Committee

Rampur Bushahar News: रामपुर में सड़कों को किया जाए दुरुस्त, परिवहन स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था में भी हो सुधार

Shimla Bureau शिमला ब्यूरो
Updated Tue, 16 Jun 2026 11:19 PM IST
विज्ञापन
Various issues concerning the Rampur Assembly constituency were raised during the meeting of the Public Grievance Redressal Committee
जन शिकायत निवारण समिति की बैठक में रामपुर विधान सभा की विभिन्न समस्याओं पर हुआ मंथन। स्रोत : डी
विज्ञापन
.जन शिकायत निवारण समिति की बैठक में रामपुर विस क्षेत्र के विभिन्न मुद्दे उठे

. जनसमस्याओं के निपटारे के लिए शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी

रामपुर बुशहर।
शिमला में आयोजित हुई जन शिकायत निवारण समिति की बैठक में रामपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े मुद्दे उठे। समिति के सदस्यों ने रामपुर की सड़कों, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पशु पालन और कचरा प्रबंधन जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और समाधान की मांग की। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान को लेकर धरातल पर उतरकर कार्य करने के निर्देश दिए। जन शिकायत निवारण समिति की बैठक में जिले की विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि रामपुर के दूरदराज के गांवों लैलन, कुमसू और बड़ाच जैसे क्षेत्रों के लिए चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की अधिकतर बसें पुरानी और खटारा हैं, जो आधे रास्ते में खराब हो जाती हैं। समय-सारिणी का भी सही से पालन नहीं होता है। ऐसे में हजारों ग्रामीण, स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी परेशानी झेल रहे हैं। गर्मी के मौसम में उपमंडल की विभिन्न पंचायतों में पेयजल किल्लत से निपटने के लिए पुरानी और क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों को बदला जाए। साथ ही अधूरी योजनाओं को जल्द पूरा करने की मांग की गई। महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल सहित उपमंडल की सीएचसी, पीएचसी में विशेषज्ञ चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती का मामला भी उठा। सदस्यों ने कहा कि चिकित्सा सुविधाएं चरमराने से मरीज आईजीएमसी शिमला रेफर हो रहे हैं। बैठक में उपमंडल के बौंडा, कुंगल बाल्टी, डंसा, देवठी और सुरु क्षेत्र को जोड़ने वाली मुख्य संपर्क सड़कों को दुरुस्त करने की मांग उठी। लोक निर्माण विभाग से बरसात के मौसम से पूर्व इन सड़कों की टारिंग और रखरखाव के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया। इसके अलावा रामपुर, ननखड़ी, सराहन और 15/20 क्षेत्र के दूरदराज के सरकारी स्कूलों में अध्यापकों के खाली पदों का मामला भी उठा। सदस्यों ने कहा कि शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों को पलायन करना पड़ रहा है। साथ ही जर्जर बने स्कूल भवनों की मरम्मत की भी मांग उठाई गई। बैठक में सदस्य गंगा राम ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायत सराहन और साथ लगती पंचायतों में बढ़ती जा रही कचरा प्रबंधन की समस्या के समाधान को उचित कदम उठाने की मांग रखी। उन्होंने रामपुर तहसील में उप तहसील कार्यालय, विभिन्न पशु औषधालयों और डिस्पेंसरी के रिक्त पद भरने, ज्यूरी-सराहन सड़क पर घराट में स्लैप कलवर्ट लगाने, ज्यूरी-सराहन मार्ग को चौड़ा करने के कार्य में पेड़ कटान टेंडर प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग की। इसके अलावा सराहन, बौंडा और शाहधार पंचायतों में भालुओं के आतंक से निजात दिलाने की मांग की।
नोगली स्कूल मैदान में मेले के आयोजन की मिले पूर्ण अनुमति
जन शिकायत निवारण समिति के सदस्य कृष्ण गोपाल ने कहा कि देवता साहिब लक्ष्मी नारायण कुमसू का जिला स्तरीय नोगली मेला परंपरागत रूप से नोगली मेला मैदान में आयोजित होता आ रहा है। वर्तमान में यह मैदान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नोगली के नाम दर्ज है, जबकि इस स्थल पर प्रत्येक वर्ष आषाढ़ मास की 12, 13 और 14 तारीख को वर्षों से मेला आयोजित हो रहा है, जबकि विद्यालय की स्थापना मेला आयोजन के बाद हुई है। बीते कुछ वर्षों से मेले के आयोजन के लिए न्यायालय से अनुमति लेनी पड़ती है, परंतु पूर्ण अनुमति न मिलने के कारण मेले के आयोजन में कठिनाइयां पेश आ रही हैं। मेला कमेटी नोगली ने 30 मई 2025 को मुख्यमंत्री से भी यह मामला उठाया था, लेकिन आज दिन तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने जनहित और ग्रामीणों की आस्था को ध्यान में रखते हुए इस पर उचित निर्णय लेने की मांग रखी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed