हिमाचल: प्रदेश के स्कूलों में 17 अगस्त को रहेगा अवकाश, सीएम सुक्खू ने बिलासपुर में की घोषणा
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 15 अगस्त को होने वाले कार्यक्रमों के चलते विद्यार्थियों और शिक्षकों को 17 अगस्त को छुट्टी दी जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्वतंत्रता दिवस को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेशों के बीच अब प्रदेश के स्कूलों में 17 अगस्त को अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को बिलासपुर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान यह घोषणा की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 15 अगस्त को होने वाले कार्यक्रमों के चलते विद्यार्थियों और शिक्षकों को 17 अगस्त को छुट्टी दी जाएगी। शिक्षा निदेशालय ने कुछ दिन पहले आदेश जारी कर प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों को 15 अगस्त को सामान्य रूप से खुला रखने के निर्देश दिए थे।
आदेशों में कहा गया था कि स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया जाए। इसके साथ ही जिला, उपमंडल और तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले समारोहों में विद्यार्थियों और स्कूलों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए थे। जिला उपनिदेशकों को अपने-अपने जिलों के सभी सरकारी स्कूलों को स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने को कहा गया था। मुख्यमंत्री की घोषणा से प्रदेशभर के विद्यार्थियों और शिक्षकों को 15 अगस्त के कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद अगले कार्यदिवस पर अवकाश मिल सकेगा। बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की।
पहली बार सीएम का लाइव संबोधन सुनेंगे लाखों विद्यार्थी
प्रदेश में शुक्रवार को मनाया जाने वाला 79वां स्वतंत्रता दिवस इस बार सरकारी स्कूलों के लिए कई मायनों में विशेष रहने वाला है। ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से आगे बढ़कर इस बार समारोह राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक जागरूकता और युवा सहभागिता का व्यापक उत्सव बनेगा। सबसे बड़ी बात यह है कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहली बार मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के राज्य स्तरीय संबोधन का लाइव प्रसारण किया जाएगा, इसे लाखों विद्यार्थी एक साथ देख और सुन सकेंगे। राज्य स्तरीय समारोह हमीरपुर जिले के बड़सर में होगा, जहां मुख्यमंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण और राष्ट्रगान से होगा। इसके बाद मुख्य अतिथि का संदेश पढ़ा जाएगा तथा विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और देश के महान राष्ट्रनायकों के योगदान से अवगत कराया जाएगा। निर्देशों के अनुसार छठी से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को उनके संबंधित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में समारोहों में शामिल किया जाएगा। वहीं कांप्लेक्स स्कूलों में 500 मीटर के दायरे में स्थित प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थी भी मुख्य समारोह का हिस्सा होंगे। दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों के स्कूलों में स्थानीय स्तर पर समारोह होंगे। सभी स्कूल प्रमुखों को विद्यार्थियों की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।