सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Yoga Day 2026: Thousands practiced yoga in Himachal; a state-level event was held in Hamirpur

Yoga Day 2026: हिमाचल में राज्यपाल, सीएम सहित हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास, यहां हुआ राज्य स्तरीय कार्यक्रम

अमर उजाला नेटवर्क, शिमला/हमीरपुर Published by: Krishan Singh Updated Sun, 21 Jun 2026 10:34 AM IST
विज्ञापन
सार

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर आयुष विभाग की ओर से राज्य स्तरीय कार्यक्रम हमीरपुर में आयोजित किया गया। इसके अलावा प्रदेश भर में योग दिवस पर कार्यक्रम हुए जिसमें हजारों लोगों ने अपनी उपस्थित दर्ज करवाई।

Yoga Day 2026: Thousands practiced yoga in Himachal; a state-level event was held in Hamirpur
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने किया योगाभ्यास। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर रविवार को प्रदेश भर में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें हजारों लोगों ने योगाभ्यास किया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जिला हमीरपुर के अणु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। आयुष विभाग की आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और बच्चों सहित लगभग दो हजार लोगों के साथ करीब 45 मिनट तक योगाभ्यास किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन और धनवंतरि पूजन के साथ योगाभ्यास सत्र का शुभारंभ किया। उन्होंने इंटरनेशनल डे फॉर योगा से संबंधित एक पुस्तिका का विमोचन भी किया। इस पुस्तिका में योगासनों से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियों का संक्षेप संकलन किया गया है। कार्यक्रम में आयुष, विधि, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा, विधायक सुरेश कुमार और कैप्टन रणजीत सिंह, राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर, ओबीसी वित एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल, ओबीसी आयोग के सदस्य राजीव राणा, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमन भारती, पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, सुभाष ढटवालिया, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, आयुष विभाग की सचिव शाइनामोल, निदेशक रोहित जमवाल, उपायुक्त गंधर्वा राठौड़, एसपी बलवीर सिंह और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।



ऐतिहासिक रिज मैदान शिमला में 5,000 से अधिक लोगों ने लिया भाग

वहीं शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों से आए 5,000 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन हिमाचल प्रदेश पुलिस की ओर से आयुष विभाग के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वस्थ जीवन, सद्भाव और समग्र कल्याण का संदेश दिया गया।  राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और सामूहिक योग सत्र में भाग लिया। लेडी गवर्नर ने भी इस अवसर पर उपस्थित रहकर नागरिकों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और आध्यात्मिक संतुलन प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

योग भारत की ओर से संपूर्ण मानवता को दिया गया एक अमूल्य उपहार:  राज्यपाल

 राज्यपाल ने कहा कि योग भारत की ओर से संपूर्ण मानवता को दिया गया एक अमूल्य उपहार है। योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने और स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, आईपीएस सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों ने भी सामूहिक योग सत्र में सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों, विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, विद्यार्थियों, बच्चों, देश-विदेश से आए पर्यटकों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
 

विज्ञापन

पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने ये कहा

प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के योग विभाग की ओर मंच से योग प्रदर्शन किया गया और हजारों प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान अभ्यास विधिपूर्वक करवाए गए। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की विशेष प्रतिज्ञा भी दिलाई गई। पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि अनुशासन और जीवन जीने की एक पद्धति है। स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक सोच एक मजबूत समाज की आधारशिला हैं। हिमाचल प्रदेश पुलिस जन सुरक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और नशा मुक्त समाज को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। आइए, हम योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और दूसरों को भी स्वस्थ भविष्य के लिए प्रेरित करें। धर्मशाला के इंडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय योग दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, इसमें अतिरिक्त उपायुक्त विनय शर्मा एडीएम शिल्पी बेटा सहित युवाओं ने योगासन किया। 

रथ मैदान में सामूहिक योगाभ्यास, योग के प्रति जागरूकता का दिया संदेश

आयुष विभाग कुल्लू की ओर से  ढालपुर स्थित रथ मैदान में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। योग विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। इस अवसर पर कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का आह्वान किया। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार, पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल, सहायक आयुक्त जयवंती ठाकुर सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

पांवटा सहिब: सुमेश वर्मा बोले- विश्व को भारत की अनमोल देन

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के विशेष अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग से पहुंचे सुमेश वर्मा ने देश व प्रदेश वासियों सहित पूरे विश्व को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ने कहा कि योग पूरी दुनिया को भारत की एक अनमोल धरोहर है। उधर, पांवटा साहिब में राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश चौहान के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। श्री गुरु गोबिंद सिंह जी राजकीय महाविद्यालय, पांवटा साहिब में एनसीसी की ओर से योग दिवस बेहद उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर आयोजित योग शिविर में कॉलेज के शिक्षकों, गैर-शिक्षक कर्मचारियों, राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेट्स और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. पूजा भाटी एवं लेफ्टिनेंट संदीप शर्मा सहित अन्य गणमान्य माैजूद रहे। 

जिला आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन में योग कार्यक्रम आयोजित, स्वस्थ जीवनशैली का लिया संकल्प

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जोगिंद्र बैंक के अध्यक्ष एडवोकेट मुकेश शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर एडवोकेट मुकेश शर्मा ने उपस्थित लोगों को नियमित रूप से योग अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि योग स्वस्थ जीवन, मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का आधार है। उन्होंने युवाओं एवं समाज के सभी वर्गों से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला आयुर्वेदिक अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनीता गौतम, डॉ. मिंटू मटा एवं हीरा पाल ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया तथा योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। इस अवसर पर पूर्व पार्षद विजय ठाकुर, पूर्व पार्षद रजत थापा, दीप्ति शर्मा, अर्चना ठाकुर व सक्षम शर्मा मुख्य अतिथि के साथ विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

ऊना के बढेड़ा में 600 प्रतिभागियों ने किया योगाभ्यास

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हिमकैप्स नर्सिंग एंड लॉ कॉलेज परिसर बढेड़ा में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सुबह 6:30 बजे से 7:30 बजे तक चले एक घंटे के योग सत्र में प्रशिक्षुओं, विद्यार्थियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा स्थानीय लोगों सहित लगभग 600 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य अतिथि सहायक आयुक्त विनय मोदी ने कहा कि योग हमारे ऋषि-मुनियों की ओर से प्रदान अमूल्य विद्या है, जिसने भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा को विश्व पटल पर विशिष्ट पहचान दिलाई है। नियमित योगाभ्यास से शरीर और मन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, एकाग्रता बढ़ती है और व्यक्ति तनावमुक्त एवं अनुशासित जीवन जीने के लिए प्रेरित होता है। कार्यक्रम में आयुष विभाग के योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया तथा योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी। जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. किरण शर्मा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में पिछले एक माह से जिलेभर में प्री-योग दिवस गतिविधियों के तहत विभिन्न स्थानों पर योग शिविरों और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सेरी मंच पर हुआ सामूहिक योगाभ्यास

 अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक सेरी मंच मंडी में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में पहुंचकर सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने सभी को  योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है।  योग सत्र की शुरुआत सूक्ष्म व्यायाम से की गई।  डॉ. प्रिया ने खड़े होकर किए जाने वाले विभिन्न योगासनों का अभ्यास करवाया, जबकि फार्मासिस्ट अशोक कुमार ने बैठकर किए जाने वाले योगासनों की जानकारी दी और उनका अभ्यास कराया।  इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक मंडी सदर अनिल शर्मा, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, नगर निगम पार्षद सुमन, जिला आयुष अधिकारी डॉ. संजय शर्मा, आयुष विभाग के चिकित्सक, जिले के गणमान्य नागरिक, सरदार पटेल विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी के प्राध्यापक, आईटीआई के प्रशिक्षक तथा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक व विद्यार्थियों ने योगाभ्यास में भाग लिया।

रामपुर में योग क्रियाओं से दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष पर रविवार को पदम वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर के सभागार में उपमंडल स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान मौजूद लोगों ने विभिन्न योग क्रियाएं कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त राजस्व एवं तहसीलदार रामपुर योगेश कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और लोगों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। योग दिवस कार्यक्रम में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी रामपुर डॉ. रोहिणी शर्मा भी उपस्थित रहीं। 







 

शाहपुर विधानसभा के सभी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में सुबह होगा योग सत्र : केवल पठानिया

जिला आयुष विभाग के तत्वावधान में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) शाहपुर में आयोजित जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में प्रतिदिन प्रात:काल योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त प्रत्येक मंगलवार को विद्यालयों में हनुमान चालीसा एवं गायत्री मंत्र का सामूहिक पाठ भी किया जाएगा। जिला आयुष अधिकारी डॉ. बृज नंदन शर्मा ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। 

लुहणू मैदान में सामूहिक योग से दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

 अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला प्रशासन की ओर से रविवार को लुहणू मैदान में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित लोगों को योग के महत्व से अवगत कराया। इसके बाद उपायुक्त सहित सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए। उपायुक्त ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में योग को अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

 नाहन में जिला स्तरीय योग शिविर आयोजित

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला सिरमौर के पक्का तालाब मैदान नाहन में आयुष विभाग की ओर से जिला स्तरीय योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप, नाहन के विधायक अजय सोलंकी, उपायुक्त प्रियंका वर्मा, पार्षद नरेंद्र तोमर सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लिया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने योग एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति का एक अमूल्य उपहार है, जिससे न केवल भारत बल्कि पूरा विश्व जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि शरीर, मन, आत्मा और समाज को जोड़ने वाली संपूर्ण जीवन पद्धति है। 

हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हुआ योग सत्र 

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में सुबह 7:00 बजे से 8:00 बजे तक एक योग सत्र आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जस्टिस विवेक सिंह ठाकुर शामिल हुए। रजिस्ट्रार जीएडी अविनाश चंद्र और रजिस्ट्री के कर्मचारियों ने भी इस सत्र में उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग सत्र का संचालन दो अनुभवी योग प्रशिक्षकों  मुनीश सूद और जयप्रकाश ने किया, जिन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न आसनों और श्वास संबंधी व्यायामों का अभ्यास कराया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed