आज के दिन: दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद बैठक की अध्यक्षता करेंगे गृह मंत्री, नोएडा श्रमिक हिंसा के मामले में सुनवाई
नमस्कार! आज है गुरुवार, 20 अगस्त। इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आज 20 अगस्त 2026 को श्रावण माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी है। गृह मंत्री अमित शाह दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके साथ ही नोएडा श्रमिक हिंसा के मामले में सुनवाई होगी।
उपराष्ट्रपति का उत्तराखंड दौरा
शुरुआत उपराष्ट्रपति से। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन दो दिन के उत्तराखंड दौरे पर है। इस दौरान गुरुवार को लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए), मसूरी में 2024 बैच के लिए आईएएस प्रोफेशनल कोर्स के द्वितीय चरण के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में शामिल होंगे।
दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे गृह मंत्री
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह गुरुवार को तमिलनाडु के महाबलीपुरम में दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 31वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना राज्य और पुडुचेरी, अंडमान निकोबार द्वीप समूह एवं लक्षद्वीप संघ राज्यक्षेत्र शामिल हैं। सभी राज्य सरकारों, केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के सहयोग से पिछले लगभग बारह वर्षों में (जून 2014 से अब तक) विभिन्न क्षेत्रीय परिषदों और इनकी स्थायी समितियों की कुल 69 बैठकें आयोजित हुईं है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
बंगाल के दौरे पर रह सकते हैं गृह मंत्री
गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार से तीन दिन के पश्चिम बंगाल के दौरे पर रह सकते हैं। दरअसल पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे हो गए हैं। वहीं, वे भाजपा की कोर कमेटी और राज्य समिति की विस्तारित बैठक में भी शामिल हो सकते हैं।
आईएसएमआर की बैठक
भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज सम्मेलन (आईएसएमआर) का चौथा दौर गुरुवार को सिंगापुर में आयोजित किया जाएगा। भारतीय पक्ष से केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, डॉ. एस. जयशंकर; पीयूष गोयल और जितिन प्रसाद सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। अपनी यात्रा के दौरान, मंत्री अपने समकक्षों के साथ बातचीत करेंगे। इसके साथ ही सिंगापुर के नेतृत्व से भी मुलाकात करेंगे।(संबंधित खबर यहां पढ़ें)
जापान के रक्षा मंत्री के साथ बैठक करेंगे राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को नई दिल्ली में जापान के रक्षा मंत्री शिंजीरो कोइज़ुमी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस बैठक से द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और मजबूत करने, रणनीतिक विश्वास और सहयोग बढ़ाने तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता और सुरक्षा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। दोनों मंत्री ‘मेक इन इंडिया’ ढांचे के तहत समुद्री सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने तथा रक्षा उपकरणों और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में घनिष्ठ सहयोग पर विचार-विमर्श करेंगे।
नोएडा श्रमिक हिंसा के मामले में सुनवाई
नोएडा श्रमिक हिंसा के मामले में गुरुवार को जिला न्यायालय की अदालत में सुनवाई होगी। दरअसल, अप्रैल में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में श्रमिक आंदोलन हुआ था। नोएडा में आंदोलन ने हिंसक रूप ले लिया था। इसके बाद फेज-1 और फेज-3 कोतवाली में कई मुकदमे दर्ज किए गए थे। इनमें तोड़फोड़, मारपीट, आगजनी समेत अन्य गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
कांग्रेस विधायक दल की बैठक
हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को होगी। इस बैठक में कांग्रेस विधायक आगामी मानसून सत्र को लेकर रणनीति तय करेंगे। हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 27 अगस्त से शुरू होने वाला है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों, सरकार के खिलाफ हमले की रणनीति और विपक्षी भूमिका को मजबूत करने पर चर्चा की जाएगी। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
झारखंड मुक्ति मोर्चा की बैठक
झारखंड में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा बुधवार को रांची में अहम बैठक करेगी। इस बैठक में आगे की रणनीति पर मंथन किया जायेगा। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)