आज के दिन: दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र का आगाज, एआई के दुरुपयोग को लेकर लगाई गई गौतम गंभीर की याचिका पर सुनवाई
नमस्कार! आज है सोमवार, 23 मार्च। इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
विस्तार
आज 23 मार्च 2026 को शुक्ल पक्ष की पंचमी है। आज से दिल्ली विधानसभा की बजट सत्र की शुरुआत होगी। वहीं, भारतीय क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर से संबंधित मामले पर सुनवाई होगी।
दिल्ली का बजट सत्र आज से शुरू
दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 23 मार्च से शुरू हो रहा है। सोमवार को दिल्ली सरकार आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेगी। इस रिपोर्ट में पिछले एक वर्ष के दौरान राजधानी की आर्थिक स्थिति, राजस्व प्राप्ति, व्यय, विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों और प्रमुख योजनाओं की प्रगति का विस्तृत विवरण दिया जाएगा। आर्थिक सर्वेक्षण को आगामी बजट की रूपरेखा समझने के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज माना जाता है। इसके बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 24 मार्च को वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट पेश करेंगी। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
राजस्थान बोर्ड के नतीजे आ सकते हैं
राजस्थान बोर्ड कक्षा 10वीं के नतीजे सोमवार को आ सकते हैं। इसमें करीब 10 लाख विद्यार्थियों को परिणामों का इंतजार है। राजस्थान बोर्ड 10वीं और 12वीं में पास होने के लिए हर विषय में कम से कम 33% अंक जरूरी हैं। कुल मिलाकर एग्रीगेट मार्क्स भी 33% से कम नहीं होना चाहिए। अगर किसी छात्र के 1 या 2 विषयों में अंक 33% से कम आते हैं, तो उन्हें सप्लीमेंट्री परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट सहयोगियों के साथ बैठक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को लोकभवन में 11 बजे से कैबिनेट बैठक करेंगे। इसमें निराश्रित महिला, वृद्ध व दिव्यांगजन पेंशन बढ़ाने के प्रस्ताव को स्वीकृति मिल सकती है। इसके साथ ही प्रदेश में 1.06 करोड़ से अधिक परिवारों को 12 हजार रुपये वार्षिक पेंशन मिलती है। इसे बढ़ाकर 1500 रुपये प्रति माह करने की तैयारी है।
गौतम गंभीर की एआई-डीपफेक याचिका पर सुनवाई
दिल्ली हाईकोर्ट ने भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर की पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा की मांग वाली याचिका पर सोमवार को सुनवाई करेगा। पिछली सुनवाई में हाईकोर्ट ने गौतम गंभीर के वकील से कहा है कि याचिका में जो कमियां हैं, उसे सुधार कर लाएं। गौतम गंभीर के वकील ने कहा कि उनके क्लाइंट का डीप फेक वीडियो बनाकर उसका गलत इस्तेमाल सोशल मीडिया पर व्यूज बढ़ाने के लिए किया जा रहा है। वीडियो में वह बयान में दिखाए जा रहे हैं जो गंभीर ने कभी दिए ही नहीं। गंभीर के इस्तीफा देने का भी एक एआई वीडियो डाला गया, जिसने कुछ ही समय में 29 लाख व्यूज हासिल कर लिया । (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
सेबी बोर्ड की बैठक
मार्केट रेगुलेटर सेबी की बोर्ड की बैठक सोमवार को होगी। इसमें कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में मार्केट रेगुलेटर विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) के लिए कैश मार्केट लेनदेन में एक ही दिन में फंड नेटिंग का ढांचा मंजूर किया जा सकता है।