Mizoram: मिजोरम में 24 घंटों में 57.8 मिमी बारिश दर्ज, 5 जिलों में स्कूल बंद, बाढ़ का खतरा भी बढ़ा
मिजोरम की राजधानी आइजोल में 24 घंटों में 57.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके साथ ही पांच जिलों में बारिश और तेज हवा के कारण स्कूल बंद करने का फैसला लिया गया है।
विस्तार
मिजोरम के आइजोल , सेरछिप और लुंगलेई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं जारी है। इसके कारण बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी सभी स्कूल बंद रहे। स्कूल शिक्षा निदेशक एंजेला जोथनपुई ने बताया कि दक्षिणी जिलों हनहथियाल और लांग्टलाई के स्कूल जो मंगलवार को खुले रहे थे। उन्होंने भी बुधवार को बंद रहने का आदेश दिया है।
उन्होंने कहा कि सभी पांच जिलों के प्रशासन ने एहतियाती सुरक्षा उपाय के तौर पर यह निर्णय लिया।
यह भी पढ़ें- 'विकास के नाम पर विनाश': ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट पर राहुल बोले- आदिवासी विरासत के खिलाफ यह सबसे बड़ा घोटाला
बाढ़ का खतरा बढ़ा
आइजोल जिला प्रशासन ने कहा कि लगातार हो रही भारी बारिश से भूस्खलन, कीचड़ प्रवाह, चट्टान गिरने और अचानक बाढ़ का खतरा काफी बढ़ गया है। मिजोरम में सोमवार से ही तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे भारी तबाही मची हुई है। राज्य आपदा प्रबंधन और पुनर्वास विभाग ने बुनियादी ढांचे को हुए भारी नुकसान की सूचना दी है, जिसमें बताया गया है कि सोमवार और मंगलवार के बीच आए तूफानों से 70 से अधिक घर, कुछ चर्च हॉल, स्कूल और सरकारी इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं।
जाने कहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में आइजोल में सबसे अधिक 57.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। अन्य महत्वपूर्ण रूप से प्रभावित क्षेत्रों में मामित (47.5 मिमी), खॉजॉल (35.5 मिमी), सेरछिप (34.5 मिमी) और सियाहा (34 मिमी) शामिल हैं। मौसम विभाग ने आइजोल, कोलासिब, मामित, चम्फाई और सेरछिप में शुक्रवार तक भारी से बहुत भारी बारिश गरज और बिजली गिरने की संभावना जताई है। इसके अतिरिक्त, बुधवार को कोलासिब और गुरुवार को आइजोल में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

कमेंट
कमेंट X