आज के दिन: प्रधानमंत्री मोदी का आंध्र और ओडिशा दौरा, अखलाक मॉब लिंचिंग मामले पर सुनवाई
नमस्कार! आज है गुरुवार, 8 जनवरी। इस खबर के माध्यम से हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
विस्तार
आज 8 जनवरी 2026 को माघ माह के कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि है। आज कुछ अहम मामलों की अदालतों में सुनवाई होगी। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो राज्यों का दौरे पर जाएंगे। इसी के साथ राजस्थान में सेना परेड होगी।
प्रधानमंत्री मोदी का आंध्र प्रदेश और ओडिशा दौरा
शुरुआत प्रधानमंत्री के दौरे से। पीएम नरेंद्र मोदी आंध्र प्रदेश और ओडिशा के दौरे पर जाने वाले हैं। उनका का यह दौरा दो दिन का होगा। इस दौरान वे कई अहम विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री आज आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इनमें पुदीमदका में ग्रीन हाइड्रोजन हब की आधारशिला रखना भी शामिल है। भारत में हरित ऊर्जा उत्पादन की दिशा में यह एक बड़ी पहल है, जिसमें करीब 1.85 लाख करोड़ रुपये का निवेश होगा।
जम्मू-कश्मीर सुरक्षा पर अमित शाह की बैठक
गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के सुरक्षा हालात पर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक दिल्ली में होगी। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। इस बैठक में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, सिविल प्रशासन के शीर्ष अधिकारी, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ), खुफिया एजेंसियां और गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
पीयूष गोयल का ब्रुसेल्स दौरा
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 8 जनवरी को दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर ब्रुसेल्स जाएंगे। इस यात्रा के दौरान भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को लेकर बातचीत होगी। यूरोपीय संघ वर्तमान में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार और एक प्रमुख निवेशक है। वित्त वर्ष 2024-25 में दोनों के बीच द्विपक्षीय व्यापार काफी बढ़ा है।
सचिन पायलट का छत्तीसगढ़ दौरा
कांग्रेस नेता सचिन पायलट आज रायपुर के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वह राज्यभर में मनरेगा को लेकर चल रहे आंदोलन की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही हाल ही में नियुक्त किए गए जिलाध्यक्षों से भी मुलाकात करेंगे।
राजस्थान में सेना परेड का आयोजन
राजस्थान की राजधानी जयपुर में 8 जनवरी से सेना परेड 2026 का आयोजन होगा। यह आयोजन 15 जनवरी तक चलने वाला है। जयपुर में पहली बार आर्मी डे परेड सैन्य छावनी की सीमाओं से बाहर आयोजित की जा रही है। (पूरी खबर यहां पढ़ें)
एशेज: पांचवें टेस्ट का आखिरी दिन
सिडनी में एशेज 2025-26 शृंखला खेली जा रही है। गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के बीच पांचवें टेस्ट का आखिरी दिन है। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 302/8 रन बना लिए थे। उसे 119 रनों की बढ़त हासिल हो चुकी है। मैच हर दिन भारतीय समयानुसार सुबह 4:30 बजे से देखा जा सकता है। ऑस्ट्रेलिया पहले ही सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बना चुका है। (पूरी खबर यहां पढ़ें)
विजय हजारे ट्रॉफी
विजय हजारे ट्रॉफी में आखिरी दौर के मैच खेले जाएंगे। भारतीय टीम में वापसी कर रहे उप कप्तान श्रेयस अय्यर एक बार फिर मैदान में उतरेंगे और मुंबई की कप्तानी करते नजर आएंगे।यशवंत वर्मा मामले में सुनवाई
न्यायाधीश यशवंत वर्मा के मामले में सुप्रीम कोर्ट 8 जनवरी को सुनवाई जारी रहेगी। जस्टिस यशवंत वर्मा के आवास के बाहर जले हुए नोटों के बंडल बरामद हुए थे। इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था। इसके साथ ही जस्टिस वर्मा के खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया शुरू हो गई थी।
अखलाक मॉब लिंचिंग मामले पर ग्रेटर नोएडा की अदालत में गुरुवार को सुनवाई होगी। 6 जनवरी को मुख्य गवाह के पेश नहीं होने के कारण सुनवाई टाल दी गई थी। मामला 28 सितंबर 2015 का है, जब दादरी थाना क्षेत्र के बिसाहड़ा गांव में भीड़ ने घर में घुसकर अखलाक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। अफवाह थी कि उसके घर में गोमांस रखा हुआ था।
किम जोंग उन का जन्मदिन
उत्तर कोरिया के तानशाह किम जोंग उन का आज जन्मदिन है। वे 42 वर्ष के हो जाएंगे। उनका जन्म 1984 में हुआ था। हाल ही में किम जोंग उन की बेटी किम जू ऐ ने पहली बार दादा-परदादा के समाधि स्थल का सार्वजनिक दौरा किया था। इससे उनके उत्तराधिकारी होने की अटकलें तेज हो गई थीं।
दुनिया के प्रसिद्ध वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिंग का जन्म 8 जनवरी 1942 को इंग्लैंड के ऑक्सफोर्ड में हुआ था। 1974 में स्टीफन हॉकिंग ने दुनिया को अपनी सबसे महत्वपूर्ण खोज ब्लैक होल थ्योरी के बारे में बताया था। हॉकिंग ने 76 साल की उम्र में 14 मार्च 2018 को दुनिया को अलविदा कह दिया था।