मुख्यमंत्री के खिलाफ मां ने मोर्चा खोला: NCW से की CM हिमंत की शिकायत; कहा- चुनावी रैली में लगाए अनर्गल आरोप
असम में चुनावी माहौल के बीच एजेपी उम्मीदवार कुनकी चौधरी की मां सुजाता गुरूंग चौधरी ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ राष्ट्रीय महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने सरमा पर झूठे और दुर्भावनापूर्ण आरोप लगाकर उनकी छवि खराब करने का आरोप लगाया है।
विस्तार
असम विधानसभा चुनाव के दौरान राजनीतिक बयानबाजी अब व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गई है। असम जातीय परिषद (AJP) की उम्मीदवार कुनकी चौधरी की मां, सुजाता गुरूंग चौधरी ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) में शिकायत दर्ज कराई है।
11 अप्रैल को दर्ज शिकायत में सुजाता चौधरी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सरमा ने चुनाव प्रचार के दौरान उनके खिलाफ झूठे, बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण बयान दिए। उनका कहना है कि इन बयानों का मकसद उनकी छवि खराब करना और उनकी बेटी कुनकी चौधरी को राजनीतिक रूप से निशाना बनाना था।
हिमंत ने क्या किया था दावा?
दरअसल, 2 अप्रैल को चुनाव प्रचार के दौरान हिमंत बिस्वा सरमा ने दावा किया था कि सुजाता गुरूंग चौधरी ने सोशल मीडिया पर बीफ सेवन से जुड़े पोस्ट साझा किए, कुछ समुदायों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और पाकिस्तान का समर्थन किया। उन्होंने यह भी कहा था कि वे कुनकी चौधरी के माता-पिता के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
सुजाता चौधरी ने आरोपों को किया खारिज
इन आरोपों को खारिज करते हुए सुजाता चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दिखाया गया फोटो भ्रामक है। उनके मुताबिक यह तस्वीर अमेरिका के डेनवर स्थित इंटरनेशनल चर्च ऑफ कैनबिस (ICC) में ली गई थी, जहां वे जिस वस्तु को पकड़े हुए थीं, वह मांस हीं बल्कि एक तकिया (पिलो) था। उन्होंने ICC के निदेशक स्टीव बर्के का एक पत्र भी संलग्न किया है, जिसमें इसी बात की पुष्टि की गई है।
शिकायत में क्या-क्या कहा गया?
शिकायत में उन्होंने यह भी कहा कि इन आरोपों के बाद उनकी निजी तस्वीरें, जिनमें उनके नाबालिग बेटे की तस्वीरें भी शामिल हैं, सोशल मीडिया पर बिना अनुमति के वायरल की जा रही हैं। इससे उन्हें ऑनलाइन ट्रोलिंग, उत्पीड़न और चरित्र हनन का सामना करना पड़ा है।
सुजाता चौधरी ने आरोप लगाया कि कई अज्ञात लोगों और सोशल मीडिया हैंडल्स ने उनकी छवि खराब करने के लिए मॉर्फ्ड तस्वीरें और एआई से तैयार सामग्री भी साझा की है, जिससे उनके परिवार को मानसिक तनाव और प्रतिष्ठा को नुकसान हुआ है।
महिला आयोग से क्या मांग की?
उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग से मांग की है कि इस मामले में तुरंत संज्ञान लिया जाए, भ्रामक और आपत्तिजनक कंटेंट को सोशल मीडिया से हटाया जाए, और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने अपने और अपने नाबालिग बेटे की निजता और सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है।
सुजाता चौधरी ने यह भी स्पष्ट किया कि वह एक निजी नागरिक हैं और राजनीति से उनका कोई सीधा संबंध नहीं है। वे केवल इसलिए विवाद में आई हैं क्योंकि उनकी बेटी कुनकी चौधरी गुवाहाटी सेंट्रल सीट से चुनाव लड़ रही हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
