फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   amir khan threat case arzoo bishnoi voice sample matched

आमिर खान धमकी मामला: रिकॉर्ड में मौजूद आरजू बिश्नोई की आवाज से मैच हुआ वायरल ऑडियो, जांच में बड़ा खुलासा

Tue, 04 Aug 2026 12:24 PM IST
Sunil Mehrotra सुनील मेहरोत्रा
Updated Tue, 04 Aug 2026 12:24 PM IST
विज्ञापन
amir khan threat case arzoo bishnoi voice sample matched
गौरी स्प्रैट, आमिर खान - फोटो : PTI
अभिनेता आमिर खान को मिले धमकी भरे वायरल ऑडियो मैसेज की जांच में मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ा सुराग मिला है। पंजाब पुलिस ने मुंबई क्राइम ब्रांच को सूचित किया है कि वायरल ऑडियो में सुनाई देने वाली आवाज उनके रिकॉर्ड में मौजूद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य आरजू बिश्नोई की पुरानी रिकॉर्डिंग से मेल खाती है। जांच एजेंसियां इसे मामले का महत्वपूर्ण तकनीकी सबूत मान रही हैं।
विज्ञापन


सूत्रों के अनुसार, पंजाब पुलिस ने धमकी वाले ऑडियो की तुलना अपनी जांच के दौरान हासिल आरजू बिश्नोई की पुरानी वॉयस रिकॉर्डिंग से की। शुरुआती मिलान में दोनों आवाजें एक ही व्यक्ति की पाई गईं। इसके बाद पंजाब पुलिस ने अपनी रिपोर्ट मुंबई क्राइम ब्रांच को भेज दी। अधिकारियों का मानना है कि इस वॉयस मैच से मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की संभावित भूमिका और मजबूत हुई है।
विज्ञापन


इससे पहले फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के बाद भी आरजू बिश्नोई के नाम से कुछ सोशल मीडिया पोस्ट सामने आए थे, जिनमें घटना की जिम्मेदारी लेने और धमकी देने का दावा किया गया था। अब मुंबई क्राइम ब्रांच यह भी जांच कर रही है कि ऑडियो क्लिप और उससे जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट किसने बनाए, अपलोड किए और उन्हें वायरल करने में किसकी भूमिका रही। अधिकारियों के मुताबिक, मामले के डिजिटल ट्रेल की जांच में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। शुरुआती जांच में संदेश का आईपी एड्रेस स्वीडन से जुड़ा मिला था, लेकिन बाद में सामने आया कि भेजने वाले ने अपनी वास्तविक पहचान और लोकेशन छिपाने के लिए संभवतः स्वीडन आधारित वीपीएन और टॉर ब्राउजर का इस्तेमाल किया था। इससे जांच तकनीकी रूप से अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


मुंबई क्राइम ब्रांच, साइबर सेल, पंजाब पुलिस और अन्य एजेंसियां मिलकर इंटरनेट लॉग, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और सोशल मीडिया गतिविधियों का विश्लेषण कर रही हैं। जांच का फोकस इस बात पर भी है कि क्या लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अन्य सदस्य भी इस धमकी की साजिश रचने या उसे फैलाने में शामिल थे। पुलिस सूत्रों का कहना है कि वॉयस मैच जांच का अहम आधार बनेगा, लेकिन किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले अन्य तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का भी मिलान किया जा रहा है। एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि कहीं हाई-प्रोफाइल हस्तियों को डराने के लिए सोशल मीडिया के जरिए चलाया जा रहा यह कोई सुनियोजित अभियान तो नहीं है। 

यह घटनाक्रम उन सोशल मीडिया अकाउंट्स पर आमिर खान को निशाना बनाकर धमकी भरा ऑडियो और पोस्ट साझा किए जाने के बाद सामने आया है, जिन्हें आरज़ू बिश्नोई से जोड़ा जा रहा है। ऑडियो मैसेज में खुद को आरजू बिश्नोई बताने वाले व्यक्ति ने अभिनेता पर 'लव जिहाद' को बढ़ावा देने और 'सनातन धर्म' के खिलाफ काम करने का आरोप लगाते हुए इसे पहली और आखिरी चेतावनी बताया था तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
धमकी आमिर खान की गौरी स्प्रैट के साथ शादी के कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इसके बाद मुंबई क्राइम ब्रांच और साइबर सेल ने विस्तृत तकनीकी जांच शुरू की। खतरे का आकलन करने के लिए पुलिस की एक टीम अभिनेता के बांद्रा स्थित आवास भी पहुंची थी। मुंबई पुलिस के अनुसार, अभिनेता या उनके स्टाफ को सीधे कोई धमकी भरा संदेश नहीं मिला था और पूरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो से जुड़ा है।

हालांकि अभी तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, लेकिन धमकी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तकनीकी जांच जारी रखे हुए है। क्राइम ब्रांच ऑडियो क्लिप के मूल स्रोत और उसे तैयार करने, प्रसारित करने तथा वायरल करने में शामिल सभी लोगों की पहचान करने में जुटी है। एहतियात के तौर पर आमिर खान की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed