बंगाल में अमित शाह: जनसभा में CM ममता को घेरा, कहा- 4 मई के बाद जेल जाएंगे TMC के गुंडे; भाषण की अहम बातें
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीरभूम की रैली में ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि टीएमसी डर और हिंसा की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव घुसपैठियों को बाहर निकालने का है और जनता बमों का जवाब वोट से देगी।
विस्तार
पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज राज्य में पांच बड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। अमित शाह सबसे पहले बीरभूम जिले में दो जनसभाओं को संबोधित किया। इसके बाद उन्होंने पश्चिम बर्धमान जिले के रानीगंज में एक और जनसभा को संबोधित किया। साथ ही शाम 4 बजे उन्होंने दुर्गापुर के स्टील सिटी में एक भव्य रोडशो किया। उनके दिन का आखिरी कार्यक्रम रात आठ बजे दुर्गापुर में होगा। यहां वह एक सांगठनिक बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
बीरभूम जिले के मयूरश्वर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी टीएमसी पर तीखा हमला बोला। शाह ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी राज्य की बहुसंख्यक आबादी को डराने-धमकाने की कोशिश कर रही हैं और यह चुनाव घुसपैठियों को बाहर निकालने के लिए अहम है।
जनता बमों का जवाब वोट से देगी
उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता इस बार बमों का जवाब वोट से देगी और 4 मई के बाद राज्य में डबल इंजन सरकार बनने जा रही है। शाह ने दावा किया कि केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार बनने से विकास की गति तेज होगी और कानून-व्यवस्था मजबूत होगी। रैली में शाह ने टीएमसी कार्यकर्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि टीएमसी के गुंडे मतदान के दिन घर में ही रहें, अन्यथा 4 मई के बाद उन्हें जेल भेजा जाएगा।
भाजपा लाएगी समान नागरिक संहिता कानून
उन्होंने आगे कहा, सत्ता में आने के बाद भाजपा बंगाल में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करेगी। शाह ने कहा कि यह कानून एक खास समुदाय के पुरुषों को चार शादियां करने से रोकेगा। ममता बनर्जी के आरोपों पर पलटवार करते हुए शाह ने कहा कि बंगाल दिल्ली से नहीं चलेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव नतीजों के बाद राज्य का मुख्यमंत्री इसी धरती का कोई बेटा बनेगा। शाह ने घुसपैठ के मुद्दे पर ममता सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन नहीं दे रही हैं, लेकिन घुसपैठ के लिए बीएसएफ को दोष देती हैं। औद्योगिक विकास पर बात करते हुए शाह ने वादा किया कि भाजपा सरकार बंगाल में पांच औद्योगिक एस्टेट बनाएगी। इससे राज्य में निवेश लाना आसान हो जाएगा।
राम मंदिर के मुद्दे पर क्या बोले शाह?
राम मंदिर के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस और ममता बनर्जी ने 550 वर्षों तक राम लल्ला को तंबू में रखने का समर्थन किया। इसके उलट पीएम मोदी ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनवाया। शाह ने आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि पहलगाम हमले के बाद पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का निर्देश दिया। उन्होंने पाकिस्तान पर वहीं वार किया जहां उसे सबसे ज्यादा चोट लगी। उन्होंने पुरानी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि मनमोहन सिंह सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ कभी ठोस कदम नहीं उठाए, बल्कि उनके साथ बिरयानी वाली मेहमाननवाजी की। शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने नक्सलवाद को कुचल दिया है। अब समय आ गया है कि घुसपैठियों को देश से बाहर निकाला जाए। उन्होंने ममता बनर्जी के करीबी रहे हुमायूं कबीर पर भी हमला किया। शाह ने कहा कि कबीर बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाना चाहते हैं, लेकिन भाजपा ऐसा कभी नहीं होने देगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.