Assam Elections: असम में चढ़ा सियासी पारा, PM मोदी की दो रैलियां; प्रियंका ने असमिया पहचान बचाने का वादा किया
Assam Elections: असम विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार चरम पर है। राज्य में सियासी पारा चढ़ने का संकेत इसी बात से मिल रहा है कि आज PM मोदी ने भाजपा की दो रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथ लिया। दूसरी तरफ कांग्रेस के लिए प्रियंका गांधी ने असमिया पहचान बचाने का वादा कर वोट देने की अपील की। उन्होंने नाजिरा में चुनावी रैली को संबोधित किया। जानिए किसने क्या कहा?
विस्तार
असम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दो जनसभाओं को संबोधित किया। पीएम मोदी ने धेमाजी के बाद बिस्वनाथ ने भाजपा की रैली को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा-एनडीए के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को गिनाने के अलावा कांग्रेस के दौर में हुए फैसलों पर भी बात की। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को राष्ट्रीय सुरक्षा और घुसपैठ जैसे मुद्दों पर कटघरे में खड़ा किया। दूसरी तरफ कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने नाजिराा में आयोजित पार्टी की चुनावी रैली के दौरान असमिया पहचान बचाने का वादा किया। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को जिताने की अपील करते हुए रैली में देर से पहुंचने के लिए माफी भी मांगी। कांग्रेस के प्रत्याशियों के पक्ष में वोट करने की अपील करते हुए प्रियंका ने असम के हित में फैसले लेने वाले हाथों को मजबूत बनाने का आह्वान भी किया। पीएम मोदी और प्रियंका ने अपनी जनसभाओं में और किन बातों पर जोर दिया? पढ़िए इस खबर में
असम में विकास और कनेक्टिविटी पर पीएम मोदी का जोर
धेमाजी के गोगमुख में भाजपा की रैली के बाद बिस्वनाथ में जनसभा करने पहुंचे पीएम मोदी ने कहा, असम ने पिछले चुनाव में हमें भरपूर आशीर्वाद दिया था, मुझे विश्वास है कि असम की जनता इस बार भी भाजपा-एनडीए को रिकॉर्ड बहुमत देने जा रही है। 10 साल पहले तक, जब कोई असम आता था, तो यहां की बदहाली को देखकर हैरान हो जाता था। लेकिन, आज असम की कनेक्टिविटी को देखकर लोग खुशियों से भर जाते हैं।
अंडर वाटर टनल बनाने का फैसला
अभी कुछ समय पहले दुनिया ने असम के वो हाइवे भी देखा है, जहां लड़ाकू विमान उतर रहे हैं। आज मैं आपको एक खुशखबरी और देना चाहता हूं। अभी तक आपने हाइवे पर फाइटर जेट उतरते देखे। अब यहां ब्रह्मपुत्र के पानी के नीचे से भी गाड़ियां गुजरेंगी। केंद्र सरकार ने ब्रह्मपुत्र के नीचे 18 हजार करोड़ की लागत वाले अंडर वाटर टनल बनाने के निर्णय को स्वीकृति दे दी है।
कांग्रेस पर सुरक्षा से खिलवाड़ करने का आरोप
पूरा देश जानता है कि कांग्रेस, विकास विरोधी है। कांग्रेस, आजाद भारत में भ्रष्टाचार की जननी है। असम में तो कांग्रेस ने ऐसे ऐसे पाप किये हैं, जो सिर्फ असम की जनता जानती है। कांग्रेस ने असम की आत्मा, शान, पहचान और सुरक्षा से खिलवाड़ किया है। कांग्रेस को देश की विरासत से...देश के गौरवमयी इतिहास से नफरत है।
नाजिरा में कांग्रेस पार्टी की रैली, प्रियंका गांधी ने भरी हुंकार
प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार के साथ-साथ असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में 'एक परिवार' सब कुछ लूट रहा है। नाजिरा में आयोजित इस चुनावी रैली में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तीखा हमला किया।
ये भी पढ़ें- बंगाल में चुनाव प्रचार: ओवैसी-हुमायूं कबीर एक मंच पर, AIMIM चीफ बोले- महज वोटिंग मशीन बनकर रह गए हैं मुस्लिम
चाय बागान श्रमिकों की दैनिक मजदूरी नहीं बढ़ी
कांग्रेस सांसद ने कहा, जब वे नहीं लूटते, तो खदानें, जमीनें और अन्य संपत्तियां बड़े उद्योगपतियों को सौंप दी जाती हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए शारदा, स्मार्ट सिटी और एनसी हिल्स जैसे पुराने घोटालों का जिक्र भी किया। प्रियंका ने भाजपा के 'डबल इंजन' सरकार पर कटाक्ष करते हुए 'डबल गुलामी' की सरकार करार दिया। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री अमेरिका के गुलाम हैं और हिमंत बिस्वा सरमा पीएम मोदी के गुलाम हैं। उन्होंने चाय बागान मजदूरों की दैनिक मजदूरी बढ़ाने का वादा पूरा न करने को लेकर भी सरकार की आलोचना की।
ये भी पढ़ें- धेमाजी में BJP की रैली: PM बोले- कांग्रेस के राजकुमार हार का शतक लगाएंगे; चाय के साथ चिप भी बनेगी असम की पहचान
सरकारी योजनाओं से नाम काटने की धमकी देने का आरोप
प्रियंका गांधी ने कहा कि विभिन्न आदिवासी समुदाय वर्षों से अनुसूचित जनजाति (एसटी) दर्जे की मांग कर रहे हैं। बकौल प्रियंका, 'भाजपा ने उन्हें एसटी दर्जा देने का वादा किया था, लेकिन वे इसे देने में विफल रहे। असम की महिलाओं को सरकारी योजनाओं से नाम हटाने की धमकी दी जाती है। विशेषकर 'अरुणोदय' जैसी प्रमुख गरीबी उन्मूलन योजना से नाम हटाने की धमकी देकर उन्हें रैलियों में शामिल होने के लिए मजबूर किया जाता है।'
संबंधित वीडियो
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.