Politics: 'रिकॉर्ड के अलावा उनके पास कोई उपलब्धि नहीं’, सिद्धारमैया के सबसे लंबे कार्यकाल पर भाजपा का तंज
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के सबसे लंबे कार्यकाल के रिकॉर्ड पर भाजपा ने तीखा हमला बोला है। भाजपा नेताओं ने भ्रष्टाचार, वित्तीय संकट और विकास की कमी का आरोप लगाया। साथ ही रिकॉर्ड को लेकर भी विवाद शुरू हो गया है।
विस्तार
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के 7 जनवरी को राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाने से पहले ही सियासत तेज हो गई है। विपक्षी भाजपा ने इस उपलब्धि पर बधाई देने के बजाय उनके शासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा का कहना है कि लंबे कार्यकाल का जश्न मनाने की कोई वजह नहीं है, क्योंकि यह दौर भ्रष्टाचार, वित्तीय संकट और विकास की कमी से भरा रहा है।
केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बंगलूरू में कहा कि सिद्धारमैया के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने पर खुशी मनाने का कोई कारण नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार, आपसी कलह और गंभीर वित्तीय संकट से जूझ रही है। जोशी ने दावा किया कि विकास कार्य ठप हैं और यही वजह है कि इस रिकॉर्ड के अलावा सिद्धारमैया के खाते में कोई ठोस उपलब्धि नहीं है।
अवैध घुसपैठ का मुद्दा भी उठाया
प्रल्हाद जोशी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान बांग्लादेश से अवैध घुसपैठ बढ़ी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसे लोग कांग्रेस के शासन में ही क्यों आते हैं। भाजपा ने दावा किया कि वह अवैध प्रवासियों की पहचान कर उन्हें बाहर करने का काम कर रही है। इस बयान के साथ ही राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए गए।
ये भी पढ़ें- 'नहीं मिली अनुमति तो CM सोरेन को लगाया फोन', अभिषेक बनर्जी बोले- हेलिकॉप्टर रोक सकते, हौसले नहीं
रिकॉर्ड पर भी विवाद
भाजपा सांसद लहर सिंह सिरोया ने सोशल मीडिया पोस्ट में सिद्धारमैया के सबसे लंबे कार्यकाल के दावे को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री देवराज उर्स ने मार्च 1972 से जनवरी 1980 तक लगातार मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया था, जबकि सिद्धारमैया का कार्यकाल 2018 में टूटा था, जब कांग्रेस चुनाव हार गई और वे अपनी चामुंडेश्वरी सीट भी हार गए थे। सिरोया ने यह भी कहा कि उर्स के लंबे कार्यकाल के पीछे आपातकाल और चुनाव टलने जैसे हालात थे, फिर भी उनका कार्यकाल निरंतर था।
अभिनव अरसु से आउटगोइंग सीएम तक
भाजपा ने सोशल मीडिया पर सिद्धारमैया को अभिनव अरसु यानी नया राजा बताते हुए तंज कसा। पार्टी ने आरोप लगाया कि 7 साल और 240 दिन के शासन में भ्रष्टाचार बढ़ा, कर्ज का बोझ बढ़ा और विकास शून्य रहा। भाजपा ने दावा किया कि स्कूलों की हालत खराब है, भर्तियां नहीं हो रहीं, बेरोजगारी बढ़ी है और किसानों की आत्महत्याओं का सही हिसाब तक नहीं है। महंगाई को लेकर भी सरकार को घेरा गया। एक अन्य पोस्ट में भाजपा ने सिद्धारमैया को आउटगोइंग सीएम बताते हुए कहा कि वे डर और दबाव में यह रिकॉर्ड बना रहे हैं।
अन्य वीडियो-
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.