महाराष्ट्र निकाय चुनाव: 'बीएमसी में भाजपा ने बनाया जीत का रिकॉर्ड', CM फडणवीस बोले- बालासाहेब का आशीर्वाद मिला
BMC Election Result: महाराष्ट्र निकाय चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति ने बीएमसी में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसे जनता का आशीर्वाद बताया। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह विकास और स्थिरता की राजनीति की जीत है।
विस्तार
महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों में इस बार बड़ा राजनीतिक संदेश सामने आया है। देश की सबसे समृद्ध महानगरपालिका बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति ने जीत का रिकॉर्ड बनाते हुए स्पष्ट बहुमत की ओर मजबूत बढ़त हासिल की है।
इस नतीजे को मुंबई की सत्ता में लंबे समय बाद स्थिर सरकार की वापसी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने इसे जनता का आशीर्वाद और विकास की राजनीति की जीत बताया।
भाजपा ने जीत का श्रेय किसे दिया?
भाजपा ने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और संगठनात्मक मजबूती को दिया है। पार्टी का कहना है कि यह जनादेश विकास, सुशासन और भरोसे की राजनीति की पुष्टि करता है। राज्य स्तर पर कार्यकर्ताओं की मेहनत और स्थानीय नेतृत्व की रणनीति को भी निर्णायक बताया गया।
ये भी पढ़ें- भारत-यूरोपीय संघ व्यापार समझौते की घोषणा जल्द होने की उम्मीद, गोयल बोले- यह ऐतिहासिक
बीएमसी में जीत क्यों अहम मानी जा रही है?
- बीएमसी देश का सबसे अमीर नगर निगम है, इसलिए इसके चुनाव का असर केवल मुंबई नहीं, पूरे राज्य की राजनीति पर पड़ता है।
- मुंबई की प्रशासनिक और राजनीतिक दिशा काफी हद तक बीएमसी से तय होती है।
- भाजपा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की महायुति को बढ़त मिलना शहरी मतदाताओं के भरोसे का संकेत है।
- नतीजे बताते हैं कि मतदाताओं ने स्थिर सरकार और विकास की राजनीति को प्राथमिकता दी है।
- फडणवीस ने कहा कि यह जीत सामूहिक मेहनत और पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रयासों का परिणाम है।
विपक्ष को जनता ने क्या संदेश दिया?
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने चुनाव नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए विपक्ष पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि महायुति को जनता का भरोसा मिला है, जबकि कांग्रेस, उद्धव ठाकरे गुट और शरद पवार गुट की अगुवाई वाली महाविकास आघाड़ी सीमित सीटों तक सिमट गई है। उनके मुताबिक, नकारात्मक राजनीति और अस्थिर गठबंधनों को जनता ने नकार दिया है। गोयल ने दावा किया कि मुंबई में अब वर्षों बाद स्पष्ट बहुमत वाली स्थिर सरकार बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि उद्धव और राज ठाकरे के गठबंधन को मतदाताओं ने नैतिक जवाब दिया है।
भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन की बीएमसी चुनावों में शानदार जीत हासिल की है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने निकाय चुनावों में मिली जीत के बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण को फोन किया और बधाई दी। फडणवीस जल्द ही मुंबई में राज्य भाजपा मुख्यालय जाएंगे, जहां उनका भव्य स्वागत होगा। वह पार्टी कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे और उन्हें जीत की बधाई देंगे।
#WATCH | Maharashtra civic body elections | CM Devendra Fadnavis calls up Mumbai BJP president Ameet Satam and congratulates him, as the BJP-Shiv Sena Mahayuti leads in the BMC elections.
(Video Source: Maharashtra CMO) pic.twitter.com/cEB0hSTm8z
— ANI (@ANI) January 16, 2026
बीएमसी चुनावों में भाजपा-शिवसेना महायुति की जीत के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम को फोन करके बधाई दी।
दो-तिहाई बहुमत हासिल करेगा महायुति- चंद्रशेखर बावनकुले
महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने शुक्रवार को कहा कि राज्य के नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बहुमत की ओर बढ़ रही है और पार्टी के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन दो-तिहाई बहुमत हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने विकास के पक्ष में मतदान किया है।
नागपुर में पत्रकारों से बातचीत में बावनकुले ने कहा कि रुझानों के मुताबिक भाजपा करीब 51 प्रतिशत वोट शेयर के साथ बहुमत का आंकड़ा पार करेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि महायुति गठबंधन भी दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की स्थिति में है। रुझानों के अनुसार, मुंबई महानगरपालिका के 227 में से 210 वार्डों में भाजपा और उसकी सहयोगी शिवसेना आगे चल रही हैं। इसके अलावा राज्य के कई अन्य नगर निकायों में भी भाजपा बढ़त बनाए हुए है।
बावनकुले ने कहा कि नागपुर नगर निगम चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के विजन पर जनता ने भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली ‘डबल इंजन’ सरकारों पर अपना विश्वास दोहराया है। उल्लेखनीय है कि राज्य भर में 29 नगर निकायों के लिए गुरुवार को मतदान हुआ था, जबकि शुक्रवार को मतगणना की जा रही है।
अन्य वीडियो-