{"_id":"69da2ffccb5f90148d0143d5","slug":"country-will-get-another-new-vande-bharat-sleeper-the-railway-is-preparing-to-run-it-from-these-two-big-cities-2026-04-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"Vande Bharat Sleeper:देश को मिलेगी एक और नई वंदे भारत स्लीपर, रेलवे की इन दो बड़े शहरों से चलाने की है तैयारी","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Vande Bharat Sleeper:देश को मिलेगी एक और नई वंदे भारत स्लीपर, रेलवे की इन दो बड़े शहरों से चलाने की है तैयारी
डिजिटल ब्यूरो ,अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Asmita Tripathi
Updated Sat, 11 Apr 2026 04:57 PM IST
विज्ञापन
सार
यह नई सेवा न केवल यात्रा समय को कम करेगी, बल्कि मुंबई और बेंगलुरु जैसे व्यस्त रूट पर यात्रियों को प्रीमियम और आरामदायक सफर का विकल्प भी देगी। रेलवे विभाग जल्द ही इसके शेड्यूल और टिकट बुकिंग से जुड़ी विस्तृत जानकारी जारी करेगा।
वंदे भारत की स्लीपर ट्रेन
- फोटो : रेलवे मंत्रालय
विज्ञापन
विस्तार
हावड़ा-कामाख्या रूट पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सफलता के बाद अब रेल मंत्रालय इसे अन्य रूटों पर भी शुरू करने की तैयारी में है। इसी कड़ी में रेलवे ने अब बेंगलुरु से मुंबई के बीच नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने को मंजूरी दे दी है। हालांकि, ट्रेन के संचालन की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है, लेकिन इसे जल्द शुरू किए जाने की उम्मीद है।
Trending Videos
हाल ही में बैंगलोर सेंट्रल से भाजपा सांसद पी.सी. मोहन ने बेंगलुरु और मुंबई के बीच कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए रेल मंत्री को पत्र लिखा था। इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए रेल मंत्री ने न सिर्फ प्रस्ताव पर विचार किया, बल्कि इसे मंजूरी भी दे दी। यह ट्रेन दक्षिण और पश्चिम भारत के दो बड़े आर्थिक केंद्रों को जोड़ने वाली पहली वंदे भारत स्लीपर सेवा होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
सांसद पी.सी. मोहन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के पत्र को साझा करते हुए इस नई सेवा की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कर्नाटक और बेंगलुरु की जनता की तरफ से मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेल राज्यमंत्री वी. सोमन्ना को बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को मंजूरी देने के लिए आभार व्यक्त करता हूं। इस ट्रेन के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को बेहतर व सुविधाजनक सफर का लाभ मिलेगा।
जानकारी के मुताबिक, यह नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन केएसआर बेंगलुरु और मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के बीच संचालित होगी। नारंगी और ग्रे रंग की यह अत्याधुनिक ट्रेन बीईएमएल ने विकसित की है, जिसमें चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री की उन्नत तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इस ट्रेन का संचालन और रखरखाव दक्षिण पश्चिम रेलवे जोन द्वारा किया जाएगा। यह देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन होगी। इससे पहले जनवरी 2026 में हावड़ा और कामाख्या के बीच पहली वंदे भारत स्लीपर सेवा शुरू की गई थी, जिसने दोनों शहरों के बीच यात्रा समय को करीब छह घंटे तक कम कर दिया है।
दरअसल, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को खासतौर पर रात के सफर को आरामदायक बनाने के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें आधुनिक बर्थ, बेहतर लाइटिंग, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था जैसी सुविधाएं मिलेंगी। यह नई सेवा न केवल यात्रा समय को कम करेगी, बल्कि मुंबई और बेंगलुरु जैसे व्यस्त रूट पर यात्रियों को प्रीमियम और आरामदायक सफर का विकल्प भी देगी। रेलवे विभाग जल्द ही इसके शेड्यूल और टिकट बुकिंग से जुड़ी विस्तृत जानकारी जारी करेगा। वर्तमान में मुंबई और बेंगलुरु के बीच की दूरी तय करने में सामान्य सुपरफास्ट ट्रेनों को 20 से 24 घंटे का समय लगता है। वंदे भारत स्लीपर अपनी 160 किमी/घंटा की टॉप स्पीड के कारण इस सफर को महज 12 से 15 घंटे में पूरा कर देगी।
इस साल 12 स्लीपर वंदे भारत ट्रेन ट्रैक पर
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, इस साल के अंत तक कुल 12 वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें शुरू कर दी जाएंगी। पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के लॉन्च के दौरान उन्होंने बताया था कि अक्टूबर तक 8 ट्रेनें शुरू हो जाएंगी और साल के अंत तक इनकी संख्या बढ़कर 12 हो जाएगी।