सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   karnataka cm ipl final weather pm modi Rahul Gandhi politics News updates

News Updates: CM बनने के बाद पहली बार तिरुचिरापल्ली जाएंगे विजय; सिक्किम को मिला ₹360 करोड़ का ऑर्गेनिक पैकेज

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: राकेश कुमार Updated Mon, 01 Jun 2026 10:16 AM IST
विज्ञापन
karnataka cm ipl final weather pm modi Rahul Gandhi politics News updates
देश की बड़ी खबरें - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय सोमवार को मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार तिरुचिरापल्ली का दौरा करेंगे। वह यहां एक जनसभा को संबोधित कर विधानसभा चुनाव में समर्थन देने वाले मतदाताओं का आभार व्यक्त करेंगे।

टीवीके सूत्रों के अनुसार, विजय चार्टर्ड विमान से चेन्नई से रवाना होकर शाम करीब 4 बजे तिरुचिरापल्ली पहुंचेंगे और सेंट जोसेफ कॉलेज में आयोजित धन्यवाद सभा में हिस्सा लेंगे। चुनाव में उन्होंने तिरुचिरापल्ली ईस्ट और पेरम्बूर दोनों सीटों से जीत हासिल की थी, लेकिन बाद में तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट छोड़कर पेरम्बूर सीट बरकरार रखी।

विज्ञापन
विज्ञापन

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और शहर में चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा भी कर सकते हैं। पुलिस ने कार्यक्रम को देखते हुए यातायात में बदलाव किया है। पार्टी ने बताया कि केवल क्यूआर कोड पास प्राप्त 5,000 लोगों को ही सभा में प्रवेश मिलेगा।

विज्ञापन
Trending Videos

सिक्किम को केंद्र का बड़ा समर्थन, ऑर्गेनिक मिशन के लिए 360 करोड़ रुपये की योजना
केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय (एमडीओएनईआर) ने सिक्किम को सतत विकास, जैविक खेती और पर्यावरण-अनुकूल विकास का राष्ट्रीय मॉडल बताते हुए बड़े वित्तीय समर्थन की घोषणा की है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि 'एक्ट ईस्ट' नीति के तहत सिक्किम पारिस्थितिक संरक्षण, जिम्मेदार पर्यटन और ऑर्गेनिक कृषि का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है।

सिक्किम के 51वें राज्यत्व दिवस समारोह के दौरान गंगटोक में सिंधिया ने 360 करोड़ रुपये की लागत वाली 'मिशन सिक्किम ऑर्गेनिक्स' योजना की शुरुआत की। इस योजना से राज्य के 66 हजार से अधिक किसान परिवारों को लाभ मिलेगा। मंत्रालय इस मिशन में 85 करोड़ रुपये का योगदान देगा, जबकि शेष राशि विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों, नाबार्ड, एपीडा और निजी निवेश के माध्यम से जुटाई जाएगी। राज्यत्व दिवस पर 223 करोड़ रुपये की 21 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया गया।

एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का खौफनाक अंत: पत्नी की हत्या कर नदी किनारे दफनाई लाश!
कटक जिले में पुलिस ने एक शख्स को अपनी 28 वर्षीय पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम मलय कुमार सामल है, जो पेशे से राजमिस्त्री है। मलय ने करीब दो साल पहले वनिता सेठी नाम की महिला से प्रेम विवाह किया था। दोनों टांगी थाना क्षेत्र के एक किराए के मकान में रह रहे थे, जहां वनिता एक प्राइवेट एजेंसी में काम कर घर का खर्च चलाती थी।

पुलिस के अनुसार, कुछ समय पहले वनिता की एक सहेली उनके घर रहने आई थी। इस दौरान मलय का उस सहेली के साथ अफेयर शुरू हो गया, जिसे लेकर पति-पत्नी में रोज झगड़े होने लगे। इसी विवाद में मलय ने वनिता का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को बोरे में भरकर मेंढाखाई नदी के किनारे दफना दिया। वनिता के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मलय को पकड़ा, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अब फरार सहेली की तलाश कर रही है।

गुजरात और दमन दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी, देंगे 18,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 जून को गुजरात और केंद्र शासित प्रदेश दमन के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वह सूरत में लगभग 18,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा दमन में नए नागरिक हवाई अड्डे और एक सरकारी अस्पताल का उद्घाटन भी करेंगे।

सूरत के जिला कलेक्टर तेजस परमार ने बताया कि प्रधानमंत्री दोपहर करीब 2:45 बजे सूरत पहुंचेंगे। यहां वह पहले हजीरा क्षेत्र स्थित एक औद्योगिक इकाई का दौरा करेंगे। इसके बाद सूरत के इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जहां 18,000 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, सूरत कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री दमन जाएंगे। वहां वह भारतीय तटरक्षक बल की हवाई पट्टी के पास बनाए गए नए नागरिक हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही हवाई अड्डे के निकट स्थित मारवड़ सरकारी अस्पताल भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। एजेंसी

दमन में मोदी एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे
दमन में प्रधानमंत्री स्वामी विवेकानंद मैदान में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान वह केंद्र शासित प्रदेश की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास वर्चुअल माध्यम से करेंगे। अधिकारियों का कहना है कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं और संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

सीएम आवास के पास हड़कंप: जमीन विवाद में दो महिलाओं ने खाया जहर!
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के आवास के पास रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रदर्शन कर रही दो महिलाओं ने कथित तौर पर जहर खा लिया। ये महिलाएं खुर्दा जिले के बानपुर में चल रहे एक पुराने जमीन विवाद के समाधान में देरी से नाराज थीं। भुवनेश्वर के लोअर पीएमजी स्थित धरना स्थल पर कुल तीन महिलाएं विरोध प्रदर्शन कर रही थीं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बानपुर पुलिस टीम महिलाओं को समझा-बुझाकर उनके इलाके में ले जाने आई थी ताकि विवाद सुलझाया जा सके। लेकिन जाने से पहले दो महिलाएं सुलभ शौचालय गईं और वहां उन्होंने जहर खा लिया। दोनों को तुरंत कैपिटल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। डीसीपी जगमोहन मीना ने बताया कि इलाज के बाद दोनों महिलाओं की हालत अब खतरे से बाहर है।

सभी राज्यों में जनसेवा कार्यक्रम शुरू करेगा क्षमता निर्माण आयोग
क्षमता निर्माण आयोग जल्द ही सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अपने महत्वाकांक्षी जन सेवा कार्यक्रम का विस्तार करेगा। इससे सरकारी अधिकारियों के बीच सेवा भाव को बढ़ाने में मदद मिलेगी। आयोग की प्रमुख एस राधा चौहान ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोक सेवकों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना है। विशेष रूप से जनता से सीधे तौर पर जुड़े अधिकारियों के भीतर सेवा भाव को जागृत करना है। 

भारत-बांग्लादेश सीमा वार्ता अगले सप्ताह, घुसपैठ और सीमा सुरक्षा पर फोकस
भारत और बांग्लादेश के बीच द्विवार्षिक डीजी-स्तरीय सीमा वार्ता अगले सप्ताह नई दिल्ली में होने की संभावना है। इस साल फरवरी में बांग्लादेश में बीएनपी सरकार के सत्ता में आने के बाद दोनों देशों के सीमा बलों के बीच यह पहली शीर्ष स्तरीय बैठक होगी। 8 से 11 जून के बीच होने वाली इस बैठक में सीमा पर बाड़बंदी, बीएसएफ के जवानों पर हमले, घुसपैठ रोकने, सीमा पार अपराधों पर अंकुश लगाने और अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को वापस भेजने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। भारत और बांग्लादेश के बीच 4,096 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा है। 

कटक में भीषण आग, मछली गोदाम से उठीं लपटों ने बैंक और दुकानों को भी चपेट में लिया
ओडिशा के कटक में सोमवार को एक मछली गोदाम में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पास स्थित एक बैंक और कई दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास घना धुआं फैल गया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से बैंक और दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

ममता बनर्जी की बैठक में पहुंचे मात्र 20 विधायक, स्थगित
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अपने आवास पर बुलाई बैठक में 80 विधायकों में से मात्र 20 ही पहुंचे। इसके चलते बैठक को स्थगित कर दिया गया। बैठक पार्टी में एकता और संगठन को मजबूत करने के मकसद से बुलाई गई थी। सूत्रों के अनुसार, बैठक शाम चार बजे तय थी और इसे संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा था। समय बढ़ने के साथ ममता के आवास पर कुछ वरिष्ठ नेता और कुछ पूर्व मंत्री ही पहुंचे। इनमें कुणाल घोष, शोभनदेव चट्टोपाध्याय, फिरहाद हाकिम, मदन मित्रा, नयन बनर्जी, अशोक देव और विमान बनर्जी जैसे नाम शामिल है। बैठक में कम मौजूदगी को लेकर पार्टी के अंदर समन्वय और विधायकों की सक्रियता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। 
 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed