Delhi Politics: अरविंद केजरीवाल के बरी होने से AAP में होली का जश्न, भाजपा बोली- उच्च अदालत में होगा न्याय
अरविंद केजरीवाल को शराब घोटाले में बरी किए जाने पर आप ने इसे सत्य की जीत बताया, जबकि भाजपा ने कहा कि सीबीआई इस मामले में उच्च न्यायाल में अपील करने जा रही है और मामले का अंतिम सच सामने आना बाकी है
विस्तार
आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल को अदालत ने शराब घोटाले से बरी कर दिया है। केजरीवाल के साथ-साथ इस मामले में सह आरोपी बनाए गए अन्य लोगों को भी बरी कर दिया गया है। इससे दिल्ली की सियासत अचानक गरम हो गई है। आम आदमी पार्टी ने इसे 'सत्य की जीत' बताया है और कहा है कि केवल चुनावी जीत के लिए केजरीवाल पर झूठा केस गढ़ा गया था। पार्टी के अनुसार, इससे भाजपा की झूठ और बदले की राजनीति का पर्दाफाश हो गया है। पार्टी ने कहा है कि वह पूरी मजबूती के साथ इस मामले को दिल्ली की जनता के बीच ले जाएगी और भाजपा को बेनकाब करेगी।
वहीं, भाजपा ने कहा है कि सीबीआई इस मामले में उच्च अदालत में अपील करने जा रही है और मामले का अंतिम सच सामने आना बाकी है। पार्टी ने कहा कि केजरीवाल शराब घोटाले के अलावा शिक्षा, मुख्यमंत्री आवास के पुनर्निर्माण और स्वास्थ्य सहित अनेक मामलों में आरोपी हैं। इन मामलों में अभी जांच-सुनवाई चल रही है। ऐसे में केजरीवाल अभी भी न्याय के कटघरे में खड़े हैं।
आप कार्यालय पर जश्न
केजरीवाल के शराब घोटाले में बरी किए जाने की खबर सामने आते ही आम आदमी पार्टी के कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पार्टी कार्यकर्ता ढोल, नगाड़ों के संग कार्यालय पहुंचे और जश्न मनाया। कार्यालय में होली के पहले ही होली के जैसा माहौल बन गया और कार्यकर्ताओं ने अबीर-गुलाल उड़ाकर जश्न मनाया। आप नेताओं-कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर और मिठाइयां खिलाकर अपनी खुशी प्रकट की।
भाजपा की झूठ की राजनीति का पर्दाफाश- आप पार्षद
सागरपुर से आम आदमी पार्टी की पार्षद सिम्मी यादव ने अमर उजाला से कहा कि यह सत्य की जीत है। अरविंद केजरीवाल ने जनता की भलाई की राजनीति का एक नया युग शुरू किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने आप की राजनीति खत्म करने के लिए केजरीवाल को गलत तरीके से शराब घोटाले में फंसाया। आप नेता ने कहा कि केजरीवाल के बरी होने से हमारी विश्वसनीयता और मजबूत हुई है। दिल्ली के लोग एक बार फिर केजरीवाल को अपना समर्थन देंगे।
आप नेता राजेश यादव ने कहा कि केजरीवाल के बरी होने के साथ ही यह पता चल गया है कि किस तरह केंद्र सरकार झूठे आरोप लगाकर विपक्ष के नेताओं को परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि आज देश की जनता का अदालतों में भरोसा मजबूत हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को जेल में डालकर उनकी पार्टी को समाप्त करने की साजिश रची गई थी, लेकिन सच जनता के सामने आ गया है।
आम आदमी पार्टी नेता अमृत नाथ शुक्ला ने कहा कि अरविंद केजरीवाल भारत की राजनीति में ईमानदारी के प्रतीक हैं। उन्होंने एक लोकसेवक के रूप में अपनी बड़ी नौकरी छोड़कर जनता की सेवा का रास्ता चुना था, लेकिन भाजपा ने राजनीति कर उन्हें भ्रष्टाचार के दलदल में गिराने का प्रयास किया था। लेकिन अदालत ने आज यह साफ कर दिया है कि सत्य को परेशान किया जा सकता है, लेकिन पराजित नहीं। आप नेता ने कहा कि दिल्ली की जनता फिर केजरीवाल पर अपना भरोसा व्यक्त करेगी और वे फिर दिल्ली के मुख्यमंत्री बनेंगे।
केजरीवाल के मामले में न्याय होना बाकी है- मनोज तिवारी
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल शराब घोटाले के साथ-साथ अनेक मामलों में आरोपी हैं और ये सभी मामले अभी भी दिल्ली की विभिन्न अदालतों में चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि शराब घोटाले के मामले में भी सीबीआई ऊपरी अदालत में अपील करने की तैयारी कर रही है, ऐसे में अभी अरविंद केजरीवाल अभी इस मामले में पूरी तरह मुक्त नहीं हुए हैं।
मनोज तिवारी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल इस बात से इनकार नहीं कर सकते कि उन्होंने शराब व्यापारियों का कमीशन दो प्रतिशत से बढ़ाकर 12 प्रतिशत कर दिया था। वे इस बात से भी इनकार नहीं कर सकते कि उनकी सरकार में दिल्ली की गली-गली में शराब की दुकानें खोलने की अनुमति दे दी गई थी जिससे दिल्ली का माहौल बिगड़ने लगा था। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के मामले में न्याय होना बाकी है।
कमेंट
कमेंट X