Kiren Rijiju New Video: रिजिजू ने नया वीडियो साझा किया, कहा- स्पीकर चैंबर में घुसे सांसदों ने तोड़ी मर्यादा
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा था कि विपक्ष के 20-25 सांसदों ने लोकसभा स्पीकर के चैंबर में घुसकर उन्हें गालियां दीं। अब अपने उस दावे के पक्ष में रिजिजू ने एक वीडियो साझा किया है, जिसमें विपक्षी सांसद लोकसभा स्पीकर को घेरकर खड़े हैं। जानिए रिजिजू ने क्या बताया
विस्तार
आज संसद के बजट सत्र का 12वां दिन है। केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा स्पीकर के चैंबर में हुए हंगामे को लेकर नया वीडियो पोस्ट किया है। बुधवार को जारी इस नई वीडियो क्लिप से पहले भी रिजिजू ने विपक्षी दलों पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि कांग्रेस के 20-25 सांसदों ने अध्यक्ष के कमरे में घुसकर गालियां दी थी।
रिजिजू ने वीडियो को असांविधानिक बताया
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने ने सोशल मीडिया पर पोस्ट वीडियो के साथ लिखा 'यह कांग्रेस सांसद द्वारा बनाया गया अवैध वीडियो क्लिप है, जिसमें 20-25 कांग्रेस सांसद माननीय अध्यक्ष के कक्ष में घुसकर उन्हें अपशब्द कह रहे हैं और माननीय प्रधानमंत्री को धमकी दे रहे हैं। हमारी पार्टी बहस और चर्चा में विश्वास रखती है और सांसदों को शारीरिक रूप से धमकी देने के लिए कभी प्रोत्साहित नहीं करती।'
This is the illegal video clip taken by a Congress MP when 20-25 Congress MPs entered the Chamber of Hon’ble Speaker, abused him and threatened Honb'le Prime Minister. Our party believes in debate & discussion and never encourage MPs to threaten physically. https://t.co/bezzALc7D3 pic.twitter.com/iM0a50Z4rg
— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) February 12, 2026
तेज आवाज में विरोध जताते दिखे सांसद
रिजिजू के हैंडल पर साझा वीडियो में दिख रहा है कि कांग्रेस सांसद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के चैंबर में घुसकर तेज आवाज में अपना विरोध जता रहे हैं। विरोध प्रदर्शन की इस वीडियो क्लिप के अलावा रिजिजू ने अपना बयान भी साझा किया है।
प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल पर गंभीर आरोप
उन्होंने कहा, 'प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी में विपक्षी सांसदों ने लोकसभा स्पीकर और पीएम मोदी को गालियां दीं और ये भी कहा कि जब प्रधानमंत्री संसद आएंगे तो देखिएगा हम क्या करते हैं।' रिजिजू ने कहा कि अगर हम भी अपने सांसदों को संयम बरतने के लिए नहीं कहते और उन्हें नियंत्रित नहीं करते तो संसद में महाभारत हो सकती थी।
लोकसभा में खत्म हुआ लंबा गतिरोध
बता दें कि इससे पहले मंगलवार को लोकसभा में आम बजट पर चर्चा हुई। इसमें विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कई सांसदों ने भाग लिया। खास बात ये रही कि हंगामे के कारण कई दिनों तक बरकरार रहे गतिरोध के बाद मंगलवार को सदन में विधायी कामकाज हुए। चर्चा पूरी होने के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने चर्चा का जवाब भी दिया।