Ghooskhor Pandat Row: नाराज सुप्रीम कोर्ट ने घूसखोर पंडित पर फिल्म निर्माता से पूछा- नाम बदलकर क्या रखोगे?
Ghooskhor Pandat Movie Controversy: मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ का नाम विवादों में है। लगातार बढ़ते विवाद के बीच मेकर्स ने नाम बदलने की बात कही। यही मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट ने इस फिल्म के मेकर्स को फटकार लगाई।
विस्तार
सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को फिल्म 'घूसखोर पंडित' के फिल्ममेकर नीरज पांडे को फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि ऐसे टाइटल का इस्तेमाल करके समाज के एक हिस्से को बदनाम नहीं कर सकते हैं। मनोज बाजपेयी स्टारर फिल्म ‘घूसखाेर पंडित’ की रिलीज पर रोक लगाने वाली एक याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म के नाम पर कड़ी आपत्ति जाहिर की। यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली थी।
नया नाम बताने के बाद ही रिलीज होगी फिल्म
पीटीआई की खबर के अनुसार जस्टिस बीवी नागरत्ना और उज्जल भुयान की बेंच ने फिल्म ‘घूसखाेर पंडित’ की एक याचिका पर सूचना और प्रसारण मंत्रालय, सेंट्रल बोर्ड फॉर फिल्म सर्टिफिकेशन को भी नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने कहा, ‘आप ऐसे टाइटल का इस्तेमाल करके समाज के एक हिस्से को बदनाम क्यों कर रहे हैं? यह नैतिकता और पब्लिक ऑर्डर के खिलाफ है। जब तक आप हमें बदला हुआ नाम नहीं बताते हैं। हम आपको फिल्म रिलीज नहीं करने देंगे।’
कोर्ट ने फिल्म मेकर्स को एक एफिडेविट फाइल करने का निर्देश दिया कि 'घूसखोर पंडित' समाज के किसी भी वर्ग को नीचा नहीं दिखाती है। मामले की अगली सुनवाई 19 फरवरी को होगी।
याचिकाकर्ता ने फिल्म पर क्या लगाया था आरोप?
‘घूसखाेर पंडित’ के खिलाफ दायर की गई याचिका में आरोप लगाया गया है कि यह जाति और धर्म पर आधारित स्टीरियोटाइप को बढ़ावा देती है। सांप्रदायिक सद्भाव और संवैधानिक मूल्यों के लिए खतरा पैदा करती है। यह याचिका भारतीय ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय संगठन सचिव अतुल मिश्रा द्वारा फाइल की गई। इस पीआईएल पर सुनवाई सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की। इस याचिका में फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की गई थी।
फिल्म के नाम पर विरोध प्रदर्शन भी हुए
इस फिल्म को लेकर देश के कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन भी हुए। कई फिल्म संस्थों ने भी इनके नाम काे लेकर आपत्ति जताई। आखिर में मेकर्स ने नाम बदलने की बात कही। फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ में मनोज बाजपेयी के अलावा नुसरत भरुचा, साकिब सलीम, अक्षय ओबेरॉय और दिव्या दत्ता जैसे कलाकार नजर आएंगे।