Stampedes: 2025 में भगदड़ की कई घटनाओं में अब तक इतनी मौतें, देखें पिछले 22 साल में हुए हादसों की पूरी लिस्ट
आरसीबी के पहली बार आईपीएल खिताब जीतने की खुशी में उस वक्त मातम में बदल गई, जब विजय रैली के दौरान बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भगदड़ मच गई। इस हादसे में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए हैं। ये इस साल भगदड़ से जुड़ी पहली घटना नहीं थी। यहां पढ़ें, पिछले 22 साल में हुए भगदड़ के कारण हुए हादसों की सूची और उनमें जान गंवाने वालों की संख्या।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू का पहला आईपीएल खिताब जीतने का जश्न बुधवार को मातम में बदल गया, जब जश्न में शामिल होने के लिए बंगलूरू के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हजारों की संख्या में प्रशंसकों के उमड़ने से मची भगदड़ में 11 लोग मारे गए और लगभग 30 लोग घायल हो गए। बता दें कि, साल 2025 में भगदड़ से जुड़ी कई घटनाएं हुईं है, इसमें मंदिर में उत्सव के दौरान भगदड़, रेलवे स्टेशन और महाकुंभ के दौरान मची भगदड़ों में 50 से अधिक लोग मारे गए हैं।
बता दें कि, इस साल 15 फरवरी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 पर भगदड़ मच गई। इस घटना में 18 लोगों की मौत हो गई और 15 घायल हो गए, जिनमें से ज्यादातर प्रयागराज में महाकुंभ में आए तीर्थयात्री थे। वहीं 29 जनवरी को महाकुंभ के संगम क्षेत्र में एक और भगदड़ मच गई, जब हिंदू कैलेंडर के सबसे शुभ दिनों में से एक मौनी अमावस्या के अवसर पर लाखों तीर्थयात्री पवित्र स्नान करने के लिए जगह पाने के लिए धक्का-मुक्की कर रहे थे। इसमें तीस लोग मारे गए और 60 घायल हो गए।
हाल के वर्षों में देश में हुई कुछ अन्य प्रमुख त्रासदियों की सूची इस प्रकार है।
- 3 मई, 2025: गोवा के शिरगाओ गांव में श्री लैराई देवी मंदिर के वार्षिक उत्सव के दौरान तड़के मची भगदड़ में छह लोगों की मौत हो गई और करीब 100 लोग घायल हो गए।
- 15 फरवरी, 2025: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई थी। वे महाकुंभ के लिए प्रयागराज जाने वाली ट्रेन में चढ़ने का इंतजार कर रहे थे।
- 29 जनवरी, 2025: महाकुंभ के संगम क्षेत्र में मची भगदड़ में 30 लोगों की मौत हो गई और 60 लोग घायल हो गए। मौनी अमावस्या पर लाखों तीर्थयात्री 'अमृत स्नान' में भाग लेने के लिए धक्का-मुक्की कर रहे थे।
- 8 जनवरी, 2025 (तिरुमला, आंध्र प्रदेश): वैकुंठ द्वार दर्शन के लिए टिकट लेने के दौरान भगदड़ में 6 श्रद्धालुओं की मौत और दर्जनों घायल।
- 4 दिसंबर, 2024: हैदराबाद के संध्या थिएटर में अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा 2' की स्क्रीनिंग के दौरान मची भगदड़ में 35 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई और एक लड़का घायल हो गया था।
- 2 जुलाई, 2024: उत्तर प्रदेश के हाथरस में भोले बाबा उर्फ नारायण हरि द्वारा आयोजित 'सत्संग' (प्रार्थना सभा) में भगदड़ मचने से महिलाओं और बच्चों सहित 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी।
- 31 मार्च, 2023: इंदौर शहर के एक मंदिर में रामनवमी के अवसर पर आयोजित हवन कार्यक्रम के दौरान एक प्राचीन ‘बावड़ी’ या कुएं के ऊपर बनी स्लैब के ढह जाने से कम से कम 36 लोगों की मौत हुई थी।
- 1 जनवरी, 2022: जम्मू-कश्मीर में प्रसिद्ध माता वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण मची भगदड़ में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे।
ये भी पढ़ें: आरसीबी के जश्न में मची भगदड़ पर BCCI ने जताया दुख, बोर्ड ने कहा- योजना बनानी चाहिए थी
2017-2011 के अन्य बड़े हादसे:
- 29 सितंबर, 2017: मुंबई में पश्चिमी रेलवे के एलफिंस्टन रोड स्टेशन को मध्य रेलवे के परेल स्टेशन से जोड़ने वाले संकरे पुल पर मची भगदड़ में 23 लोगों की जान चली गई और 36 लोग घायल हो गए थे।
- 14 जुलाई, 2015: आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी में ‘पुष्करम’ उत्सव के पहले दिन गोदावरी नदी के तट पर एक प्रमुख स्नान स्थल पर भगदड़ मचने से 27 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए थे।
- 3 अक्तूबर, 2014: दशहरा समारोह समाप्त होने के तुरंत बाद पटना के गांधी मैदान में भगदड़ मचने से 32 लोगों की मौत हो गई और 26 अन्य घायल हो गए।
- 13 अक्तूबर, 2013: मध्य प्रदेश के दतिया जिले में रतनगढ़ मंदिर के पास नवरात्रि उत्सव के दौरान भगदड़ मचने से 115 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग घायल हो गए। भगदड़ की शुरुआत इस अफवाह के कारण हुई कि जिस नदी के पुल को श्रद्धालु पार कर रहे थे, वह ढहने वाला है।
- 19 नवंबर, 2012: पटना में गंगा नदी के किनारे घाट पर छठ पूजा के दौरान एक अस्थायी पुल के ढह जाने से मची भगदड़ में करीब 20 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए थे।
- 8 नवंबर, 2011: हरिद्वार में गंगा नदी के किनारे हर-की-पौड़ी घाट पर मची भगदड़ में कम से कम 20 लोग मारे गए थे।
- 14 जनवरी, 2011: केरल के इडुक्की जिले में एक जीप तीर्थयात्रियों से टकरा गई थी, जिसके बाद मची भगदड़ में कम से कम 104 सबरीमाला श्रद्धालु मारे गए और 40 से अधिक घायल हो गए थे।
Bengaluru Stampede Live: RCB के जश्न के दौरान भगदड़; 11 की मौत और 33 घायल, PM मोदी और राहुल ने जताया दुख
- 4 मार्च, 2010: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कृपालु महाराज के राम जानकी मंदिर में भगदड़ में करीब 63 लोग मारे गए थे।
- 30 सितंबर, 2008: राजस्थान के जोधपुर शहर में चामुंडा देवी मंदिर में बम विस्फोट की अफवाह के कारण मची भगदड़ में करीब 250 श्रद्धालु मारे गए और 60 से अधिक घायल हो गए थे।
- 3 अगस्त, 2008: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में नैना देवी मंदिर में चट्टान गिरने की अफवाह के कारण मची भगदड़ में 162 लोग मारे गए और 47 घायल हो गए।
- 25 जनवरी, 2005: महाराष्ट्र के सतारा जिले में मंधारदेवी मंदिर में वार्षिक तीर्थयात्रा के दौरान 340 से अधिक श्रद्धालु कुचलकर मारे गए और सैकड़ों घायल हो गए थे।
- 27 अगस्त, 2003: महाराष्ट्र के नासिक जिले में कुंभ मेले में पवित्र स्नान के दौरान मची भगदड़ में 39 लोग मारे गए और करीब 140 घायल हो गए।