Maharashtra: रामदास कदम के बाल ठाकरे को लेकर बयान पर सुप्रिया सुले का तंज; मुंबई में 23 करोड़ का ई-कचरा जब्त
मुंबई में 23 करोड़ का ई-कचरा जब्त, एक गिरफ्तार
राजस्व खुफिया निदेशालय ने मुंबई में 23 करोड़ रुपये का इलेक्ट्रॉनिक कचरा जब्त किया है। साथ ही सूरत की एक कंपनी के निदेशक को एल्युमीनियम स्क्रैप की आड़ में इसे आयात करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि देश की शीर्ष तस्करी-रोधी इकाई ने ऑपरेशन डिजीस्क्रैप के तहत नवी मुंबई के न्हावा शेवा बंदरगाह पर चार कंटेनरों से यह सामान जब्त किया। इस अभियान में सीमा शुल्क अधिनियम के तहत 17,760 पुराने और इस्तेमाल किए हुए लैपटॉप, 11,340 मिनी/ बेयरबोन सीपीयू, 7,140 प्रोसेसर चिप्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए। अधिकारी ने कहा कि ई-कचरे को गलत तरीके से एल्युमीनियम स्क्रैप बताकर आयातित सामग्री से कानून का उल्लंघन हुआ है। उन्होंने कहा कि सूरत स्थित एक फर्म के निदेशक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मुंबई एयरपोर्ट पर 36 विदेशी जानवरों के साथ शख्स पकड़ा गया
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को कस्टम अधिकारियों ने थाईलैंड से आए एक यात्री के सामान में छुपाए गए 36 विदेशी जानवरों को जब्त किया। इनमें गिलहरी बंदर, रैकून, इगुआना, मॉनिटर छिपकलियां और बेयर्ड ड्रैगन शामिल थे। तीन जानवरों की मौत हो चुकी थी और कुछ दम घुटने व भूख से पीड़ित थे। इन्हें RAWW (रेस्क्यू एसोसिएशन फॉर वाइल्डलाइफ वेलफेयर) के विशेषज्ञों को सौंपा गया। जानवरों को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत उनके मूल देश वापस भेजा जाएगा।
बॉम्बे हाईकोर्ट ने भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के आरोपों में निचली अदालतों के दो जजों को सेवा से बर्खास्त कर दिया। बर्खास्त किए गए जजों में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश धनंजय निकम और सिविल जज इरफान शेख शामिल हैं। यह फैसला हाईकोर्ट की अनुशासन समिति की जांच के बाद लिया गया। महाराष्ट्र के सतारा में सत्र जज रहते हुए धनंजय निकम पर आरोप लगा कि उन्होंने एक महिला से 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी, ताकि धोखाधड़ी के मामले में जेल में बंद उसके पिता को जमानत मिल सके। वहीं, सिविल जज इरफान शेख पर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस कानून से जुड़े मामलों में भ्रष्टाचार और जब्त किए गए मादक पदार्थों में गड़बड़ी का आरोप था। उनके खिलाफ हाईकोर्ट में एक याचिका अभी लंबित है।
महाराष्ट्र में एक गांव के लोगों को ईसाई धर्म में परिवर्तित करने की कोशिश में एक अमेरिकी नागरिक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान अमेरिका के जेम्स वॉटसन (58), वसई निवासी साईनाथ गणपति सर्पे (42) और मनोज कोल्हा (35) के रूप में हुई है।
महाराष्ट्र में अभिनेता फरहान अख्तर की मां हनी ईरानी के ड्राइवर और एक पेट्रोल पंप कर्मी के खिलाफ 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। मुंबई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ यह कार्रवाई ईंधन कार्ड का दुरुपयोग करने की शिकायत के सिलसिले में की। आरोपी बिना पेट्रोल भरे कार्ड को स्वाइप कर पैसे की लूट कर रहे थे। शिकायत हनी ईरानी की मैनेजर ने दर्ज कराई थी।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को मुंबई में आयोजित 'राज्य रोजगार मेळावा' कार्यक्रम के तहत सहानुभूतिपूर्ण नियुक्तियों और क्लर्क भर्ती के तहत 10,000 से अधिक उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपे। जानकारी के अनुसार 5187 अनुकंपा उम्मीदवारों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा एमपीएससी के माध्यम से चयनित 5122 अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र दिए गए।
मुंबई के दूसरे हवाई अड्डे का शुभारंभ करेंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी 8 अक्तूबर को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। सीआईडीसीओ के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक विजय सिंघल ने बताया कि प्रधानमंत्री दोपहर 2.40 बजे हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। पहले वे टर्मिनल बिल्डिंग का निरीक्षण करेंगे और इसके बाद हवाई अड्डे के परिसर में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे। इस हवाई अड्डे का निर्माण 1160 हेक्टेयर में किया गया है। इसमें दो रनवे और चार टर्मिनल हैं। इसका कुल क्षमता सालाना 9 करोड़ यात्रियों और 10 लाख टन कार्गो संभालने की है। मुंबई का वर्तमान हवाई यात्री क्षमता लगभग 50 से 55 मिलियन है, जबकि नवी मुंबई एयरपोर्ट के चारों चरण पूरे होने के बाद यह लगभग 90 मिलियन हो जाएगी।
महाराष्ट्र के लोक निर्माण मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले ने शनिवार को लातूर जिले के हरवाड़ी और महापुर गांवों का दौरा किया, जहां हाल की भारी बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया। हरवाड़ी में उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ से क्षतिग्रस्त भूमि का शीघ्र पंचनामा करने और किसानों की सुविधा के लिए नदी पर पुल निर्माण के मकसद से राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (NABARD) योजना के तहत प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया। महापुर में उन्होंने बारिश से खराब हुई सोयाबीन की फसल का निरीक्षण किया और किसानों को सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है।
पालघर हत्याकांड का आरोपी गुजरात में जहाज से पकड़ा गया
महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक कंपनी में सहकर्मी की हत्या के आरोपी व्यक्ति को गुजरात के ओखा बंदरगाह पर एक जहाज से गिरफ्तार किया गया। यह घटना 7 सितंबर को वसई इलाके में घटी थी।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय कदम ने बताया कि आरोपी की पहचान सुनील खरपत प्रजापति (35) के रूप में हुई है और पीड़ित दिलीप सरोज नायगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत वसई (पूर्व) स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थे।
उन्होंने बताया कि कंपनी के मालिक ने भोजन व्यय की राशि प्रजापति के खाते में स्थानांतरित कर दी थी, जिसे प्रजापति और सरोज की ओर से साझा किया जाना था। कदम ने कहा, "राशि साझा करने के बजाय, आरोपी ने राशि रोक ली। इसके कारण उसके और पीड़ित के बीच विवाद हो गया।"
अधिकारी ने बताया कि झगड़े के दौरान प्रजापति ने कथित तौर पर सरोज पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे उसके सिर, आंख और हाथ पर गंभीर चोटें आईं और फिर वह फरार हो गया।
प्रजापति के खिलाफ नायगांव पुलिस स्टेशन में जानबूझकर चोट पहुंचाने और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। अधिकारी ने बताया कि बाद में इलाज के दौरान पीड़ित की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया गया।
उन्होंने बताया कि तकनीकी विश्लेषण और खुफिया जानकारी जुटाने के बाद पुलिस को पता चला कि आरोपी गुजरात के द्वारका स्थित ओखा बंदरगाह पर खड़े एक जहाज में छिपा हुआ है।
जबरन बंधुआ मजदूरी कराने के आरोप में ईंट भट्ठा मालिक पर केस दर्ज
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक ईंट भट्ठे के मालिक के खिलाफ 13 साल की एक लड़की को कथित तौर पर बंधुआ मजदूरी के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया गया है। पडघा पुलिस थाने के एक निरीक्षक ने बताया कि कटकारी आदिवासी समुदाय के बच्चे को भिवंडी तालुका में एक ईंट भट्टे से बचाया गया, जिसके बाद शनिवार को भट्टे के मालिक भूषण कालूराम पारधी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, किशोरी की मां, जो भट्टे पर काम करती थी, ने जून 2024 में चिकित्सा और घरेलू खर्च के लिए आरोपी से 13,000 रुपये उधार लिए थे।
ठाणे MACT ने सड़क हादसे में मृत युवक के परिवार को दिए 52.65 लाख रुपये मुआवजे का आदेश
ठाणे के मोटर एक्सीडेंट क्लेम्स ट्रिब्यूनल (MACT) ने 2022 में सड़क हादसे में हुई मौत के मामले में मृतक मोहम्मद आज़म करीमुल्लाह के परिवार को 52.65 लाख रुपये मुआवजे का आदेश दिया है। करीमुल्लाह 16 जनवरी 2022 को नासिक-मुंबई हाईवे पर तेज़ रफ्तार कार की टक्कर में मौत हो गई थी। वह उस समय 37 वर्ष के थे और अपने टेम्पो चला रहे थे।
एमएसीटी के सदस्य आरवी मोहिते ने मामले की सुनवाई के बाद, एफआईआर, पंचनामा और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर मुआवजे का आदेश दिया। ट्रिब्यूनल ने कहा कि दुर्घटना कार चालक की लापरवाही की वजह से हुई क्योंकि उसने वाहन की रफ्तार नियंत्रित नहीं की थी। परिवार ने 1 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की थी, लेकिन MACT ने करीमुल्लाह की मासिक आय 25,000 रुपये मानते हुए 52.65 लाख रुपये मुआवजे का फैसला सुनाया।
नागपुर के डॉक्टर ने कफ सिरप विवाद में दी अहम जानकारी
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में कोल्ड्रिफ कफ सिरप पीने से दस बच्चों की मौत हो गई। इस मामले में कई बच्चों को महाराष्ट्र के नागपुर रेफर किया गया। बच्चों के बारे में कलर्स हॉस्पिटल के निदेशक रितेश अग्रवाल ने बताया, 'हमारे पास आने वाले मरीज छिंदवाड़ा से हैं, और उनमें से एक बच्चा यहां भर्ती है। शिकायत थी कि बच्चे को 2-3 दिन पहले बुखार आया था, और उसके बाद, बच्चे ने 24 घंटे तक पेशाब नहीं किया। इसी शिकायत के आधार पर, बच्चे को छिंदवाड़ा में भर्ती कराया गया था। लेकिन वहां प्राथमिक उपचार के बाद भी, बच्चे ने पेशाब नहीं किया, तो डॉक्टर ने जांच की और बच्चे के गुर्दे में सूजन पाई। इसके बाद, बच्चे को नागपुर भेज दिया गया... बच्चा गंभीर हालत में यहां पहुंचा। हमने खून की जांच की और पाया कि बच्चे का क्रिएटिनिन और यूरिया का स्तर काफी बढ़ा हुआ था... फिर हमने यह सुनिश्चित करने के लिए कई जांचें कीं कि गुर्दे काम कर रहे हैं, लेकिन जब गुर्दे फिर भी काम नहीं कर रहे थे, तो हमने और विस्तार से जांच कीं... फिलहाल, हमें नहीं पता कि यह स्थिति किसी बीमारी, दवा या किसी और रसायन की वजह से हुई...
#WATCH | Nagpur, Maharashtra | Ten children died in Chhindwara district due to consuming Coldrif Cough syrup.
— ANI (@ANI) October 5, 2025
Regarding the few children referred to Nagpur, Director of Colors Hospital Ritesh Agarwal says, "The patients coming to us are from Chhindwara, and one of the children… pic.twitter.com/9MKyh3GPex
5-6 दिनों से डायलिसिस की कोई जरूरत नहीं पड़ी
रितेश अग्रवाल ने बताया, बच्चा कृषि भूमि वाले क्षेत्र में रहता है जहां कीटनाशकों का बहुत अधिक इस्तेमाल होता है... हमने बच्चे को इस स्थिति से उबरने में मदद करने के लिए उसका डायलिसिस किया। पिछले 5-6 दिनों से डायलिसिस की कोई जरूरत नहीं पड़ी है। बच्चे का क्रिएटिनिन स्तर सामान्य हो गया है। अब बच्चे का मूत्र उत्पादन बिल्कुल सामान्य है। उन्होंने कहा कि हम अभी भी बीमारी के मुख्य कारण का पता नहीं लगा पाए हैं।
नागपुर में दर्दनाक हादसा: पार्क हो रही कार की चपेट में आया 4 साल का बच्चा
शहर के पारडी इलाके में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 4 साल के मासूम की कार से कुचले जाने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब कार को पार्क किया जा रहा था। मृतक बच्चे की पहचान कन्हा राहुल देशमुख के रूप में हुई है। वह अपने घर के पास खेल रहा था, तभी कार पार्क करते समय वह उसकी चपेट में आ गया। परिजन तुरंत उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कार चालक निलेश ज्ञानेश्वर सतीबवणे (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार को हर संभव मदद देने की बात कही है। इलाके में इस हादसे के बाद शोक और गुस्से का माहौल है।