सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Hindi Updates Mumbai Rain Nagpur Pune Education Polity Crime and other News

Maharashtra: मुंबई में बारिश के बाद उमस से राहत, पालघर में पंचायत पदाधिकारियों ने फ्लैटों को बाहर से किया बंद

न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 25 Oct 2025 01:09 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Hindi Updates Mumbai Rain Nagpur Pune Education Polity Crime and other News
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मुंबई के कई हिस्सों में बारिश होने के बाद मौसम सुहावना हो गया। शुक्रवार शाम लगभग 7:30 बजे के बाद गरज और चमक के साथ तेज हवाएं भी चली। हालांकि, बारिश में परेशानी के लिए कुख्यात मुंबई में कुछ इलाकों से यातायात धीमा होने की खबर भी सामने आई। मौसम विभाग के मुताबिक बोरीवली, दहिसर, कुरला, लालबाग, भायखला समेत कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी वर्षा हुई। पड़ोसी जिलों ठाणे, नवी मुंबई और रायगड में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। बारिश से एक तरफ शहर को उमस भरे मौसम से कुछ राहत मिली, लेकिन निचले इलाकों में जलजराव के कारण जनजीवन प्रभावित भी हुआ। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, रात 8 से 9 बजे के बीच कई हिस्सों में 50 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 64 मिमी वर्षा भायखला फायर स्टेशन के पास दर्ज की गई। राहत भरी खबर ये भी रही कि बारिश से लोकल ट्रेन, मेट्रो और बेस्ट बसों के सामान्य परिचालन पर असर नहीं पड़ा।
Trending Videos


अकोला: हत्या के मामले में चार गिरफ्तार
महाराष्ट्र के अकोला जिले में एक युवक की कथित तौर पर हत्या कर उसके शव को खेत में जला दिया गया। यह घटना एक पुराने झगड़े के चलते हुई। पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक का नाम अक्षय विनायक नागलकर (26 वर्षीय) था। वह 23 अक्तूबर की शाम को घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके बाद उसके पिता ने दबकी रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अक्षय की तलाश के लिए आठ टीमें बनाई थीं। जानकारी मिलने पर पुलिस ने एक आरोपी चंद्रकांत बोरकर को हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ के दौरान बोरकर ने बताया कि उसने और सात अन्य लोगों ने पुरानी दुश्मनी के कारण नागलकर की हत्या की थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


उप-विभागीय पुलिस अधिकारी सुदर्शन पाटिल ने बताया कि आरोपियों ने नागलकर को खाने के बहाने भौराड़ इलाके के एक होटल में बुलाया और वहीं उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को आरोपियों में से एक के खेत में (जो मोर्गन गांव में है) ले जाकर जला दिया गया। पुलिस ने अब तक बोरकर समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

मुंबई: कार की बोनट पर बैठी महिला को घसीटते हुए ले गया व्यक्ति, गिरफ्तार
मुंबई के पश्चिमी इलाके में एक व्यक्ति अपनी कार की बोनट पर बैठी महिला को लेकर कार चलाई, जिससे महिला गिरकर घायल हो गई। आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। 

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी का नाम विनीत घई है, जिसकी उम्र 32 वर्ष है। उसके खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और महिला पर हमला करने का मामला दर्ज किया गया है। यह घटना गुरुवार को बोरीवली (पश्चिम) इलाके में हुई। अधिकारी ने बताया कि घई की कुछ दिन पहले पीड़िता से दोस्ती हुई थी, जो एक स्पा में काम करती है। दोनों ने एक पब में पार्टी की थी। घर लौटते समय किसी बात पर दोनों में झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान आरोपी ने महिला का मोबाइल फोन छीन लिया। 

इसके बाद महिला गाड़ी से उतरकर कार की बोनट पर बैठ गई। इसी दौरान घई ने तेज रफ्तार से कार चला दी, जिससे महिला गिर पड़ी और घायल हो गई। इसके बाद वह कार लेकर वहां से भाग गया। पास के लोगों ने तुरंत महिला को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

पालघर में 108 सेवा की एंबुलेंस की मोटरसाइकिल से टक्कर, दो लोगों की मौत
महाराष्ट्र के पालघर जिले में सरकार की 108 आपातकालीन सेवा की एक एंबुलेंस और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हो गई, जिसमें मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी शनिवार को दी।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अनिल खरपड़े (25 वर्षीय) और चिंतामन किरकिरे (30 वर्षीय) के रूप में हुई है। यह हादसा शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे जव्हार-नासिक रोड पर हुआ। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मोकहडा तालुका के नीलमती इलाके में 108 सेवा की एंबुलेंस का चालक एक तीखे मोड़ पर गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रही मोटरसाइकिल से टकरा गया। इस टक्कर में बाइक सवार दोनों युवक की मौत हो गई। एंबुलेंस चालक की पहचान रमेश बारडे के रूप में हुई है, जो इस हादसे में घायल हुआ। उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

ड्रेन प्रोजेक्ट को लेकर विवाद: पंचायत पदाधिकारियों ने मकान के फ्लैटों को बाहर से कर दिया लॉक
महाराष्ट्र के पालघर जिले में ड्रेनेज प्रोजेक्ट को लेकर हुआ विवाद एक अजीब मोड़ पर पहुंच गया, जब कासा इलाके में एक इमारत के कुछ निवासियों को पंचायत पदाधिकारियों ने उनके फ्लैट के बाहर से ताला लगाकर बंद कर दिया। यह घटना 20 अक्तूबर की बताई जा रही है।

पुलिस को दी गई शिकायत में एक निवासी ने आरोप लगाया कि उपसरपंच और दो अन्य लोगों ने बाहर से ताला लगाकर उन्हें घर से बाहर निकलने नहीं दिया। बाद में पड़ोसियों ने हस्तक्षेप कर दरवाजे खोले और लोगों को बाहर निकाला।

पुलिस निरीक्षक अविनाश मांडले ने बताया कि शिकायतकर्ता का विस्तृत बयान दर्ज किया जा रहा है। अगर आरोप सही पाए गए तो एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह विवाद ड्रेनेज लाइन परियोजना को लेकर पंचायत और स्थानीय निवासियों के बीच हुआ था।

महिला डॉक्टर आत्महत्या मामला:  एसआईटी बनाकर स्वतंत्र जांच की मांग, मुंडे-दानवे ने उठाई आवाज
महाराष्ट्र के सतारा जिले में 28 वर्षीय महिला डॉक्टर की कथित आत्महत्या मामले में एनसीपी नेता धनंजय मुंडे और शिवसेना (यूबीटी) नेता अंबादास दानवे ने विशेष जांच दल (SIT) गठित कर स्वतंत्र जांच की मांग की। बीड जिले की रहने वाली यह डॉक्टर फालतन के सरकारी अस्पताल में काम करती थी। शुक्रवार को इस घटना के खिलाफ आक्रोश बढ़ा। पुलिस ने गुरुवार रात होटल के कमरे में फांसी के फंदे से झूलती लाश बरामद की थी। मृतका की हथेली पर लिखे सुसाइड नोट में उसने उपनिरीक्षक गोपाल बदाने पर दुष्कर्म और सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रशांत बांकर पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। दोनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज हुआ है। मुंडे ने कहा कि अगर डॉक्टर की शिकायतों की अनदेखी हो रही है तो यह गंभीर मामला है। उन्होंने एसआईटी जांच और फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग की। एक अन्य नेता दानवे ने इस घटना को 'मराठवाड़ा की बेटी के साथ अन्याय' बताया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र जांच समिति बनाकर सतारा जिले से बाहर के अधिकारियों को जिम्मा सौंपा जाए। डॉक्टर के परिजनों का आरोप है कि उस पर पोस्टमॉर्टम और मेडिकल रिपोर्ट बदलने का दबाव डाला जाता था। पुलिस अधिकारियों पर शिकायतों पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed