सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra News Hindi Updates Bhiwandi fire BMC Mumbai Rain Nagpur Pune Education Politcs Crime and others

Maharashtra Updates: भिवंडी के गोदाम में भीषण आग का तांडव; मुंबई में बेस्ट बस से टेंपो ट्रैवलर की टक्कर

न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Mon, 06 Oct 2025 03:10 AM IST
विज्ञापन
Maharashtra News Hindi Updates Bhiwandi fire BMC Mumbai Rain Nagpur Pune Education Politcs Crime and others
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र के भिवंडी में एक गोदाम में भीषण आग लगने के बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। घटनास्थल के वीडियो में आग की भयावह लपटों को देखा जा सकता है। आग बुझाने पहुंची टीम में शामिल दमकलकर्मी वजीर पटेल ने बताया कि रविवार रात करीब 9.45 बजे उन्हें फोन पर आग लगने की सूचना मिली। टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचने पर हमने देखा कि पूरा गोदाम आग की लपटो में घिरा हुआ है। आग की गंभीरता को देखते हुए कल्याण और उल्हासनगर से भी दमकल की गाड़ियों को बुलाया गया। उन्होंने कहा कि कड़ी मशक्कत के बाद आस-पास के गोदामों को बचा लिया गया। गोदाम में कुछ केमिकल और कपड़े रखे हुए थे। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फिलहाल, आग लगने का कारणों का पता नहीं चला है। 
Trending Videos

ठाणे में रासायनिक गोदाम में आग, दमकल अधिकारी घायल
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मुंबई-नासिक राजमार्ग पर स्थित एक रसायन गोदाम में भीषण आग लग गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार रात करीब 9.45 बजे लगी इस आग में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन अग्निशमन अभियान के दौरान एक दमकल अधिकारी नाले में गिरकर घायल हो गया। जलते हुए रसायनों से निकले घने धुएं से आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में दहशत फैल गई।

भिवंडी निजामपुर नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख साकिब खरबे ने बताया कि आग भिवंडी शहर के लोनाड गांव में सवाद नाका के पास राजमार्ग पर स्थित एक रासायनिक भंडारण इकाई में लगी। उन्होंने बताया कि कई दमकल गाड़ियों और निजी पानी के टैंकरों को मौके पर भेजा गया। अभी तक आग में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। हालांकि, अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान फायर सूट पहने हुए दमकल अधिकारी नितिन लाड फिसलकर नाले में गिर गए और उन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।

गठबंधन की चर्चा के बीच फिर साथ दिखे ठाकरे बंधु
महाराष्ट्र में होने वाले शहरी निकाय चुनावों में गठबंधन की अटकलों के बीच रविवार को ठाकरे बंधु एक बार फिर साथ दिखे। मराठी भाषा को लेकर जारी विवाद के बीच करीब तीन महीने पहले शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे वर्षों बाद पहली बार एक मंच साथ आए थे। उद्धव और राज रविवार को शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत के पोते के नामकरण कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव के अलावा उनके बेटे और विधायक आदित्य ठाकरे, शिवसेना (यूबीटी) नेता अनिल देसाई और मिलिंद नार्वेकर भी मौजूद थे। पिछले महीने उद्धव मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे की मां कुंदा से मिलने उनके आवास गए थे।

मुंबई में बेस्ट बस से टेंपो ट्रैवलर की टक्कर में एक की मौत, चार घायल
मुंबई के दादर इलाके में एक तेज रफ्तार टेंपो ट्रैवलर के बेस्ट बस और दो अन्य वाहनों से टकरा जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। मामले में पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार रात करीब 11:30 बजे हुई, जब बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) उपक्रम की वेट-लीज बस वर्ली बस डिपो से प्रतीक्षा नगर की ओर जा रही थी।

अधिकारियों के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर के चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे यह दुर्घटना हुई। एक अधिकारी ने बताया कि जैसे ही बस दादर प्लाजा बस स्टॉप पर पहुंची, शिवाजी पार्क की ओर जा रही तेज रफ्तार टेंपो ट्रैवलर ने बस के दाहिने आगे के पहिये को टक्कर मार दी, जिससे बस बाईं ओर मुड़ गई और बस स्टॉप पर खड़े यात्रियों और पैदल यात्रियों को टक्कर मार दी। इस घटना में बस क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने बताया कि इसके बाद टेम्पो ट्रैवलर ने एक टैक्सी और एक अन्य पर्यटक कार को भी टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

राज्य चुनाव आयोग ने बीएमसी चुनावों से पहले वार्ड सीमाओं को मंजूरी दी
महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग ने बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के आगामी चुनावों के लिए वार्ड सीमाओं को मंजूरी दे दी है। अधिकारियों के मुताबिक, अंतिम वार्ड संरचना महाराष्ट्र सरकार के राजपत्र में प्रकाशित की गई और सोमवार को बीएमसी की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की गई। अधिकारियों ने बताया कि 4 सितंबर की समय सीमा से पहले कुल 492 सुझाव और आपत्तियां प्राप्त हुईं। आयोग ने वार्ड गठन को अंतिम रूप देने से पहले 11 सितंबर से 13 सितंबर के बीच इन पर सुनवाई की।

राज्य चुनाव आयोग ने इससे पहले 22 अगस्त को एक मसौदा परिसीमन अधिसूचना प्रकाशित की थी, जिसमें बीएमसी वार्डों की प्रस्तावित भौगोलिक सीमाओं को रेखांकित किया गया था और लोगों से सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं। महाराष्ट्र में कई नगर निगमों के चुनाव, जिनमें धनी बीएमसी भी शामिल है, इस साल के अंत तक होने की संभावना है।

मुंबई: बाबा सिद्दीकी हत्याकांड मामले में मकोका अदालत ने दो आरोपियों को जमानत देने से किया इन्कार
मुंबई की एक मकोका अदालत ने सोमवार को बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के दो आरोपियों को जमानत देने से इन्कार कर दिया। विशेष लोक अभियोजक महेश मुले ने बताया कि विशेष मकोका जज महेश जाधव ने किसन पारधी और अनुराग कश्यप की जमानत याचिकाएं खारिज कर दीं।

एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री सिद्दीकी (66) की पिछले साल 12 अक्तूबर की रात मुंबई के बांद्रा (पूर्व) इलाके में उनके बेटे जीशान के कार्यालय के बाहर तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। कश्यप पर घटना के बाद शूटर को नेपाल भागने में मदद करने का आरोप है, जबकि पारधी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर शूटरों को हथियार और लॉजिस्टिक सहायता प्रदान की थी। इस मामले में 26 गिरफ्तार लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया है। उन पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत मामला दर्ज किया गया है और वे फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को वांछित अभियुक्त बनाया गया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, अनमोल बिश्नोई ने अपराध सिंडिकेट पर भय और प्रभुत्व स्थापित करने के इरादे से सिद्दीकी की हत्या की साजिश रची थी।

पुणे: रोहिणी खडसे ने पति के खिलाफ दर्ज 'ड्रग्स पार्टी' मामले में दर्ज कराया बयान 
महाराष्ट्र पुलिस ने सोमवार को कथित ड्रग्स पार्टी भंडाफोड़ मामले में राकांपा (सपा) नेता रोहिणी खडसे का बयान दर्ज किया। इस मामले में रोहिणी के पति प्रांजल खेवलकर भी आरोपी हैं। एनसीपी (सपा) नेता और पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे की बेटी खडसे ने उन्हें जारी नोटिस के जवाब में दिन में पुणे पुलिस आयुक्तालय का दौरा किया।

खेवलकर और छह अन्य को पुणे पुलिस की अपराध शाखा द्वारा 27 जुलाई की सुबह खराडी इलाके में एक स्टूडियो अपार्टमेंट पर छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने दावा किया कि कोकीन, मारिजुआना, हुक्का और शराब की बोतलें जब्त की गईं।

रोहिणी ने संवाददाताओं से कहा, "मुझे पुणे पुलिस से एक नोटिस मिला था और आज मैंने पुलिस आयुक्त से मुलाकात की। चूंकि मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए मैं कोई टिप्पणी नहीं कर सकती।" उन्होंने कहा कि यह मामला उनके छोटे बच्चों को प्रभावित कर रहा है।

उन्होंने कहा, "मैं मीडिया से अपील करती हूं कि वे अत्यधिक वर्षा और सूखे से पीड़ित किसानों के मुद्दों पर रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करें।" खेवलकर को 25 सितंबर को जमानत दे दी गई। अदालत में पेश आरोपपत्र में एफएसएल रिपोर्ट भी शामिल थी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed