सब्सक्राइब करें

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra news updates 4 Jan 2026, Shivsena, BMC Elections, Devendra Fadnavis, pune, mumbai, News In Hindi

Maharashtra: शिवसेना के 18 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित; लातूर के हॉस्टल में 12 वर्षीय छात्रा ने लगाई फांसी

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: पवन पांडेय Updated Sun, 04 Jan 2026 10:49 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra news updates 4 Jan 2026, Shivsena, BMC Elections, Devendra Fadnavis, pune, mumbai, News In Hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
लातूर स्थित नवोदय विद्यालय में रविवार सुबह छठी कक्षा की एक छात्रा का शव उसके हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला। सहायक पुलिस निरीक्षक डीपी सामप ने बताया कि औसा तहसील की रहने वाली 12 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर तौलिए से आत्महत्या की है। घटना सुबह करीब 7:30 बजे सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
Trending Videos

मृतका के परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि घटना से एक रात पहले एक हॉस्टल कर्मचारी ने छात्रा की पिटाई की थी। उसके सिर और हाथों पर चोट के निशान मिले हैं। गांव के उपसरपंच ने बताया कि अन्य छात्राओं ने माता-पिता को मारपीट की जानकारी दी है। पिता को पहले छात्रा के बीमार होने की सूचना देकर बुलाया गया था। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन


शिवसेना के 18 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित
महाराष्ट्र में होने वाले निकाय चुनावों से पहले शिवसेना ने दावा किया है कि उसके 18 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के सहयोगी ने बताया कि ठाणे, जलगांव और कल्याण-डोंबिवली नगर निकायों में शिवसेना के छह-छह उम्मीदवारों के खिलाफ किसी भी पार्टी ने नामांकन नहीं भरा। महायुति गठबंधन के तहत भाजपा और उसके सहयोगियों के कुल 68 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। हालांकि, विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि सत्ताधारी गठबंधन ने डराने-धमकाने और पैसे के लालच से विरोधी उम्मीदवारों को नाम वापस लेने पर मजबूर किया। नगर निकाय चुनावों के लिए मतदान 15 जनवरी को होना है।
 

बीएमसी चुनाव: 1700 उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित
मुंबई में होने वाले बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव के लिए 1,700 उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि सभी उम्मीदवारों की अंतिम सूची प्रकाशित कर दी गई है। निर्दलीय उम्मीदवारों को ठेला, ऑटो-रिक्शा, नारियल और सीटी जैसे मुफ्त चिन्ह दिए गए हैं, जबकि राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों को उनके पार्टी चिन्ह मिले हैं। चुनाव चिन्ह मिलने के बाद अब उम्मीदवार प्रचार में तेजी लाने की तैयारी कर रहे हैं। बीएमसी चुनाव को महाराष्ट्र की राजनीति में बेहद अहम माना जाता है। इन चुनावों के लिए मतदान 15 जनवरी को होगा और मतगणना बाद में की जाएगी।

सावित्रीबाई फुले स्मारक: सीएम फडणवीस ने किया भूमिपूजन
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सामाजिक सुधारक सावित्रीबाई फुले के जन्मस्थान नायगांव (सातारा जिला) में भव्य स्मारक का भूमिपूजन किया। यह स्मारक 143 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा।इस दौरान सीएम फडणवीस ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने महिलाओं की शिक्षा की नींव रखी और समाज में बराबरी का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि यहां बनने वाला महिला प्रशिक्षण केंद्र महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महात्मा फुले और सावित्रीबाई फुले के विचारों पर चल रही है। इस कार्यक्रम में कई मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
 

महिला मरीज की मौत का मामला- दीवानाथ मंगेशकर अस्पताल के ट्रस्टियों पर केस दर्ज
पुणे के दीवानाथ मंगेशकर अस्पताल से जुड़े महिला मरीज की मौत के मामले में अस्पताल के ट्रस्टियों के खिलाफ अदालत में केस दर्ज किया गया है। मरीज तनिषा भिसे को 10 लाख रुपये जमा न करने के कारण अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया था। बाद में दूसरे अस्पताल में जुड़वा बच्चों को जन्म देने के बाद उनकी मौत हो गई। इस घटना से भारी नाराजगी फैल गई थी। जांच में अस्पताल की आपात चिकित्सा सेवा में लापरवाही सामने आई। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीज को कुछ समय तक निगरानी में रखा गया था और परिवार खुद उसे ले गया।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति नई पीढ़ी को मैकाले की मानसिकता से निकालेगी बाहर- प्रधान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देश की नई पीढ़ी को मैकाले की मानसिकता से बाहर निकालने की अपील को लागू करने का जरिया बनेगी। 29 जुलाई, 2020 को घोषित राष्ट्रीय शिक्षा नीति में स्कूली शिक्षा के साथ-साथ उच्च और तकनीकी शिक्षा में भी कई सुधारों का प्रस्ताव है। प्रधान ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति बड़ा बदलाव लाएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि देश को मैकाले की मानसिकता से बाहर निकलने की जरूरत है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति देश की नई पीढ़ी को मैकाले की मानसिकता से बाहर निकालने का माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है और यह शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी है कि वह युवाओं और आने वाली पीढ़ियों को मातृभाषा में शिक्षा, योग्यता आधारित पढ़ाई और कौशल आधारित पढ़ाई से तैयार करे। उन्होंने शिक्षा में पढ़ाई, उद्यमिता और इनोवेशन के समग्र मूल्यांकन की बात कही और कहा कि युवाओं को सिर्फ नौकरी ढूंढने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला भी बनना चाहिए।

सैलून में राष्ट्र विरोधी गाने बजाने पर नाई गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने 25 साल के एक नाई को सैलून में कश्मीर से जुड़े राष्ट्र-विरोधी गाने बजाने के आरोप में गिरफ्तार किया। मीरा भायंदर वसई विरार (एमबीवीवी) के पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि आरोपी अब्दुल रहमान शाह को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। शाह उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का रहने वाला है। वह कई वर्षों से नायगांव में अपना सैलून चला रहा है।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर अजीत पवार और भाजपा के बीच छिड़ी जुबानी जंग
महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति सरकार में शामिल भाजपा और एनसीपी प्रमुख अजीत पवार के बीच भ्रष्टाचार को लेकर जुबानी जंग छिड़ गई है। प्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री अजीत ने दावा किया कि उनके पास सबूत हैं कि भाजपा ने पिंपरी-चिचवाड़ महानगरपालिका में जमकर पैसे लूटे और भ्रष्टाचार किया।  इस पर सरकार में सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने कहा कि भाजपा ने आरोप लगाना शुरू किया तो अजीत पवार के लिए मुश्किलें खड़ी हो जाएंगी। साथ ही उन्होंने अजीत को आत्मावलोकन करने की भी सलाह दी। भाजपा और एनसीपी पुणे की पिंपरी-चिंचवाड़ महानगरपालिका चुनाव में आमने-सामने है। अजीत ने कहा कि पिंपरी-चिंचवाड़ महानगरपालिका में पहले भाजपा की सत्ता थी। महानगरपालिका पिछले नौ वर्षों से भ्रष्टाचार से ग्रस्त है और वह कर्ज में भी डूब गई है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन्होंने उन पर 70 हजार करोड़ के घोटाले के आरोप लगाए, उनके साथ आज हम सत्ता में हैं। पवार ने इसे राजनीति का दोहरा चरित्र बताया और कहा कि सत्ता और स्वार्थ के लिए सिद्धांतों को बार-बार बदला जा रहा है।
 

26/11 के हीरो सदानंद ने संभाली महाराष्ट्र डीजीपी पद की कमान
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और 26/11 मुंबई हमले के नायक सदानंद वसंत दाते ने शनिवार को महाराष्ट्र पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) का पदभार संभाल लिया। 1990 बैच के अधिकारी दाते इससे पहले राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के प्रमुख थे। राज्य सरकार के अनुरोध पर उन्हें वापस कैडर में बुलाया गया है। उनका कार्यकाल दो वर्ष का होगा। सदानंद दाते अपनी ईमानदारी और बहादुरी के लिए जाने जाते हैं। 26/11 हमले के दौरान उन्होंने कामा अस्पताल की छत पर आतंकी अजमल कसाब और अबू इस्माइल का मुकाबला किया था। ग्रेनेड के छर्रों से गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वे लड़ते रहे। उन्हें राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया जा चुका है। पुणे में पले-बढ़े दाते का जीवन संघर्षपूर्ण रहा। उन्होंने अखबार बेचकर अपनी पढ़ाई पूरी की थी। वे महाराष्ट्र एटीएस प्रमुख और सीबीआई में डीआईजी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। दाते ने पुलिस अनुभवों पर आधारित एक मराठी पुस्तक भी लिखी है।
 

नए साल की पार्टी में संगीत को लेकर हुए झगड़े के बाद परिवार के 7 सदस्यों पर मारपीट का मामला दर्ज
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि नव वर्ष समारोह के दौरान तेज संगीत को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला के घर में कथित तौर पर घुसकर महिला और उसके रिश्तेदारों पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने एक ही परिवार के सात सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 52 वर्षीय यह महिला महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ क्षेत्र के वंद्रापाड़ा में रहती है। 31 दिसंबर की रात को नव वर्ष के जश्न के दौरान तेज संगीत बजाने को लेकर महिला और आरोपी के बीच झगड़ा हुआ था। बाद में, शुक्रवार को लगभग 12.30 बजे, आरोपियों ने कथित तौर पर पीड़िता के घर का दरवाजा तोड़ दिया, परिसर में प्रवेश किया और पीड़िता और उसके परिवार के सदस्यों को पीटा, जिससे उनमें से कुछ को गंभीर चोटें आईं, अंबरनाथ पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

ठाणे: ड्रग्स मामले में जमानत के लिए अदालत में जमा किए जाली दस्तावेज, एफआईआर दर्ज
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि महाराष्ट्र के ठाणे जिले की एक अदालत में नशीले पदार्थों के एक मामले में आरोपी को जमानत दिलाने के लिए कथित तौर पर जाली दस्तावेज जमा करने के आरोप में पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उन्होंने बताया कि यह अपराध पिछले साल 23 नवंबर से 24 दिसंबर के बीच हुआ था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed