सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra news updates hindi mumbai bmc nagpur pune education politics crime cm fadnavis gadkari

Maharashtra: शिवनेरी किले में शिवाजी महाराज की जयंती समारोह; सीएम फडणवीस और दोनों डिप्टी सीएम हुए शामिल

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: निर्मल कांत Updated Thu, 19 Feb 2026 11:36 AM IST
विज्ञापन
maharashtra news updates hindi mumbai bmc nagpur pune education politics crime cm fadnavis gadkari
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार ने गुरुवार को पुणे के शिवनेरी किले में छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मराठा योद्धा राजा का जन्म 1630 में पुणे जिले की जुन्नार तहसील में स्थित शिवनेरी में हुआ था। सीएम फडणवीस और उनके उपमुख्यमंत्रियों ने शिवनेरी में आयोजित कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया, जिनमें महान राजा के जन्म और नामकरण की रस्मों का प्रतीक 'पालना समारोह' भी शामिल था। छत्रपति शिवाजी महाराज के बड़ी संख्या में अनुयायी उनकी जयंती समारोह में भाग लेने के लिए किले में एकत्रित हुए। पुलिस ने बताया कि इससे पहले दिन में, समारोह के दौरान किले में अत्यधिक भीड़ के कारण धक्का-मुक्की में तीन लोग घायल हो गए।
Trending Videos



मुंबई में राज्यपाल ने शिवाजी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की
महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने शिव जयंती के अवसर पर शिवाजी पार्क में छत्रपति शिवाजी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की।
विज्ञापन
विज्ञापन


महाराष्ट्र: पेंच टाइगर रिजर्व की गणना में 65 मगरमच्छों की पुष्टि
शिकारी सरीसृपों की तीसरी गणना के दौरान महाराष्ट्र के पेंच टाइगर रिजर्व में 65 मगरमच्छों के होने की पुष्टि हुई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

टाइगर रिजर्व के जल स्रोतों में होने वाली वार्षिक मगरमच्छ गणना 18 फरवरी को संपन्न हुई। क्षेत्रीय निदेशक अक्षय गजबिये की ओर से जारी बयान में बताया गया कि देशभर से 17 स्वयंसेवकों ने इस सर्वेक्षण में सक्रिय भाग लिया। आंकड़े एकत्र करने के लिए एपिकलेक्ट एप्लिकेशन के माध्यम से आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग किया गया। गजबिये ने बताया कि सर्वेक्षण के दौरान 65 मगरमच्छों को सामने देखा गया, जबकि 120 मामलों में उनके होने के अप्रत्यक्ष प्रमाण मिले।

उन्होंने कहा कि इस सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़े पेंच क्षेत्र में मगरमच्छों के संरक्षण, उनके आवास की सुरक्षा और दीर्घकालीन जैव विविधता प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यह सर्वेक्षण सहायक वन संरक्षक संदीप भारती और पूजा लिंबगांवकर के नेतृत्व में किया गया, जिसमें विभिन्न वन अधिकारियों, वन्यजीव जीवविज्ञानियों और अन्य कर्मचारियों ने सहयोग किया। 

 

मुंबई: वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक और उप-निरीक्षक रिश्वत लेते पकड़े गए
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक और एक उप-निरीक्षक को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों अधिकारियों ने एक वकील के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए कथित रूप से एक लाख रुपये की रिश्वत ली।

गिरफ्तार किए गए वरिष्ठ निरीक्षक और उप-निरीक्षक का नाम संजीव तावड़े और ज्ञानेश्वर जुन्ने है। ये दोनों मलाड के कुरार थाने में तैनात थे। एसीबी अधिकारियों के अनुसार, दोनों अधिकारियों ने शिकायतकर्ता से वकील के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए तीन लाख रुपये की मांग की थी। उन्होंने पहले ही जो लाख रुपये ले लिए थे। बुधवार को एसीबी टीम ने जाल बिछाकर अधिकारियों को शेष एक लाख रुपये लेते हुए पकड़ लिया। आगे की जांच जारी है।
 

गर्मी से होने वाली बीमारियों और मौतों पर बेहतर आंकड़ों की जरूरत: सौम्या स्वामीनाथन
वरिष्ठ नैदानिक वैज्ञानिक सौम्या स्वामीनाथन ने बुधवार को कहा कि गर्मी से जुड़ी बीमारियों और मौतों पर बेहतर और विस्तृत आंकड़ों की तत्काल आवश्यकता है। उन्होंने चेताया कि वर्तमान आंकड़े केवल समस्या का छोटा हिस्सा ही दिखाते हैं। सौम्या स्वामीनाथन विश्व स्वास्थ्य संगठन की पूर्व उपमहानिदेशक रह चुकी हैं। 

मुंबई क्लाइमेट वीकको संबोधित करते हुए स्वामीनाथनने कहा कि गर्मी से होने वाली बीमारियां हृदय, श्वसन, न्यूरोलॉजिकल और मेटाबॉलिक रोगों से सीधे जुड़ी हैं। ये खतरे पानी की कमी और सुरक्षित पेयजल न मिलने से और बढ़ जाते हैं। उन्होंने कहा कि उम्र भी एक अहम कारक है। इसके अलावा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और यहां तक कि काम करने की परिस्थितियां भी इन जोखिमों को प्रभावित करती हैं। स्वामीनाथन ने कहा, हमें गर्मी से जुड़ी बीमारियों और मौतों पर बेहतर आंकड़ों की जरूरत है। अभी तक यह केवल समस्या का छोटा हिस्सा ही दिखाता है। केवल कुछ मामलों की जानकारी उपलब्ध है। हमें अलग-अलग पेशों, उम्र, लिंग और रहने की परिस्थितियों वाले लोगों पर और अधिक विशिष्ट और विस्तारपूर्ण आंकड़ों की जरूरत है। 
 

महाराष्ट्र : नौकरियों व शिक्षा में 5 फीसदी मुस्लिम आरक्षण रद्द
महाराष्ट्र सरकार ने नौकरियों व शिक्षा में मुस्लिम समुदाय को दिया गया पांच प्रतिशत आरक्षण रद्द कर दिया है। इसका मंगलवार को सरकारी प्रस्ताव जारी किया गया। सरकार ने स्पष्ट किया, पांच प्रतिशत आरक्षण से जुड़ा पूर्व अध्यादेश समाप्त हो चुका है। इस निर्णय पर कोर्ट की अंतरिम रोक भी प्रभावी है। इसी कारण प्रावधान निरस्त किया है। इससे पहले, तत्कालीन कांग्रेस-एनसीपी सरकार ने मराठा समुदाय को 16 प्रतिशत और मुस्लिमों को पांच प्रतिशत आरक्षण देने के लिए अध्यादेश जारी किया था। 

तेज रफ्तार ट्रक ने कई लोगों और वाहनों को मारी टक्कर
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के टिटवाला कस्बे में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने भीड़भाड़ वाली सड़क पर कई वाहनों और पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना सुबह करीब नौ बजे बाल्याणी बाजार इलाके में हुई। हादसे में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस के मुताबिक, सुबह के व्यस्त समय में जब लोग काम पर जा रहे थे और स्थानीय दुकानदार अपनी दुकानें लगा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक संकरी गलियों में घुस गया। चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और ट्रक ने रिक्शा, दोपहिया और कार समेत कुल 12 वाहनों को टक्कर मार दी। इस दौरान रिक्शा चालक समेत छह से अधिक पैदल लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

रितेश देशमुख ने छत्रपति शिवाजी महाराज को श्रद्धांजलि दी
पुणे में अभिनेता रितेश देशमुख ने शिवाजी की जयंती के अवसर पर शिवनेरी किले में छत्रपति शिवाजी महाराज को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान रितेश देशमुख ने कहा, 'आज शिव जयंती है और मैं सभी को शुभकामनाएं देता हूं। आज का दिन बहुत सौभाग्य का दिन है। आज के दिन छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्म हुआ था और उनकी कीर्ति और शौर्य के बारे में सभी लोगों को पता है...वे हमें नई ऊर्जा और प्रेरणा देते हैं...मुझे लगता है कि सभी बच्चों को उनके बारे में जानना चाहिए।'


विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed