सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra update mumbai pune crime politics education event and other news in hindi

Update: पालघर में महिला से 17 लाख की धोखाधड़ी; सोलापुर के बाढ़ग्रस्त गांव से 30 लोग बचाए, 10 को किया एयरलिफ्ट

न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शुभम कुमार Updated Tue, 23 Sep 2025 10:47 PM IST
विज्ञापन
maharashtra update mumbai pune crime politics education event and other news in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र के पालघर जिले में दो लोगों ने एक महिला को 17 लाख रुपये के कीमती सामान से ठग लिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। महिला का पति नवी मुंबई की तलोजा जेल में बंद है। आरोपियों ने खुद को उसके परिचित बताते हुए महिला को डराया कि उसके घर पर पुलिस छापा पड़ सकता है। उन्होंने महिला से कहा कि वे उसका सामान सुरक्षित रखेंगे। इस बहाने दोनों सोने के गहने, दो मोबाइल फोन, कार और एटीएम कार्ड लेकर फरार हो गए। महिला की शिकायत पर विरार पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी गई है।

Trending Videos


सोलापुर के बाढ़ग्रस्त गांव से 30 लोग बचाए गए
सोलापुर जिले की माधा तहसील के एक गांव में बाढ़ के पानी में फंसे 10 लोगों को सेना के एक हेलीकॉप्टर ने मंगलवार को सुरक्षित निकाला गया। जबकि 20 अन्य निवासियों को अलग-अलग बचाया गया। अहिल्यानगर और धाराशिव जिलों में दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण सिना कोलेगांव, चांदनी और खासापुरी सिंचाई परियोजनाओं के साथ-साथ भोगावती नदी में भी पानी छोड़ा जा रहा है। सोलापुर जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित माधा तहसील के दरफल गांव में फंसे लगभग 10 लोगों को भारतीय सेना के एक हेलीकॉप्टर की मदद से हवाई मार्ग से निकाला गया। इसके अलावा गांव से 20 अन्य निवासियों को अलग से बचाया गया। कलेक्टर कुमार आशीर्वाद ने कहा कि पश्चिमी महाराष्ट्र जिले में बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और सेना की इकाइयों को बचाव और राहत उपायों के लिए प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार के लिए सोलापुर जिले के लिए रेड अलर्ट' जारी किया है।  उत्तर सोलापुर (ग्रामीण), माधा, करमाला, मोहोल, बारशी और मंदरूप (दक्षिण सोलापुर) तालुकाओं में बाढ़ की संभावना को देखते हुए किसी भी स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और सेना की टीमों को तैनात किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


रिटायर्ड बैंककर्मी से साइबर ठगी
मुंबई के विले पार्ले (ईस्ट) में रहने वाले 68 वर्षीय रिटायर्ड बैंककर्मी से साइबर ठगों ने 27.88 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने उन्हें शेयर बाजार में भारी मुनाफा दिलाने का झांसा दिया था। पश्चिम क्षेत्र साइबर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि पीड़ित को जून में व्हाट्सएप पर एक संदेश मिला। खुद को सुमन गुप्ता बताने वाली महिला ने खुद को एक मशहूर ब्रोकरेज फर्म की कस्टमर सर्विस टीम का हिस्सा बताया और उन्हें शेयर बाजार में निवेश का लालच दिया। उस महिला द्वारा दिए गए अलग-अलग बैंक खातों में 27.88 लाख रुपये जमा करवाने के बाद जब पीड़ित को अपने ट्रेडिंग अकाउंट में दिख रहा मुनाफा निकालने में परेशानी हुई, तब जाकर उन्हें शक हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

अगवा होने की आशंका में केस दर्ज, अगली सुबह सही-सलामत घर लौटा डॉक्टर दंपति का बेटा
मुंबई में रहने वाले डॉक्टर दंपति का 15 साल का बेटा रविवार को घर से निकलने के बाद लापता हो गया, जिससे घरवालों में घबराहट और तनाव फैल गया। उन्होंने बेटे के अगवा होने की आशंका जताते हुए पुलिस में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई, लेकिन राहत की बात यह रही कि लड़का अगली सुबह खुद घर लौट आया। पुलिस के मुताबिक, लड़के के पिता जो दक्षिण मुंबई के एक सरकारी अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर हैं, ने रविवार शाम को विले पार्ले पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई थी।

शिकायत के अनुसार, नौवीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र रविवार दोपहर को अपने घर, जो कि तारदेव इलाके में है, से यह कहकर निकला था कि वह थोड़ी देर टहलने जा रहा है और जल्दी लौट आएगा। लेकिन जब देर रात तक वह घर नहीं लौटा तो माता-पिता ने महालक्ष्मी रेलवे स्टेशन, रेस कोर्स, और कई बस स्टॉप्स पर उसकी तलाश की। बेटे के अगवा हो जाने की आशंका के चलते पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया और उसकी तलाश शुरू की।

हालांकि, सोमवार सुबह जब लड़का सही-सलामत घर लौट आया, तो माता-पिता ने राहत की सांस ली। पूछने पर लड़के ने बताया कि वह समंदर किनारे चला गया था और आसपास ही घूमता रहा। पुलिस ने कहा कि मामले की आगे जांच की जा रही है।

सलमान के घर फायरिंग में मकोका कोर्ट से लॉरेंस के साथी की जमानत याचिका खारिज
मुंबई की एक विशेष अदालत ने पिछले साल अभिनेता सलमान खान के आवास पर हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में गिरफ्तार लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक कथित सदस्य को जमानत देने से सोमवार को इन्कार कर दिया। महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) अदालत के न्यायाधीश महेश जाधव ने मोहम्मद रफीक सरदार चौधरी की जमानत याचिका खारिज कर दी। 14 अप्रैल, 2024 की सुबह, बाइक सवार दो व्यक्तियों, विक्की गुप्ता और सागर पाल ने बांद्रा पश्चिम स्थित सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया था।

पुलिस के अनुसार, चौधरी ने गोलीबारी से दो दिन पहले गैलेक्सी अपार्टमेंट की रेकी की थी, इलाके का वीडियो बनाया था और उसे मामले में वांछित आरोपी अनमोल बिश्नोई को भेजा था। चौधरी, गुप्ता और पाल के साथ सोनू व हरपाल यायिक हिरासत में हैं। एक आरोपी अनुजकुमार थापन ने हिरासत में आत्महत्या कर ली। मामले में दायर आरोपपत्र में पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई और अनमोल बिश्नोई को वांछित आरोपी बताया है।

यवतमाल में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में ट्यूशन टीचर गिरफ्तार
महाराष्ट्र के यवतमाल जिले की एक ट्यूशन टीचर को 17 वर्षीय छात्रा के साथ कथित तौर पर बार-बार दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि गर्भपात की कोशिश के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को 27 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसने कथित तौर पर पीड़िता का नौ महीने तक यौन शोषण किया और उसे गर्भवती कर दिया।

पुलिस शिकायत के अनुसार, ट्यूशन पढ़ाने वाले आरोपी ने छात्रा से दोस्ती की और पिछले नौ महीनों में कई बार उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि यौन उत्पीड़न के बाद जब वह गर्भवती हो गई, तो आरोपी उसे पुसाद शहर ले गया, जहां उसने उसे गर्भपात की गोली दी, लेकिन उसकी हालत बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि सोमवार को नांदेड़ में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आगे की जांच जारी है।

घाटकोपर होर्डिंग हादसे पर महाराष्ट्र सरकार ने भोसले पैनल के सुझाव माने 
महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने घाटकोपर में होर्डिंग गिरने की घटना के मद्देनजर गठित उच्च स्तरीय समिति की सिफारिशों और गृह विभाग के पैनल की कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) को स्वीकार कर लिया। इस घटना में 17 लोगों की मौत हो गई थी। कैबिनेट ने संबंधित विभागों को एक महीने के भीतर सिफारिशों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

राज्य सरकार ने न्यायमूर्ति भोसले (सेवानिवृत्त) के नेतृत्व में एक जांच समिति गठित की। बाद में अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी। रिपोर्ट के निष्कर्षों और सिफारिशों की जांच के लिए गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के नेतृत्व वाले पैनल ने एक कार्यान्वयन योजना तैयार की। इसे मंगलवार को कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया। 21 सुझावों में न्यायमूर्ति दिलीप भोसले (सेवानिवृत्त) पैनल ने होर्डिंग के आकार को अधिकतम 40x40 फीट तक सीमित करने और छतों या परिसर की दीवारों पर उनकी स्थापना पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की थी।

भोसले समिति ने 21 उपाय सुझाए हैं। जिनमें होर्डिंग्स का नियमित निरीक्षण, अनधिकृत होर्डिंग्स के खिलाफ कार्रवाई के लिए एक नोडल एजेंसी की नियुक्ति और नगर निकायों को अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण अधिकार प्रदान करना शामिल है। ये दिशानिर्देश संरचनात्मक सुरक्षा, यातायात संबंधी चिंताओं, पैदल यात्रियों की सुरक्षा और पर्यावरणीय विचारों को संबोधित करते हैं। कैबिनेट ने इन सिफारिशों और कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) को मंजूरी दे दी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed