Maharashtra: मजदूर की मौत मामले में ठेकेदार और बिल्डर के खिलाफ केस; हार्बर लाइन पर लोकल ट्रेन सेवा प्रभावित
ठाणे में एक निर्माणाधीन इमारत की चौथी मंजिल से गिरकर 39 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मुंब्रा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार दोपहर को हुई घटना के संबंध में बिल्डर और ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है। मजदूर की पहचान दिवा कॉलोनी निवासी अर्जुन किशोरी पटवा के रूप में हुई है। वह निर्माणाधीन इमारत की चौथी मंजिल पर प्लास्टर का काम कर रहा था, तभी वह दुर्घटनावश गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि बिल्डर और ठेकेदार मृतकों को बुनियादी सुरक्षा उपाय, जैसे व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) उपलब्ध कराने में विफल रहे। बिल्डर और ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
नवी मुंबई में तकनीकी खराबी के कारण लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित
नवी मुंबई में तकनीकी खराबी के कारण मंगलवार सुबह मुंबई उपनगरीय नेटवर्क की हार्बर लाइन पर लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं। अफसरों ने बताया कि नवी मुंबई के नेरुल में ट्रैक परिवर्तन बिंदु के पैनल में गड़बड़ी सुबह 8.03 बजे हुई और 45 मिनट तक रही। कुछ यात्रियों ने दावा किया कि हार्बर लाइन पर उपनगरीय रेल सेवाएं 15 से 20 मिनट देरी से चल रही थीं। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि ट्रैक बदलने वाले पॉइंट पर क्लैंप लगाने तक दो ट्रेनें रोक दी गईं। इसके अलावा, वाशी और नेरुल के बीच सेवाओं को वैकल्पिक लाइन पर डायवर्ट किया गया।
कल्याण कोर्ट ने गरीबी का हवाला देते हुए व्यक्ति को सजा सुनाई
ठाणे जिले की एक अदालत ने ड्यूटी पर तैनात महिला होमगार्ड पर हमला करने के आरोप में 38 वर्षीय व्यक्ति को दोषी ठहराया। कोर्ट ने शख्स की गरीबी और अज्ञानता का हवाला देते हुए सजा सुनाई। 4 जून को जारी आदेश की एक प्रति सोमवार को उपलब्ध कराई गई। घटना 26 अक्तूबर, 2023 को हुई, जब आत्राम कसारा जाने वाली लोकल ट्रेन के महिला डिब्बे में चढ़ा। जब ड्यूटी पर तैनात शिकायतकर्ता होमगार्ड नीरजा अरविंद मुकदम ने उसका विरोध किया, तो उसने उसके साथ मारपीट की। अगले दिन उसे गिरफ्तार कर लिया गया। न्यायाधीश अष्टुरकर ने कहा, 'आरोपी बहुत गरीब है। वह वकील रखने की साधारण आवश्यकताओं को भी नहीं समझता।' न्यायाधीश ने कहा, 'यह ध्यान में रखना आवश्यक है कि आवेदक अपनी गरीबी, अज्ञानता और निरक्षरता के कारण लगभग दो वर्षों तक जमानत भी नहीं मांग सका। इस परिस्थिति में मानवीय और नरम रुख की आवश्यकता है।' अत्राम को पहले से ही काटी गई अवधि (एक वर्ष, सात महीने और आठ दिन) के लिए कठोर कारावास की सजा सुनाई गई। इसके बाद जेल अधिकारियों को उसे तुरंत रिहा करने का निर्देश दिया गया।
शिंदे गुट में शामिल हुए चंद्रहार पाटिल
महाराष्ट्र के सांगली लोकसभा सीट से शिवसेना (यूबीटी) के टिकट पर चुनाव लड़ चुके पूर्व पहलवान चंद्रहार पाटिल ने सोमवार को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल होने का ऐलान किया। बता दें कि चंद्रहार पाटिल कांग्रेस के बागी उम्मीदवार विशाल पाटिल से चुनाव हार गए थे।
उन्होंने कहा, "मुझे सांगली में अकेले लड़ना पड़ा, क्योंकि महाविकास आघाड़ी और महायुति दोनों ने मेरा विरोध किया। मुझे सिर्फ 60,000 वोट मिले, लेकिन अगर सही समर्थन मिला तो मैं इन्हें 6 लाख वोटों में बदल सकता हूं। उन्होंने एकनाथ शिंदे की तारीफ करते हुए कहा कि वे खेलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।
शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर साधा निशाना
वहीं दूसरी ओर मंच से बोलते हुए डिप्टी सीएम शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर तीखा हमला किया और कहा कि मैंने विरोधियों को ऐसे चित किया है कि वे आज तक उठ नहीं पाए हैं। मैं किसान का बेटा हूं और मेहनत से सीएम बना हूं, लेकिन कुछ लोगों को यह बात पच नहीं रही। सिर्फ बाघ की खाल पहन लेने से भेड़िया बाघ नहीं बन जाता।
हरिद्वार जा रहे व्यापारी की चलती ट्रेन पकड़ते समय गिरकर मौत
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के रहने वाले एक 55 वर्षीय व्यापारी की सोमवार को नासिक रोड स्टेशन पर चलती ट्रेन पकड़ने के दौरान गिरने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक हरेश खेमचंद उदासी अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ हरिद्वार जा रहे थे।
हरेश उदासी (निवासी उल्हासनगर) अपनी पत्नी, बेटे और 18 रिश्तेदारों के साथ कल्याण से सुबह 8:30 बजे हरिद्वार एक्सप्रेस में सवार हुए थे। ट्रेन करीब 11:10 बजे नासिक रोड स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर रुकी, जहां उदासी पानी की बोतल लेने के लिए नीचे उतरे।
थोड़ी देर बाद ट्रेन चलने लगी और उदासी उसे पकड़ने की कोशिश में असंतुलित होकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर पड़े। उनके सिर, हाथ और सीने में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत नासिक जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जान नहीं बच सकी।
रेलवे पुलिस ने हादसे का मामला दर्ज कर लिया है। यह हादसा उसी दिन हुआ जब मुम्ब्रा के पास दो ट्रेनें क्रॉस करते वक्त चार यात्रियों की गिरकर मौत हो गई और नौ घायल हो गए।
पुणे के वाघोली इलाके में एक 20 वर्षीय महिला ने अपने घर की दूसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने महिला के पति, सास, ससुर और अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
मामले में पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्वाति ने मार्च 2024 में सूरज पाठक से शादी की थी, लेकिन उसे दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। उत्पीड़न से तंग आकर स्वाति ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सूरज पाठक को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मुंबई एयरपोर्ट पर थाईलैंड से दुर्लभ जीवों की तस्करी करते व्यक्ति गिरफ्तार
मुंबई एयरपोर्ट पर सोमवार को एक व्यक्ति को थाईलैंड से दुर्लभ और संरक्षित वन्य जीवों की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया। कस्टम विभाग को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। जैसे ही आरोपी बैंकॉक से फ्लाइट से मुंबई पहुंचा, कस्टम अधिकारियों ने उसके बैग की जांच की। जांच में 80 इगुआना (जिनमें से 30 मरे हुए थे), 6 ल्यूसिस्टिक शुगर ग्लाइडर, 2 क्रेस्टेड फिंचबिल, एक-एक मृत फायर-टेल सनबर्ड और पर्पल थ्रोटेड सनबर्ड, 1 हनी बियर, 2 ब्राजीलियन चेरी हेड कछुए और दो अलग-अलग प्रजातियों की टारेंटुला मकड़ियां बरामद हुईं।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने पालघर में महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एमएसईडीसीएल) के एक अधिकारी को बकाया कम करने के लिए बकायेदार से कथित तौर पर 30,000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एसीबी ने कहा कि एक व्यक्ति का बिजली मीटर 2010 से बंद था, जिसके कारण उस पर 2,06,920 रुपये का बिल बकाया हो गया। समस्या के समाधान को लेकर व्यक्ति ने एमएसईडीसीएल कार्यालय से संपर्क किया।
एसीबी ने कहा कि पालघर जिले में एमएसईडीसीएल के कार्यकारी अभियंता कार्यालय में उप प्रबंधक के रूप में तैनात 57 वर्षीय आरोपी ने कथित तौर पर 35,000 रुपये की रिश्वत देने पर बकाया राशि को घटाकर 60,000 रुपये करने की पेशकश की थी। आरोपी ने सोमवार शाम को शिकायतकर्ता से 30,000 रुपये स्वीकार करने पर सहमति जताई। रिश्वत की रकम लेते समय उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मानिकपुर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
नवी मुंबई के खारघर में एक पाकिस्तानी नागरिक (45 वर्षीय) ने कथित तौर पर घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी (35 वर्षीय) की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। फिर खुद को भी गोली मार दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दंपति की पहचान नोतनदास उर्फ संजय सचदेव और उनकी पत्नी सपना नोतनदास के रूप में हुई है, जो भारत में दीर्घकालिक वीजा पर आए हुए थे। पुलिस उपायुक्त प्रशांत मोहिते ने बताया कि दंपति सोमवार को अपने किराए के फ्लैट में खून से लथपथ हालत में पाए गए। मोहिते ने बताया,मृतक महिला की बहन सोमवार को फ्लैट पर आई, क्योंकि सपना उसकी फोन कॉल का जवाब नहीं दे रही थी, जिसके बाद अपराध का पता चला। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने सपा को घटनास्थल पर ही मृत घोषि कर दिया, जबकि उसके पति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
महाराष्ट्र सरकार ने किसानों से 15 जून तक बुवाई रोकने की अपील की है, क्योंकि दक्षिण-पश्चिम मानसून इस महीने के दूसरे भाग में पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ भारी बारिश होने की संभावना है, इसलिए किसानों और मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में मौसम की स्थिति, फसल के लिए जल उपलब्धता और बांधों में जल संग्रह की समीक्षा की गई। कृषि विभाग के प्रधान सचिव विकासचंद्र रस्तोगी ने बताया कि मानसून 15 जून के बाद पूरे राज्य में सक्रिय होगा, इसलिए किसानों को जलवायु स्थिर होने तक बुवाई रोकने की सलाह दी गई है।
महाराष्ट्र के जालना जिले में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने के मामले में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई है। एक जांच समिति ने इस घोटाले में 74 सरकारी अधिकारियों को दोषी पाया है। यह घोटाला अंबड और घनसावंगी तहसीलों में हुआ, जिसमें कुल 34.97 करोड़ रुपये की हेराफेरी की गई है। यह जानकारी जिला कलेक्टर डॉ. श्रीकृष्ण पंचाल ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
कलेक्टर ने बताया कि यह घोटाला वर्ष 2022 से 2024 के बीच किसानों को दी गई मुआवज़ा राशि के वितरण के दौरान सामने आया। जांच के दौरान यह पता चला कि कई फर्जी लाभार्थियों के नाम पर भुगतान किया गया। सरकारी लॉगिन आईडी का दुरुपयोग हुआ, दस्तावेजों में हेरफेर की गई और कई लोगों को एक से अधिक बार भुगतान किया गया। फिलहाल 5.76 करोड़ रुपये की राशि दोषी अधिकारियों से वसूल की जा चुकी है। समिति ने अब तक 1.19 लाख लाभार्थियों का सत्यापन किया है। जिले की बाकी छह तहसीलों में भी जांच जारी है, जिसे अगले एक महीने में पूरा करने की उम्मीद है।