सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates businessman death Pune hotel Sunil Tatkare Meet Pawar Mumbai Nagpur Crime other Hindi News

Maharashtra: भतीजे अजित के करीबी रहे सुनील तटकरे ने शरद पवार से की मुलाकात; पुणे में कारोबारी की संदिग्ध मौत

न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: Jyoti Bhaskar Updated Wed, 13 May 2026 09:03 AM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates businessman death Pune hotel Sunil Tatkare Meet Pawar Mumbai Nagpur Crime other Hindi News
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शरद पवार के दिवंगत भतीजे अजित पवार के खास रहे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता सुनील तटकरे ने उनके चाचा से मुलाकात की। अजित की बगावत के बाद दो-फाड़ हुई पार्टी के अलग धड़े- एनसीपी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार से मंगलवार को मिलने पहुंचे तटकरे ने मुलाकात को गैर-राजनीतिक बताया। दक्षिण मुंबई स्थित आवास पर मुलाकात करने पहुंचे तटकरे ने पत्रकारों को बताया कि वह पवार से उनके अस्वस्थ होने के कारण मिलने आए थे। उन्होंने कहा कि यह केवल पवार का हालचाल जानने की यात्रा थी, कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई। तटकरे गुवाहाटी से मुंबई आए थे, जहां उन्होंने हिमंत बिस्वा सरमा के मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण में भाग लिया था। अजित पवार का निधन इसी वर्ष 28 जनवरी को बारामती में विमान दुर्घटना में हुआ था। इसके बाद तटकरे पहली बार पवार से भेंट करने पहुंचे। खास बात ये भी है कि इस मुलाकात से पहले सुनेत्रा पवार ने अपने बेटों- पार्थ और जय पवार को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति में शामिल करने का एलान किया। शरद पवार ने 1999 में एनसीपी नाम से पार्टी बनाई थी। जुलाई 2023 में अजित पवार समेत कई विधायकों ने बगावत कर भाजपा के समर्थन वाली महायुति सरकार का दामन थाम लिया था। अब विभाजन के करीब तीन साल बाद खाई पाटे जाने की कवायद की अटकलें लग रही हैं। शरद पवार ने एनसीपी (एसपी) और एनसीपी के विलय प्रक्रिया में बाधा आने की बात कही थी।

Trending Videos

होटल में व्यवसायी का शव बरामद, आत्महत्या की आशंका
पुणे के एक होटल में 61 वर्षीय व्यवसायी अशोक जैन को मृत पाया गया। पुलिस आत्महत्या का संदेह जाहिर कर रही है। शव रविवार, 10 मई को डेक्कन जिमखाना के होटल में मिला। शव के पास से बरामद एक नोट में वित्तीय व व्यक्तिगत समस्याओं का जिक्र है। जैन बीते 9 मई से लापता थे। प्रारंभिक जांच में जहरीला पदार्थ खाने से मौत का संकेत मिला है। पुलिस इस संदिग्ध मौत के मामले में हर एंगल से जांच कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

जेजे अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर ने अवसाद के चलते की आत्महत्या
मुंबई के जेजे अस्पताल के एक 26 वर्षीय रेजिडेंट डॉक्टर ने मंगलवार को आत्महत्या कर ली। उन्होंने मध्य मुंबई स्थित अपने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाई। पुलिस अधिकारी के अनुसार, वह अवसाद से जूझ रहे थे। मृतक अभय सिंह मोरे पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव और अवसाद से पीड़ित थे। उनका इलाज भी चल रहा था। मोरे धाराशिव जिले के दसेमगांव गांव के मूल निवासी थे। वह रेडियोलॉजी विभाग में कार्यरत थे और फरवरी में इस अस्पताल में शामिल हुए थे। मंगलवार सुबह काम पर न पहुंचने पर सहकर्मियों को संदेह हुआ और वे हॉस्टल गए। उन्होंने मोरे को कमरे में लटका हुआ पाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।

अशोक खरात मामले में रूपाली चाकणकर को ईडी का समन
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 'भोंदू बाबा' अशोक खरात से जुड़े मामले में रूपाली चाकणकर को समन जारी किया है। जांच एजेंसी ने चाकणकर को पूछताछ के लिए इसी हफ्ते अपने दफ्तर में पेश होने का निर्देश दिया है। ईडी इस मामले में गहराई से जांच कर रही है। इससे पहले एजेंसी ने इसी केस के सिलसिले में रूपाली चाकणकर की बहन से भी सवाल-जवाब किए थे। अब ईडी चाकणकर से पूछताछ कर मामले की कड़ियों को जोड़ना चाहती है।

MD ड्रग्स मामले में सलीम डोला को पुलिस ने किया गिरफ्तार
मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट 7 ने दाऊद इब्राहिम के कथित सहयोगी सलीम डोला को हिरासत में ले लिया है। यह कार्रवाई साल 2024 के सांगली एमडी ड्रग्स मामले के संबंध में हुई है। इस मामले में पुलिस ने 253 करोड़ रुपये कीमत की 122 किलो एमडी ड्रग्स जब्त की थी। जांच अधिकारियों का कहना है कि सलीम डोला इस नशीले पदार्थों के नेटवर्क के लिए पैसों का इंतजाम करता था। वह पूरे नेटवर्क की निगरानी भी करता था। मुंबई क्राइम ब्रांच के अनुसार, उसे आगे की कार्यवाही के लिए अदालत में पेश किया जाएगा।

पालघर में आरटीआई एक्टिविस्ट की हत्या, राजस्व अधिकारी पर जानलेवा हमला
महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक आरटीआई एक्टिविस्ट की हत्या और राजस्व अधिकारी पर हमले के मामले में पुलिस ने 50 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह घटना मंगलवार दोपहर विरार के शिरगांव इलाके में एक खदान के पास हुई। मंडल अधिकारी प्रभाकर पाटिल और आरटीआई एक्टिविस्ट आत्माराम पाटिल (45) सरकारी काम से शिरगांव गए थे। वहां कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। हमलावरों ने उन पर लाठियों और पत्थरों से हमला किया और अधिकारी की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। इस हमले में आत्माराम पाटिल की मौत हो गई, जबकि प्रभाकर पाटिल गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।

इस घटना के बाद शिरगांव में तनाव फैल गया, जिसे देखते हुए वहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस हमले में कुल पांच लोग शामिल थे। एक आरोपी को मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि बाकी चार संदिग्धों की तलाश जारी है। विरार पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस जमीन विवाद, खनन से जुड़े मुद्दों और सरकारी काम में बाधा जैसे सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

ठाणे में महिला व्यापारी से 45 लाख की ठगी, तीन पर केस दर्ज
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक महिला कपड़ा व्यापारी से लगभग 45 लाख रुपये की ठगी हुई है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों ने पिछले कुछ महीनों में कल्याण स्थित महिला की कंपनी से 87,67,492 रुपये का कच्चा माल खरीदा था। शुरुआत में आरोपियों ने महिला का भरोसा जीता और 42,72,834 रुपये का भुगतान भी किया। लेकिन जब महिला ने बाकी बचे 44,94,658 रुपये मांगे, तो आरोपी टालमटोल करने लगे। उन्होंने पैसे देने से साफ मना कर दिया और झूठे बहाने बनाए।

खड़कपाड़ा पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर सोमवार को मामला दर्ज किया गया। आरोपियों में से दो ठाणे के रहने वाले हैं और एक राजस्थान के जयपुर का है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात का केस दर्ज किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed