सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Maharashtra ›   Maharashtra Updates Jalgaon Lynching Thane Mumbai Palghar Pune Education Politics Crime and other Hindi News

Maharashtra Updates: ऑपरेशन सिंदूर के सम्मान में बजेगा बॉम्बे सैपर्स; ठाणे में कैफे में आग, 35 लोगों को निकाला

न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Thu, 14 Aug 2025 09:28 AM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Jalgaon Lynching Thane Mumbai Palghar Pune Education Politics Crime and other Hindi News
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

पुणे में एक विशेष स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के तहत बॉम्बे सैपर्स सैन्य बैंड ऑपरेशन सिंदूर और भारतीय सशस्त्र बलों के साहस के सम्मान में बजेगा। रक्षा विभाग ने कहा कि शनिवार वाड़ा की प्रतीकात्मक पृष्ठभूमि में बॉम्बे सैपर्स का प्रदर्शन धुनों के माध्यम से वीरों को श्रद्धांजलि' है। इसमें  देशभक्ति की धुनों के साथ औपचारिक भव्यता का मिश्रण होगा।  यह अनूठी संगीतमय शाम ऑपरेशन सिंदूर की वीरतापूर्ण भावना और भारतीय सशस्त्र बलों के अटूट साहस का सम्मान करेगी। विज्ञप्ति में कहा गया कि ये प्रदर्शन महज संगीत कार्यक्रम नहीं हैं, बल्कि ये सैनिकों की ओर से उन लोगों को हार्दिक सलामी हैं जिनकी वे रक्षा करते हैं। साथ ही वर्दी और राष्ट्र के बीच के बंधन को मजबूत करते हैं।

Trending Videos


ठाणे में कैफे में लगी आग, 35 लोगों को निकाला गया
ठाणे शहर में एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में स्थित कैफे में गुरुवार सुबह आग लग गई। इसके बाद 35 लोगों को इमारत से बाहर निकाला गया। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग कलवा (पश्चिम) के खारेगांव में छह मंजिला इमारत के भूतल पर स्थित पारसिक कैफे में लगी आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ को घटना के बारे में सुबह 4.58 बजे कैफे के मालिक से सूचना मिली। कैफे 1,000 वर्ग फुट में बना है और कलवा इलाके के पारसिक नगर में चंद्रभागा पार्क परिसर में स्थित है। सुरक्षा कारणों से चंद्रभागा पार्क बी विंग के सभी निवासियों को अग्निशमन विभाग और आपदा प्रबंधन सेल कर्मियों की मदद से सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने बताया कि आग से कैफे के अंदर काफी नुकसान हुआ तथा मेज, कुर्सियां, ग्रेट, फ्रिज, अलमारियां और अन्य रसोई सामग्री नष्ट हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन


जलगांव में युवक की मॉब लिंचिंग, चार आरोपी गिरफ्तार
महाराष्ट्र के जलगांव जिले में एक युवक की हत्या के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बुधवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक महेश्वर रेड्डी ने बताया कि कि चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पांच अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मॉब लिंचिंग, अपहरण और दंगा भड़काने का मामला दर्ज किया गया है। सोमवार को सुलेमान खान नाम के एक युवक की कुछ लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। जामनेर पुलिस स्टेशन के पास एक कैफे से 10 से 15 लोगों ने सुलेमान का अपहरण कर लिया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उस समय सुलेमान दूसरे समुदाय की 17 साल की एक लड़की के साथ था। भीड़ ने युवक को घसीटकर उसके साथ मारपीट की और फिर उसे उसके घर के दरवाजे पर फेंक दिया। आरोपियों ने युवक के माता-पिता और बहन पर भी हमला किया और मौके से फरार हो गए। सुलेमान को बाद में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सुलेमान के परिवार ने आरोपियों पर मकोका के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है। एआईएमआईएम के पूर्व सांसद इम्तियाज जलील ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

दूषित पानी पीकर चंद्रपुर में आदिवासी स्कूल के 80 छात्र बीमार
राज्य की एक अन्य अहम खबर चंद्रपुर जिले से आई। यहां दूषित पानी के बाद एक आदिवासी स्कूल के 70 से 80 छात्र बीमार पड़ गए। अधिकारियों के मुताबिक, दूषित पानी पीने के बाद बच्चों ने उल्टी और चक्कर आने की शिकायत की। इनमें से आठ छात्रों को गंभीर हालत में चिमूर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में छह छात्रों को छुट्टी दे दी गई, जबकि दो का इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर पानी के स्रोत की जांच की। विभाग ने पंचायत समिति को स्कूल का जलस्रोत बदलने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मामले की विस्तृत जांच चल रही है।

गणेशोत्सव में दिखेगी भारतीय सेना के 'ऑपरेशन सिंदूर' और 'स्वदेशी' की झलक

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में इस बार गणेशोत्सव में 'ऑपरेशन सिंदूर' और 'स्वदेशी' की झलक दिखाई देगी। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने गणेशोत्सव मंडलों को गणेशोत्सव में ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से दुनिया को दिखाई गई भारतीय सेना के शौर्य और स्वदेशी उत्पादों के बारे में लोगों को जागरूक करना चाहिए। बुधवार को फडणवीस ने गणेशोत्सव मंडलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की जिसमें गणेशोत्सव की झांकी, कानून-व्यवस्था और प्रतिमाओं के विसर्जन सहित तमाम मुद्दों पर चर्चा की गई। महाराष्ट्र सरकार ने गणेशोत्सव को राजकीय उत्सव का दर्जा दिया है। इसलिए राज्य सरकार ने गणेशोत्सव मनाने के लिए व्यापक योजना तैयार की है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने सरकारी अतिथि गृह- सह्याद्री में सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों से प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करके इस गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही, यह आशा भी व्यक्त की कि 'ऑपरेशन सिंदूर' पर आधारित दृश्य जवानों को समर्पित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि गणेशोत्सव के दौरान गणेश भक्तों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि गणेशोत्सव के दौरान ईद-ए-मिलाद त्योहार भी पड़ता है। इसलिए उत्सव मनाते समय कानून-व्यवस्था का ध्यान रखा जाना चाहिए। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री अजित पवार, कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, गृह राज्य मंत्री (ग्रामीण) डॉ. पंकज भोयर, गृह राज्य मंत्री (शहरी) योगेश कदम, मुख्य सचिव राजेश कुमार उपस्थित थे।

मुंबई को आजादी के दिन मिलेगा नया तोहफा: खोला जाएगा मरीन लाइंस से वर्ली तक 5.25 किमी लंबा नया समुद्री किनारा
मुंबईवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को मुंबई को एक नया और खूबसूरत समुद्री किनारा मिलने जा रहा है। मरीन लाइंस से वर्ली तक फैले इस 5.25 किमी लंबे सी-फेस को आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। यह इलाका मुंबई कोस्टल रोड प्रोजेक्ट का हिस्सा है और दक्षिण मुंबई में मरीन ड्राइव के बाद पहली बड़ी समुद्री सार्वजनिक जगह है, जिसे लगभग 90 साल बाद तैयार किया गया है।

वसई-विरार के पूर्व नगर निगम प्रमुख गिरफ्तार
मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को अवैध इमारतों से जुड़े धन शोधन के एक मामले में वसई-विरार के पूर्व नगर आयुक्त अनिल पवार और दो बिल्डरों सहित तीन अन्य को गिरफ्तार किया। ईडी के एक अधिकारी ने बताया कि पवार को मुंबई के बाहरी इलाके में स्थित ट्विन सिटी वसई-विरार में 41 अवैध इमारतों के निर्माण से जुड़े धन शोधन में उनकी भूमिका सामने आने के बाद गिरफ्तार किया गया है। 

महाराष्ट्र विशेष जन सुरक्षा विधेयक अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचल देगा: पवार
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (सपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने गुरुवार को कहा कि महाराष्ट्र विशेष जन सुरक्षा विधेयक लोगों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचल देगा। वह महाराष्ट्र विधानमंडल के मानसून सत्र में दोनों सदनों द्वारा पारित विधेयक का विरोध करने के लिए आयोजित एक सम्मेलन में बोल रहे थे। शरद पवार ने स्वीकार किया कि जब पिछले महीने भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने विधानसभा में यह विधेयक पहली बार पेश किया था, तब इसका प्रभावी ढंग से विरोध नहीं किया गया था, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि विधान परिषद में आवश्यक सुधार किया गया था।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि "प्रतिगामी ताकतें" न्यायपालिका में घुसपैठ कर रही हैं। वहीं शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने इस अवसर पर कहा कि महाराष्ट्र विशेष जन सुरक्षा विधेयक में राजद्रोह का कोई संदर्भ नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा कोई संदर्भ होता, तो उनकी पार्टी इसका समर्थन करती।

नासिक में सुखोई की आवाज से घरों की खिड़कियां टूटीं, दहशत
महाराष्ट्र के नासिक के डिंडोरी इलाके में बृहस्पतिवार सुबह लोगों को विस्फोट जैसी आवाज सुनाई दी। इससे इलाके में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह 11:20 बजे 25 किलोमीटर के दायरे में सुनाई देने वाली इस आवाज से कुछ घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। हालांकि, बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह आवाज सुखोई लड़ाकू विमान से आई थी।

पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने कहा, इस मुद्दे पर हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के अधिकारियों के साथ चर्चा कर विस्तृत जानकारी ली गई। यह आवाज सुखोई लड़ाकू विमान के चलने से आई थी। नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है। कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। डिंडोरी के तहसीलदार मुकेश कांबले ने बताया कि इलाके के सभी तलाठियों को घटना में संपत्ति के नुकसान की जांच करने को कहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed